वाहन चलाते समय चालक सुरक्षित ड्राइविंग के लिए कई नियमों का पालन करते हैं। कार चलाते वक्त यात्रियों की सुरक्षा के लिए एक से बढ़कर एक सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। इनमें कार के एयरबैग्स, एबीएस और एडीएएस तकनीक भी मिलती है। मगर कार में सेफ्टी के लिए एक और सुरक्षा फीचर दिया गया होता है, जिसे सीट बेल्ट कहते हैं। जी हां, कार में 3 पॉइंट सीट बेल्ट यात्रियों की सुरक्षा का अच्छे से ध्यान रखती है।
इस फीचर की वजह से कार में सवार सभी लोग किसी हादसे के दौरान कम घायल होते हैं। इसी वजह से कार में सवारियों के लिए यह फीचर काफी काम का होता है। हालाांकि, इस सुरक्षा फीचर का फायदा उठाने के लिए जरूरी है कि यात्रियों ने इसका इस्तेमाल सही ढंग से किया हो। आगे जानिए इसकी पूरी जानकारी।
गंभीर चोटों का खतरा हो जाता है कम
विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर कार में यात्रियों ने 3 पॉइंट सीट बेल्ट लगा रखी है तो हादसे के दौरान लोगों को कम गंभीर चोटें लगती है। इसका सीधा सा मतलब है कि जब भी कार हादसे का शिकार होगी तो यात्री बेल्ट के भीतर ही रहेगा। साथ ही किसी तरह का धक्का लगने की वजह से भी कार की खिड़की से बाहर नहीं जाएगा।
घट जाता है मौत का खतरा
डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट के अनुसार, कार में बैठने वाले लोगों ने अगर 3 पॉइंट सीट बेल्ट सही ढंग से पहन रखी है तो किसी हादसे के समय पर यात्री की मरने की संभावना 40 से 60 फीसदी तक कम हो जाती है। यही वजह है कि कार चलाने से पहले यात्रियों को सीट बेल्ट पहनने की सलाह दी जाती है।
बेहद आसान है सीट बेल्ट का इस्तेमाल
कार में बैठे यात्रियों के लिए 3 पॉइंट सीट बेल्ट काफी आसान है। सीट बेल्ट पहनने में ज्यादा समय भी नहीं लगता है। मगर फिर भी काफी लोग इसे नजरअंदाज करते हैं। 3 पॉइंट सीट बेल्ट कार में बैठे इंसान को पूरी तरह से कवर करती है और किसी भी हादसे के समय सीट पर ही बांधकर रखती है।
अनिवार्य तौर पर करें इस्तेमाल
रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि अक्सर यात्री छोटी यात्रा के दौरान सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करते हैं। भले ही कुछ ही मिनटों का सफर हो, मगर कार में बैठे सभी यात्रियों को 3 पॉइंट सीट बेल्ट जरूर पहननी चाहिए।
जान बचाने का आसान तरीका
कार चलाने वाले अधिकतर सीट बेल्ट पहनने को एक बोझ समझते हैं। मगर यह जरा सी गलती हादसे के दौरान जिंदगी को छीन लेती है। यही वजह है कि दुनिया के कई देशों में कार में 3 पॉइंट सीट बेल्ट को पहनना अनिवार्य किया गया है या फिर किया जा रहा है। साथ ही अगर कार में बैठे लोगों ने 3 पॉइंट सीट बेल्ट को सही से नहीं पहना है तो उनका जुर्माना लगाया जाता है।