सरकार ने भाजपा द्वारा किए गए चुनावी वादे को पूरा करते हुए राजमार्गों (हाईवे) के किनारे लंबी दूरी के ट्रक चालकों के लिए लगभग 900 विश्राम केंद्र (रेस्ट सेंटर) उपलब्ध कराने की योजना शुरू करने की तैयारी कर ली है। पेट्रोल पंपों के किनारे और हाईवे एजेंसियों द्वारा विकसित किए जा रहे वेसाइड एमेनिटीज (डब्ल्यूएसए) पर स्थित विश्राम स्थलों में शयनगृह, खुद-कपड़े धोने की सुविधा और खाना पकाने के क्षेत्र होंगे। ये सभी बहुत ही किफायती कीमतों पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों ने बताया कि विश्राम स्थलों में 10-50 बिस्तरों वाले शयनगृह होंगे। जिनमें चालकों और सहायकों के लिए चिकित्सा सहायता सहित सभी सुविधाएं होंगी। इनमें से ज्यादातर सुविधाएं तेल विपणन कंपनियों द्वारा विकसित पेट्रोल पंपों के पास होंगी। राजमार्ग मंत्रालय द्वारा विकसित किए जा रहे डब्ल्यूएसए में लगभग 300 विश्राम स्थल शामिल होंगे। इन सभी विश्राम स्थलों के अगले 3-4 वर्षों में चालू होने की उम्मीद है।
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेट्रोलियम और सड़क परिवहन मंत्रालय द्वारा तैयार की गई योजना पर एक विस्तृत प्रस्तुति की समीक्षा की है। जिसे पीएमओ सहित विभिन्न स्तरों पर कई परामर्शों के बाद तैयार किया गया है। अच्छी और सस्ती आराम सुविधाओं की अनुपलब्धता के कारण लंबी दूरी के ड्राइवरों को ट्रक के केबिन में सोना पड़ता है और कभी-कभी सड़क के किनारे ही अपना खाना पकाना पड़ता है। नाकाफी आराम और थकान हाईवे पर सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण रहे हैं।
भाजपा ने अपने चुनाव घोषणापत्र में कहा था, "हम ट्रक ड्राइवरों के लिए एक नई योजना शुरू करेंगे जिसके तहत नेशनल हाईवे पर आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।"
इस साल की शुरुआत में, भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो में बोलते हुए पीएम मोदी ने एलान किया था कि नेशनल हाईवे नेटवर्क पर ड्राइवरों के लिए भोजन, साफ पीने का पानी, शौचालय, पार्किंग और आराम की सुविधाओं के साथ आधुनिक इमारतों को विकसित करने की नई योजना पर काम चल रहा है।
उन्होंने कहा, "ड्राइवर मोबिलिटी सेक्टर का एक बड़ा हिस्सा हैं, जो हमारे ट्रकों, टैक्सियों को चलाते हैं। वे लंबे समय तक गाड़ी चलाते हैं। उनके पास आराम करने का समय नहीं है। वे सड़क दुर्घटनाओं के भी शिकार होते हैं। हम उनकी चिंताओं को समझते हैं... यह (आराम केंद्रों की स्थापना) ड्राइवरों को 'यात्रा को आसान बनाने' में भी सक्षम बनाएगा।"