Harley-Davidson (हार्ले-डेविडसन) ने Sportster S (स्पोर्टस्टर एस) को भारत में लॉन्च कर दिया है। अमेरिकी मोटरसाइकिल कंपनी की नई पेशकश की एक्स-शोरूम कीमत 15.51 लाख रुपये तय की गई है। Pan America 1250 (पैन अमेरिका 1250) के बाद आइकॉनिक अमेरिकी ब्रांड द्वारा इस साल यह दूसरा लॉन्च है। हार्ले-डेविडसन ने इस साल जुलाई में वैश्विक स्तर पर स्पोर्टस्टर एस को पेश किया था। अब, मोटरसाइकिल भारत में आ गई है। इसे हाल ही में इंडिया बाइक वीक 2021 में लॉन्च किया गया था। पैन अमेरिका के बाद ब्रांड की लाइनअप में यह दूसरी सबसे पावरफुल मोटरसाइकिल है।
कलर ऑप्शन
यह तीन रंगों में उपलब्ध है - विविड ब्लैक, स्टोन वॉश व्हाइट पर्ल और मिडनाइट क्रिमसन।
हीरो मोटोकॉर्प के हार्ले-डेविडसन बिजनेस यूनिट के प्रमुख रवि अवलूर ने कहा, "स्पोर्ट्सटर मॉडल वह नींव है जिस पर भारत में हार्ले-डेविडसन ब्रांड बनाया गया था। नए पैन अमेरिका 1250 के साथ, स्पोर्टस्टर एस हार्ले-डेविडसन उत्पाद पोर्टफोलियो को मजबूत करेगा। और भारतीय ग्राहकों के व्यापक स्पेक्ट्रम की जरूरतों को पूरा करेगा।"
इंजन और पावर
स्पोर्टस्टर एस में हार्ले-डेविडसन का रेवोल्यूशन मैक्स इंजन दिया गया है जिसे सबसे पहले Pan America 1250 (पैन अमेरिका 1250) बाइक में इस्तेमाल किया गया था। यह बाइक पहले से ही भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध है। यह एक 1,252cc, लिक्विड-कूल्ड, वी-ट्विन इंजन है जिसे स्पोर्टस्टर एस के लिए थोड़ा अलग तरीके से ट्यून किया गया है। इस मोटरसाइकिल में यह इंजन 119 BHP का पावर और 114 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है।
फीचर्स
Harley-Davidson Sportster S मोटरसाइकिल में ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के साथ 4 इंच के टीएफटी इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 6-एक्सिस आईएमयू, ट्रैक्शन कंट्रोल, कॉर्नरिंग एबीएस, राइड मोड, क्रूज कंट्रोल, टीएमपीएस और फुल-एलईडी लाइटिंग जैसे फीचर्स मिलते हैं।
सस्पेंशन और ब्रेकिंग
सस्पेंशन के लिए, हार्ले-डेविडसन ने फुल एडजस्टेबल यूएसडी फ्रंट फोर्क और पीछे की तरफ एक मोनो-शॉक दिया है। ब्रेकिंग के लिए ब्रेम्बो 4-पिस्टन रेडियल कैलिपर के साथ एक 320 मिमी फ्रंट रोटर और 2-पिस्टन ब्रेम्बो कैलिपर के साथ 260 मिमी रियर रोटर दिया गया है।