अगर आप नई कार खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो हैचबैक कार एक बेहतर विकल्प हो सकती है। बाजार में हैचबैक कार के ढेर सारे विकल्प मौजूद हैं। हैचबैक कार खरीदने का ये फायदा होता है कि ये कार साइज में छोटी होती है। ऐसे में इस कार को पार्किंग के लिए कम जगह चाहिए होती है। अगर आप हैचबैक कार की सेडान और एसयूवी के साथ तुलना करेंगे तो इस कार को सड़क पर चलने के लिए भी कम जगह चाहिए होती है। इसी वजह से ट्रैफिक जाम की स्थिति में ये कार चलाना काफी आसान और सुविधाजनक रहता है।
अगर आप ऐसी कार तलाश रहे हैं, जिससे आप रोजाना सफर कर सकें तो हैचबैक कार बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। हैचबैक कार में सेडान और एसयूवी के मुकाबले ज्यादा माइलेज मिलती है। ये तो आप जानते ही होंगे कि देश में अभी भी फ्यूल का दाम आसमान पर बना हुआ है। हैचबैक कार शानदार माइलेज देती है, इस वजह से वाहन चालक को पैसों की अच्छी बचत होती है।
हैचबैक कार खरीदने जा रहे हैं तो आपको बता दें कि इन कारों में पीछे वाली सीट को फोल्ड करके सामान ज्यादा रखा जा सकता है। ऐसे में अगर आप किसी लंबे सफर पर जा रहे हैं तो हैचबैक कार की बैकसीट को सामान रखने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। इस तरह से हैचबैक कार में बूट स्पेस आसानी से बढ़ाया जा सकता है।
कारों की सभी श्रेणियों में हैचबैक कार को दोबारा बेचने पर ज्यादा राशि मिलती है। इसके साथ ही हैचबैक कार को टैक्सी के लिए काफी अधिक और बड़े स्तर पर इस्तेमाल किया जा सकता है। इसी वजह से अधिकतर लोग हैचबैक कार लेना पसंद करते हैं। हालांकि, किसी भी फैसले पर पहुंचने से पहले एक बार ऑटो एक्सपर्ट से सलाह जरूर लेनी चाहिए।