फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Automobile Update: ऑटोमोबाइल जगत के लिए कैसा रहा जून का बीता हफ्ता, जानें कितने वाहन हुए पेश

Mon, 12 Jun 2023 09:21 AM IST
समीर गोयल ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

ऑटो जगत के लिए जून का बीता हफ्ता काफी खास रहा। इस बीच कई नई कार और बाइक लॉन्च हुईं तो कई नई कारों और बाइक्स की जानकारी सामने आईं। बीते हफ्ते क्या खास रहा। आइए जानते हैं।

विज्ञापन
1 of 20
For Reference Only - फोटो : maruti suzuki

जून का बीता हफ्ता ऑटोमोबाइल जगत के लिए काफी कुछ नया लेकर आया। इस दौरान कई नए वाहनों को भी पेश किया गया। इसके अलावा कुछ कंपनियों ने भविष्य की तैयारियों की जानकारी को साझा किया। हम इस खबर में आपको पांच जून से 11 जून के बीच ऑटोमोबाइल जगत की कुछ जानकारियों को साझा कर रहे हैं।

विज्ञापन

जून में ह्यूंदै की कारों पर मिल रहा तगड़ा डिस्काउंट

2 of 20
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : hyundai
साउथ कोरियाई कार कंपनी ह्यूंदै की ओर से जून महीने में कई कारों पर आकर्षक डिस्काउंट ऑफर किए जा रहे हैं। ग्रैंड नियोस आई-10 पर 38 हजार रुपये, आई-20 पर भी जून महीने में अधिकतम 20 हजार रुपये, ऑरा पर 33 हजार रुपये, अल्काजार पर 20 हजार रुपये का डिस्काउंट मिल रहा है। वहीं वर्ना, वेन्यू, क्रेटा, आयोनिक-5 जैसी कारों पर कोई ऑफर या डिस्काउंट नहीं दिया जा रहा है।
विज्ञापन

बजाज के इलेक्ट्रिक स्कूटर के भी बढ़े दाम

3 of 20
For Reference Only - फोटो : bajaj auto
बजाज ऑटो के इलेक्ट्रिक ब्रॉन्ड चेतक की भी कीमत में बढ़ोतरी हो गई है। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर इसकी जानकारी दी गई है। कंपनी ने दाम में बढ़ोतरी करते हुए नई कीमत को वेबसाइट पर अपडेट कर दिया है। कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक अब चेतक इलेक्ट्रिक स्कूटर की कीमत में 22 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी कंपनी की ओर से की गई है। बजाज ऑटो के इलेक्ट्रिक स्कूटर चेतक की नई कीमत 1.44 लाख रुपये हो गई है। दाम में बढ़ोतरी से पहले इस स्कूटर की कीमत 1.22 लाख रुपये थी। अब दिल्ली में इस स्कूटर को 144398 रुपये में खरीदा जा सकेगा।

जून में खरीदें रेनो की कार, मिल रहा डिस्काउंट

4 of 20
For Reference Only - फोटो : renault india
रेनो की छोटी हैचबैक और भारत में काफी पसंद की जाने वाली कार क्विड पर जून 2023 में अधिकतम 57 हजार रुपये के ऑफर मिल रहे हैं। कंपनी की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक साल 2022 के दौरान बनी क्विड पर कंपनी 57 हजार रुपये के ऑफर्स दे रही है। क्विड के बीएस-6 के दूसरे चरण वाले वैरिएंट्स पर कंपनी अप्रैल महीने में 57 हजार रुपये का अधिकतम ऑफर दे रही है। साल 2022 के दौरान बनी ट्राइबर पर कंपनी 62 हजार रुपये के ऑफर्स दे रही है। ट्राइबर के बीएस-6 के दूसरे चरण वाले वैरिएंट्स पर कंपनी जून महीने में 45 हजार रुपये का अधिकतम ऑफर दे रही है। रेनो की इकलौती कॉम्पैक्ट एसयूवी काइगर पर कंपनी की ओर से जून महीने में अधिकतम 67 हजार रुपये का डिस्काउंट दिया जा रहा है।
विज्ञापन

लॉन्च हुई मारुति की नई एसयूवी जिम्नी

5 of 20
For Reference Only - फोटो : maruti suzuki
लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मारुति की ओर से जिम्नी को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया गया है। कंपनी की ओर से जिम्नी को कुल दो वैरिएंट में लॉन्च किया गया है। इसके साथ ही यह एसयूवी फोर व्हील ड्राइव के साथ आएगी। जिम्नी की शुरूआती एक्स शोरुम कीमत 12.75 लाख रुपये रखी गई है। यह कीमत इसके मैनुअल जेटा वैरिएंट की है। इसमें जेटा ऑटोमैटिक की एक्स शोरुम कीमत 13.94 लाख रुपये है। वहीं इसके टॉप वैरिएंट एल्फा के मैनुअल वैरिएंट की कीमत 13.69लाख रुपये और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन वाले एल्फा वैरिएंट की एक्स शोरुम कीमत 14.89 लाख रुपये है। यह कीमतें इसके सिंगल टोन वैरिएंट्स की हैं। वहीं ड्यूल वैरिएंट की एक्स शोरुम कीमत 13.85 और 15.05 लाख रुपये है। एसयूवी को सिर्फ दो वैरिएंट्स और चार ट्रांसमिशन के विकल्प में ऑफर किया जा रहा है।
विज्ञापन

टेस्ला को केंद्र सरकार से नहीं मिलेगी खास राहत

6 of 20
For Reference Only - फोटो : सोशल मीडिया
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक कार कंपनी को केंद्र सरकार की ओर से ज्यादा छूट नहीं दी जाएगी। वहीं राज्य सरकारों को इस बात की छूट मिल सकती है कि वह अपने मुताबिक छूट दे सकें। मई महीने में ही टेस्ला के वरिष्ठ अधिकारी भारत दौरे पर आए थे। इस दौरान उनकी पीएमओ सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा भी हुई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक आधिकारिक सूत्र ने बताया है कि हमने अपने स्तर पर ही इस बात को साफ कर दिया था कि आयात हमारी वरीयता में नहीं है। जिसके बाद कंपनी आपूर्ति श्रृंखला को लेकर चर्चा कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अधिकारी ने बताया है कि सरकार फिलहाल किसी तरह की भी छूट देने के बारे में नहीं सोच रही है। वहीं राज्यों का मामला अलग है। वह एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं और ज्यादा छूट भी दे सकते हैं।
विज्ञापन

मर्सिडीज ने लॉन्च की बेहतरीन एसयूवी जी400डी

7 of 20
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : Mercedes benz
मर्सिडीज की ओर से भारतीय बाजार में नई एसयूवी जी400डी एडवेंचर एडिशन और एएमजी लाइन को लॉन्च किया गया है। खास बात यह है कि इस एसयूवी को डीजल इंजन के साथ लॉन्च किया गया है। कंपनी की ओर से इस एसयूवी को ओएम 656 इंजन के साथ पेश किया गया है। कंपनी का दावा है कि यह उनका अब तक का सबसे ज्यादा ताकतवर डीजल इंजन है। इस इंजन से एसयूवी को 243 किलोवॉट की पावर के साथ 700 न्यूटन मीटर का टॉर्क मिलता है। इसकी टॉप स्पीड 210 किलोमीटर प्रति घंटा है और यह एसयूवी जीरो से 100 किलोमीटर की रफ्तार को सिर्फ 6.4 सेकेंड में हासिल कर लेती है। एसयूवी को भारतीय बाजार में 2.37 करोड़ रुपये की एक्स शोरुम कीमत पर लॉन्च किया गया है। लेकिन कस्टमाइजेशन के मुताबिक कीमत ज्यादा भी हो सकती है। ग्राहक एसयूवी को 1.5 लाख रुपये में बुक कर सकते हैं और इस साल के चौथे र्क्वाटर में इसकी डिलीवरी शुरू होने की उम्मीद है।

फॉक्सवैगन लाई इन कारों के नए एडिशन

8 of 20
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : volkswagon india
फॉक्सवैगन की ओर से भारतीय बाजार में सेडान कार वर्टुस और एसयूवी ताइगुन के खास एडिशन को लॉन्च किया गया है। कंपनी ने इस एडिशन को जीटी एज लिमिटेड एडिशन का नाम दिया है। इसके साथ ही कुछ अन्य वैरिएंट्स और उनकी कीमतों का भी एलान किया गया है। वर्टुस के जीटी प्लस वैरिएंट की एक्स शोरुम कीमत 16.89 लाख रुपये रखी गई है। वहीं ताइगुन के जीटी डीएसजी वैरिएंट की कीमत 16.79 लाख रुपये और जीटी प्लस मैनुअल की कीमत 17.79 लाख रुपये तय की गई है। कंपनी की वेबसाइट पर इन्हें बुक किया जा सकता है और इनकी डिलीवरी की शुरूआत जुलाई 2023 के बाद होगी।

मई में कितनी हुई इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री

9 of 20
Citroen eC3 Electric Car - फोटो : Citroen India
टाटा मोटर्स ने मई 2023 में कुल 5822 यूनिट्स इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री की। एमजी मोटर्स ने भी मई 2023 में कुल 437 यूनिट्स जेड एस ईवी और कॉमेट की बिक्री की। महिंद्रा इलेक्ट्रिक की ओर से भी एक्सयूवी 400 की मई में कुल 363 यूनिट्स की बिक्री हुई। फ्रेंच कार निर्माता सिट्रॉएन ने ईसी3 की मई 2023 में कुल 308 यूनिट्स की बिक्री की। ह्यूंदै ने भी आयोनिक5 और कोना इलेक्ट्रिक एसयूवी की 163 यूनिट्स की बिक्री मई में की। ह्यूंदै के बाद बीवाईडी, बीएमडब्ल्यू, किआ, वोल्वो और मर्सिडीज की इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री हुई।

मारुति पर बेहतरीन डिस्काउंट

10 of 20
For Reference Only - फोटो : maruti suzuki
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता मारुति की ओर से एरिना डीलरशिप की कारों पर आकर्षक डिस्काउंट और ऑफर्स दिए जा रहे हैं। मारुति वैगन आर के सभी मैनुअल वैरिएंट्स पर कंपनी की ओर से जून महीने में 61 हजार रुपये के डिस्काउंट दिए जा रहे हैं। मारुति की एस प्रेसो पर भी जून में 61 हजार रुपये का डिस्काउंट मिल रहा है। यह डिस्काउंट मैनुअल ट्रांसमिशन पर दिया जा रहा है। कंपनी की एक और हैचबैक कार सेलेरियो पर भी जून महीने में हजारों रुपये बचा सकते हैं। कंपनी इस कार पर जून में 61 हजार रुपये का डिस्काउंट दे रही है। मारुति स्विफ्ट पर भी जून महीने में मैनुअल ट्रांसमिशन पर 52 हजार रुपये का डिस्काउंट मिल रहा है। लेकिन इसके एलएक्सआई वैरिएंट पर 47 हजार रुपये का डिस्काउंट दिया जा रहा है। कॉम्पैक्ट सेडान कार डिजायर पर भी जून महीने में 17 हजार रुपये के डिस्काउंट दिए जा रहे हैं। वहीं इसके सीएनजी वैरिएंट को खरीदने पर किसी भी तरह का डिस्काउंट या ऑफर नहीं दिया जा रहा है। मारुति ईको पर भी जून महीने में 39 हजार रुपये बचाए जा सकते हैं। ईको के सीएनजी वैरिएंट पर 37100 रुपये का डिस्काउंट मिल रहा है। ऑल्टो के-10 पर भी जून महीने में सभी मैनुअल वैरिएंट्स पर 57 हजार रुपये का डिस्काउंट मिल रहा है। ऑटोमैटिक वर्जन पर 32 हजार और सीएनजी वैरिएंट पर 47 हजार रुपये तक बचाए जा सकते हैं।

मारुति ने लॉन्च की एंट्री लेवल कमर्शियल हैचबैक कार

11 of 20
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : maruti suzuki
मारुति की ओर से कमर्शियल सेगमेंट में नई एंट्री लेवल हैचबैक को लॉन्च किया गया है। इस हैचबैक को ऑल्टो के-10 पर आधारित रखा गया है। नई कार को दो वैरिएंट्स में लॉन्च किया गया है। मारुति की नई टूर एच1 में ड्यूल एयरबैग्स, फ्रंट सीट बैल्ट के साथ प्री-टेंशनर, फोर्स लिमिटर, सीट बेल्ट रिमाइंडर, इंजन इमोबिलाइजर, एबीएस, ईबीडी, स्पीड लिमिटिंग सिस्टम, रिवर्स पार्किंग सेंसर जैसे सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। कंपनी की ओर से एंट्री लेवल कमर्शियल हैचबैक को पेट्रोल और सीएनजी वैरिएंट में लाया गया है। सीएनजी में इस कार को 34.46 किलोमीटर तक चलाया जा सकता है और एक लीटर पेट्रोल में यह कार 24.60 किलोमीटर तक चलती है। कार में 27 लीटर का पेट्रोल टैंक और 55 लीटर का सीएनजी टैंक दिया गया है। मारुति की ओर से इसे दो वैरिएंट में लॉन्च किया गया है। जिसमें से पहला वैरिएंट पेट्रोल और दूसरा वैरिएंट सीएनजी के साथ मिलता है। पेट्रोल इंजन वाली टूर एच1 की एक्स शोरुम कीमत 4.80 लाख रुपये रखी गई है और सीएनजी वाली टूर एच1 को 5.70 लाख रुपये की एक्स शोरुम कीमत पर खरीदा जा सकता है।

महिंद्रा की थार पर जून में मिल रहा शानदार ऑफर

12 of 20
For Reference Only - फोटो : mahindra auto
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महिंद्रा थार पर जून में 65 हजार रुपये का डिस्काउंट मिल रहा है। जानकारी के मुताबिक थार के एलएक्स के 4x4 ऑटोमैटिक वैरिएंट पर जून में ऑफर मिल रहा है। इस एसयूवी पर 40 हजार रुपये का कैश और 25 हजार रुपये का एक्सचेंज बोनस मिल रहा है। महिंद्रा की दूसरी एसयूवी स्कॉर्पियो एन और एक्सयूवी700 पर इस महीने कोई डिस्काउंट नहीं मिल रहा। थार के लिए पिछले महीने करीब 58 हजार बुकिंग महिंद्रा को मिल चुकी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एसयूवी पर करीब 17 महीने की वेटिंग भी चल रही है।

भारतीयों को कार फाइनेंस करवाना पसंद

13 of 20
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
एक निजी संस्था की ओर से यह जानकारी दी गई है कि हर पांच में से तीन भारतीयों को कार फाइनेंस करवाना पसंद है। देश के दूसरे और तीसरे स्तर के शहरों में भी 75 फीसदी उपभोक्ता कार फाइनेंस करवाने का विकल्प चुनते हैं। इसके साथ ही कार फाइनेंस करवाने के लिए औसतन 10500 से लेकर 11500 रुपये तक की ईएमआई का विकल्प सबसे ज्यादा चुना जाता है। हैचबैक मॉडल्स पर सबसे ज्यादा फाइनेंस किया जाता है।

इस शहर में जुलाई से नहीं खरीद सकेंगे तेल भराने वाले टू-व्हीलर्स

14 of 20
For Reference Only - फोटो : suzuki motorcycle
केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में इलेक्ट्रिक वाहनों के अपनाने को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन ने जुलाई से ईंधन आधारित (पेट्रोल) दोपहिया वाहनों का पंजीकरण बंद करने की अपनी योजना का एलान कर दिया है। इस बीच, दिसंबर 2023 से ईंधन आधारित (पेट्रोल-डीजल) कारों का पंजीकरण भी बंद कर दिया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि उसकी इलेक्ट्रिक वाहन नीति के तहत इंटरनल कंब्शन इंजन (आईसीई) (ICE) वाहनों की तय संख्या वित्त वर्ष 2023-24 के लिए इन समय-सीमाओं में पूरी हो जाएगी। चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक, 1 अप्रैल, 2023 से शहर में लगभग 4,032 ICE दोपहिया वाहनों का पंजीकरण किया जा चुका है। अब आने वाले हफ्तों में सिर्फ 2,170 यूनिट्स के पंजीकरण के लिए जगह बची है। यह संख्या जुलाई तक पूरी होने की उम्मीद है। चंडीगढ़ शहर में देश में सबसे ज्यादा व्हीकल डेंसिटी (वाहन घनत्व) है। इसके साथ ही चंडीगढ़ व्हीकल रजिस्ट्रेशन (वाहन पंजीकरण) पर इस तरह के प्रतिबंध का एलान करने वाला पहला भारतीय शहर बन गया है। प्रशासन ने हालांकि यह खुलासा नहीं किया है कि ICE वाहनों के मौजूदा इकोसिस्टम को सपोर्ट करने की उनकी क्या योजना है। इसमें डीलरशिप, बिक्री करने वाले कर्मचारी, व्हीकल इंवेंट्री और बहुत कुछ शामिल हैं।

ओला ने बंद किया एस1 एयर 2 kWh वैरिएंट

15 of 20
For Reference Only - फोटो : ola electric
ओला इलेक्ट्रिक ने इस साल की शुरुआत में एस वन एयर और एसवन इलेक्ट्रिक स्कूटर पर कई बैटरी विकल्पों का एलान किया था। कंपनी ने अब अपने एंट्री-लेवल इलेक्ट्रिक स्कूटर्स पर 2 kWh बैटरी ऑप्शन को चुपचाप बंद कर दिया है। इसके साथ, ओला एसवन एयर अब सिर्फ 3 kWh बैटरी पैक के साथ उपलब्ध होगा और इसकी कीमत 1.10 लाख रुपये है, जबकि पहले इसकी शुरुआती कीमत 84,999 रुपये (एक्स-शोरूम) थी। इसी तरह, एसवन अब सिर्फ 3 kWh बैटरी पैक के साथ पेश उपलब्ध होगा।

होंडा डियो एच-स्मार्ट में मिली नई स्मार्ट चाबी

16 of 20
Honda Dio - फोटो : Honda
होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया डियो को भी यही ट्रीटमेंट देने पर काम कर रही है। डियो एच-स्मार्ट की कीमत आधिकारिक तौर पर निर्माता की वेबसाइट पर लिस्ट कर दी गई है। डियो एच स्मार्ट की दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 77,712 रुपये होगी और यह डियो का नया टॉप-एंड वैरिएंट होगा। इसके अलावा होंडा ने मौजूदा डियो वैरिएंट की कीमतों में भी बढ़ोतरी की है। अब, स्कूटर STD OBD2 ट्रिम के लिए 70,211 रुपये से शुरू होता है जबकि DLX OBD2 वैरिएंट की कीमत 74,212 रुपये है। दोनों कीमतें एक्स-शोरूम, दिल्ली हैं। होंडा नए डियो के लिए बुकिंग पहले से ही शुरू कर चुकी है।

तीन इलेक्ट्रिक कारों की रीसेल वैल्यू है सबसे ज्यादा

17 of 20
2022 MG ZS EV - फोटो : MG Motor
इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री देश में लगातार बढ़ रही है। भारतीय इलेक्ट्रिक वाहन सेगमेंट में टाटा मोटर्स, ह्यूंदै और एमजी मोटर्स की कारों को सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है। इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने से पहले ग्राहकों को इनकी रीसेल वैल्यू की चिंता होती है। लेकिन एक रिपोर्ट के मुताबिक टाटा नेक्सन, ह्यूंदै कोना और एमजी जेड एस ईवी ऐसी एसयूवी हैं, जिनकी रीसेल वैल्यू सबसे ज्यादा है। अगर दिल्ली एनसीआर में रजिस्टर्ड इलेक्ट्रिक एसयूवी के तीन साल पूरे होने के बाद रीसेल वैल्यू देखी जाए तोइनमें टाटा मोटर्स की नेक्सन इलेक्ट्रिक की रीसेल वैल्यू 66 फीसदी है। इसके अलावा ह्यूंदै कोना की रीसेल वैल्यू 69 और एमजी जेड एस ईवी को रीसेल करने पर करीब 77 फीसदी की वैल्यू मिल सकती है।

होंडा ने दोपहिया वाहनों के लिए पेश किया एक्सटेंडेड वारंटी प्लस प्रोग्राम

18 of 20
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने अपने 250cc तक के मॉडलों के लिए एक्सटेंडेड वारंटी प्लस नाम का एक नया प्रोग्राम पेश किया है। इस प्रोग्राम के तहत कई अन्य बेनिफिट्स के साथ 10 साल तक की वारंटी कवरेज मिलती है। ईडब्ल्यू प्लस ग्राहक वाहन खरीद की तारीख से 91 दिनों से लेकर 9वें वर्ष तक की अवधि के भीतर विस्तारित वारंटी प्रोग्राम ले सकते हैं। यह प्रोग्राम न सिर्फ ग्राहकों को व्यापक 10 साल की वारंटी कवरेज देता है, बल्कि रिन्युअल ऑप्शन भी उपलब्ध कराता है, जो वाहन के मालिकाना हक बदलने की स्थिति में भी ट्रांसफर हो सकेगा। ईडब्ल्यू प्लस में इंजन कंपोनेंटं और अन्य जरूरी मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल पार्ट्स के लिए व्यापक कवरेज शामिल है। इस प्रोग्राम के तहत, होंडा ग्राहकों को तीन लचीले विकल्पों की पेशकश की जाती है - 7 साल की उम्र तक के वाहनों के लिए 3 साल की पॉलिसी, 8वें साल में वाहनों के लिए 2 साल की पॉलिसी और 9वें साल में वाहनों के लिए 1 साल की पॉलिसी। ये विकल्प सभी स्कूटर मॉडल के लिए 120,000 किलोमीटर तक और सभी मोटरसाइकिल मॉडल के लिए 130,000 किलोमीटर तक का कवरेज प्रदान करते हैं।

बजाज-ट्रायम्फ पहली मोटरसाइकिल की भारत में लॉन्च तारीख का एलान

19 of 20
Triumph Speed Twin 900 - फोटो : Triumph Motorcycles
देश की प्रमुख दोपहिया और तिपहिया वाहन निर्माता कंपनी बजाज और ब्रिटेन की प्रमुख दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी ट्रायम्फ मोटरसाइकिल्स के सहयोग से बनकर तैयार हुई पहली मोटरसाइकिल आखिरकार 5 जुलाई, 2023 को भारत में लॉन्च की जाएगी। आगामी पेशकश को ट्रायम्फ के रूप में बैज किया जाएगा और भारत में बजाज द्वारा बनाया जाएगा, जिससे यह प्रतिष्ठित ब्रिटिश मोटरसाइकिल निर्माता का सबसे किफायती मॉडल होगा। अटकलों और जासूसी तस्वीरों से पता चलता है कि ट्रायम्फ इस नए अध्याय की शुरुआत दो मोटरसाइकिलों के साथ कर रही है, जिनमें से एक रोडस्टर और एक स्क्रैम्बलर होगी। अभी यह साफ नहीं है कि बजाज-ट्रायम्फ लॉन्चिंग की तारीख पर सिर्फ एक बाइक पेश करेगी या दोनों बाइक उतारेगी। टीजर तस्वीर से सबसे सस्ती ट्रायम्फ मोटरसाइकिल के बारे में बहुत कम पता चलता है। हालांकि इस पेशकश पर रिब्ड सीट की झलक मिलती है।
विज्ञापन

होंडा ने पर्यावरण दिवस पर की यह घोषणा

20 of 20
2023 Honda Activa 125 - फोटो : Honda Motorcycle
होंडा मोटरसाइकिल ने पांच जून को पर्यावरण दिवस मनाते हुए घोषणा की है कि कंपनी प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए और इसके विकल्पों को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। कंपनी के सेल्स और मार्केटिंग के डायरेक्टर योगेश माथुर ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि प्लास्टिक पर्यावरण के लिए कितना गंभीर खतरा है। इसके उपयोग को रोकने के लिए सभी को जरूरी कदम उठाने चाहिए। एक जिम्मेदार कंपनी होने के नाते हम कोशिश कर रहे हैं कि हमारी फैक्ट्री और अन्य जगहों पर हम प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करें। साथ ही हम कोशिश कर रहे हैं कि प्लास्टिक के विकल्पों का ज्यादा से ज्यादा उपयोग किया जाए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें