इंजन एयर फिल्टर कार में काफी अहम योगदान निभाते हैं। इंजन एयर फिल्टर इंजन द्वारा खींची गई हवा को साफ करने का काम करता है। इसका मुख्य काम इंजन में गंदगी जाने से रोकना होता है। अगर आप कार की नियमित सर्विस करवाते हैं तो इंजन एयर फिल्टर को भी साफ करवाते होंगे। वहीं, अगर कार की नियमित सफाई नहीं होती है तो इससे इजन एयर फिल्टर पर काफी सारी गंदगी जमा हो जाती है।
इस वजह से इंजन को सही तरीके से और साफ हवा नहीं मिल पाती है। अगर यह सिलसिला लंबे समय तक चलता रहे तो इसकी वजह से इंजन पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इंजन को काम करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और गाड़ी ज्यादा फ्यूल खर्च करती है। इतना ही नहीं, इस स्थिति में कार की माइलेज भी बेहद कम हो जाती है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कार का इंजन एयर फिल्टर साल में कम से कम एक बार बदलना चाहिए। या फिर 25 हजार किलोमीटर चलने के बाद इसे बदला जा सकता है। ऐसा करने से इंजन को सही और सफ हवा मिलती है। साथ ही काफी लोग यह नहीं जानते हैं कि इंजन एयर फिल्टर को कौन सी स्थिति में बदलना है तो आपको बता दें कि जब भी इंजन एयर फिल्टर पर बहुत काला रंग दिखने लगे और काफी सड़ा हुआ नजर आए तो इसे बदलना ही एकमात्र विकल्प होता है।
अगर आप इंजन एयर फिल्टर को बदलने का सही तरीका नहीं जानते हैं तो किसी योग्य कार मैकेनिक की मदद ले सकते हैं। इस प्रक्रिया में ज्यादा समय नहीं लगता है। मगर इसमें देर करने से कार के इंजन पर बुरा असर पड़ता है। ऐसे में इसकी समय-समय पर जांच करवानी चाहिए।