दुपहिया वाहन निर्माता कंपनी एलएमएल की 'फ्रीडम' मोटरसाइकिल और टू-स्ट्रोक स्कूटर 'एलएमएल एनवी' सड़कों पर फिर से फर्राटा भरते नजर आएंगे।
कंपनी अपनी बाइक और स्कूटर को रिलांच करने जा रही है। इसके साथ ही एलएमएल 4 स्ट्रोक गियरलैस स्कूटर 'स्टार ऑटोमैटिक' और हल्के वजन वाले तिपहिया वाहन को भी लांच करेगी।
फ्रीडम, एनवी और स्टार को कंपनी के उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित कारखाने में तैयार किया जाएगा।
एलएमएल लिमिटेड के सेल्स एंड मार्केटिंग हेड पार्था सेन चौधरी ने रिलांचिंग से जुड़ी योजनाओं की जानकारी 'अमर उजाला' को फोन पर दी।
चौधरी ने बताया कि मई के पहले हफ्ते में 110 cc 'फ्रीडम' बाइक और टू-स्ट्रोक स्कूटर एलएमएल एनवी को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा में रिलांच किया जाएगा।
गुजरात और महाराष्ट्र में इसे अगले तीन महीने में रिलांच किया जाएगा। साथ ही स्टार ऑटोमेटिक स्कूटर को भी जल्द लांच किया जाएगा। एलएमएल फ्रीडम और स्टार दिल्ली और पंजाब के 70 आउटलेट्स में मई मध्य में उपलब्ध होगी।
कंपनी की गुजरात में 12 और महाराष्ट्र में 20-25 डीलर जोड़ने की योजना है। उन्होंने बताया कि फ्रीडम को प्रमोट करने के लिए आक्रामक एडवरटाइजिंग का सहारा लिया जाएगा।
क्या पिछली बार की तरह शाहरुख खान जैसे किसी बड़े स्टार को अपने ब्रांड के साथ जोड़ेंगे, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि ब्रांड एंबेसडर को जोड़ने को लेकर अभी तक फैसला नहीं लिया गया है।
चौधरी ने बताया कि 125cc, 150cc की मोटरसाइकिल और 150cc व इससे ऊपर का लाइफस्टाइल स्कूटर लाने की भी योजना है। साथ ही माल ढुलाई के लिए हल्के वजन वाला तिपहिया वाहन लाने का भी प्लान है।