महिंद्रा एंड महिंद्रा अगले पांच वर्षों में देश के पहले मल्टी ब्रांड कार वर्कशाप महिंद्रा फर्स्ट च्वाइस सर्विसेज (एमएफसीएस) की 500 शाखाएं खोलेगी। कर्नाटक के बंगलूरूमें एमएफसीएस के 16वें वर्कशाप का उद्घाटन करने के मौके पर कंपनी के कार्यकारी मंडल के सदस्य राजीव दुबे ने बताया कि वर्ष 2018 तक देश भर में 500 वर्कशाप खोलने का लक्ष्य है।
दुबे ने बताया कि देश में कार सर्विसिंग का कारोबार 12 हजार करोड़ रुपये का है और कंपनी की वर्ष 2018 तक इसमें एक हजार करोड़ रुपये की हिस्सेदारी हासिल करने की योजना है। उन्होंने बताया कि देश के कार सर्विसिंग बाजार में लगभग 60 प्रतिशत हिस्सेदारी सड़क किनारे स्थित साधारण वर्कशाप की है और शेष हिस्सा वाहन निर्माता कंपनियों के डीलरों के हाथ में है।
उन्होंने बताया कि पश्चिमी देशों में कंपनियों द्वारा संचालित मल्टी ब्रांड कार वर्कशाप बेहद लोकप्रिय हैं लेकिन भारत में इसे महिंद्रा एंड महिंद्रा ने शुरू किया और अब यहां भी इनका बाजार तेजी से बढ़ रहा है। फिलहाल 16 वर्कशाप में से 11 पर कंपनी का मालिकाना हक है लेकिन कारोबार में विस्तार की नीति के तहत अब ज्यादातर नये सर्विस सेंटर फ्रेंचाइजी सिस्टम के तहत खोले जाएंगे।