एक मिड क्लास फैमली की पसंदीदा कार एक छोटी हैचबैक कार ही होती है। लेकिन जब इस कार को खरीदने का समय आता है तो बाजार में कई छोटी कार के मॉडल दिखाई देते हैं। ऐसे में कई मौजूद विकल्पों की वजह से किसी एक बेहतर कार का चुनाव करने में थोड़ी परेशानी होती है जो स्वाभाविक भी है।
हाल ही में हमने डैटसन गो का मुकाबला हुंडई ईओन और ऑल्टो के10 के साथ किया है। लेकिन डैटसन गो का मुकाबला अभी मारुति की चर्चित कार सेलेरियो से होना बाकी है। आइए तो फिर मुकाबला करते है, डैटसन गो और मारुति सेलेरिया के डिजाइन, फीचर्स, इंजन, माइलेज और कीमत का।
डैटसन गो: एक्सटीरियर और इंटीरियर डिजाइन
वास्तव में डैटसन गो उन कस्टमर्स के लिए है जो अपनी पहली कार खरीद रहे हैं। ऐसे कस्टमर्स जिनको लग्जरी फीचर्स की बहुत ज्यादा चाह नहीं होती है। जरूरत बस इतनी होती है कि एक फोर व्हीलर हो जो अच्छा माइलेज देती हो, और कीमत भी किफायती हो।
कीमत को कम करने के लिए इस कार के बेस मॉडल में कई फीचर्स भी कम किए गए हैं जैसे सीडी प्लेयर, रेडियो, कप होल्डर वैगरह। लेकिन इसकी एक्सटीरियर लुक काफी बोल्ड दिखाई देता है।
इसको निसान माइक्रा के प्लेटफार्म पर तैयार किया गया है। इसमें लेगरूम और हेडरूम के लिए पर्याप्त स्पेस है। हांलाकि रियर सीट्स इतनी आरामदेह नहीं हैं। यहां आपको मोबाइल डॉकिंग, फोल्डिंग रियर बेंच सीट्स, डिजिटल टेकोमीटर जैसे फीचर्स भी हैं।
मारुति सेलेरियो: एक्सटीरियर और इंटीरियर डिजाइन
सेलेरियो की बात करें तो ये एक दम ठेठ मारुति सुजुकी का डिजाइन ही दिखाई देता है, बड़े फ्रंट पर लगीं बड़ी हेडलाइट्स।
कार के अंदर की बात करें तो इसका सबसे खास फीचर ऑटोमैटिक मैन्युअल ट्रासंमिशन है। सेलेरियो को आप बिना क्लच इस्तेमाल किए ड्राइव कर सकते हैं।
इसके अलावा सेलेरियो में आपको कप और बोतल होल्डर की सुविधा मिलती है जो डैटसन गो में नहीं है।
पावर इंजन का
डैटसन गो में वही इंजन इस्तेमाल किया गया है जो निसान माइक्रा कार में इस्तेमाल किया गया है। डैटसन गो 1.2लीटर, 3 सिलेंडर पेट्रोल इंजन के साथ का करती है जो 67.07 बीएचपी पावर और 104 टार्क देने में सक्षम है।
इसमें 5 गियर मैन्युअल इंजन का इस्तेमाल किया गया है और ये 20.63 किमी प्रति लीटर का माइलेज देती है।
सेलेरियो में डैटसन गो की तुलना में थोड़ा छोटा 1 लीटर इंजन इस्तेमाल किया गया है। बाकी इसकी क्षमता गो के बराबर ही है। यहां इंजन में दो 5 स्पीड मैन्युअल ट्रांसमिशन और 5 स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन विकल्प मौजूद हैं। ये 23.1 किमी प्रति लीटर का माइलेज देती है।
कीमत
डैटसन गो चार वैरियंट में मौजूद है D, D1, A और T, बेस मॉडल डैटसन गो डी की कीमत दिल्ली एक्सशोरूम पर 3.12 लाख रुपए जबकि टॉप मॉडल टी की कीमत 3.69 लाख रुपए है।
मारुति सेलेरिया कीमत के मामले में डैटसन गो से थोड़ी महंगी है। ये छह वैरियंट में मौजूद है। दिल्ली एक्स शोरूम पर इसके बेस मॉडल LXI की कीमत 3.76 लाख रुपए जबकि टॉप मॉडल ZXI (O) की कीमत 4.78 लाख रुपए है।