यदि कोई कार खरीदता है तो उम्मीद करता है कि कार के साथ मिलने वाली सभी चीजें उसे मिलेंगी। सामान्य तौर पर वाहन निर्माता अपने नए वाहन के साथ दो चाबी देते हैं। लेकिन आजकल ह्यूंदै मोटर इंडिया अपने तीन मॉडल के साथ ग्राहकों को सिर्फ एक स्मार्ट चाबी दे रही है। Hyundai Creta (ह्यूंदै क्रेटा), Alcazar (अल्काजार) और i20 खरीदने पर कंपनी सिर्फ एक स्मार्ट चाबी ही दे रही है। कंपनी का कहना है कि वह ग्राहकों ने अपनी नई कार की दूसरी चाबी 6 महीने बाद देगी।
ये है वजह
दरअसल सेमिकंडक्टर चिप की कमी से पूरी दुनिया जूझ रही है। लेकिन यह अभी साफ नहीं है कि यह संकट मोटर वाहन उद्योग को कब तक प्रभावित करेगा। जानकारों का मानना है कि चिप की कमी 2023 और 2024 तक उद्योग जगत को प्रभावित करेगी। तब तक, वाहन निर्माता उत्पादन के लिए संघर्ष करते रहेंगे क्योंकि विभिन्न क्षेत्रों में गलाकाट प्रतियोगिता है।
बड़े पैमाने पर उत्पादन करने वाली अन्य ऑटोमोटिव कंपनी की तरह, ह्यूंदै भी चिप संकट से जूझ रही है। कमी को कम करने के लिए, ह्यूंदै ने कुछ उपाय किए हैं जिससे उसकी चिप पर निर्भरता कम हो जाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक ह्यूंदै सिर्फ एक स्मार्ट चाबी दे रही है। इसके साथ एक स्टैंडर्ड चाबी भी दे रही है जो इलेक्ट्रॉनिक्स के बिना काम करती है।
ह्यूंदै की इन 3 कारों में यह योजना लागू
ह्यूंदै का कहना है कि उसकी सभी कारों की मांग काफी ज्यादा है। ह्यूंदै अपनी सभी कारों को इस रणनीति के साथ ग्राहकों को सौंप रही है। यह ह्यूंदै को अपने ग्राहकों को सीमित कन्वीनियंस फीचर्स की पेशकश और किसी भी तरह की फीचर्स की पेशकश नहीं करने के बीच एक संतुलन बनाने में मदद कर रहा है। ह्यूंदै के इस कदम से प्रभावित होने वाले मॉडल हैं - क्रेटा ('एस' वैरिएंट और इससे ऊपर के वैरिएंट्स), अल्काजार (सभी वैरिएंट्स) आई20 (एस्टा और हायर वैरिएंट्स) और i20 N लाइन (सभी वैरिएंट्स) हैं।
दूसरी चाबी डीलर को भेजेगी
ह्यूंदै ने यह कदम सिर्फ अस्थायी तौर पर उठाया है और ह्यूंदै लगभग 6 महीनों के बाद ग्राहकों को दूसरी स्मार्ट चाबी भेजेगी। ह्यूंदै उन डीलरों को चाबी भेजेगी जो एक सर्विस टीम द्वारा या तो होम विजिट या वर्कशॉप विजिट के दौरान कार के साथ चाबी को प्रोग्राम करेंगे। इससे पहले टाटा मोटर्स ने भी इसी तरह की रणनीति लागू की है।