अगर आप कार को बिना खरीदे, मालिक बनकर कार चलाना चाहते हैं तो फॉक्सवैगन की इस खास स्कीम का फायदा उठा सकते हैं। Volkswagen (फॉक्सवैगन) ने अपनी सब्सक्रिप्शन आधारित ओनरशिप स्कीम के विस्तार का फैसला किया है। इस स्कीम के तहत कंपनी ने हाल ही में लॉन्च की गई अपनी नई Taigun (ताइगुन) एसयूवी को भी शामिल किया है। फॉक्सवैगन ग्राहकों की सुविधा के लिए फुल ऑन-रोड फाइनेंसिंग, पीरियोडिक मेनटेनेंस, बीमा कवर और कार को अपग्रेड या वापस लौटाने का ऑप्शन भी देगी।
ताइगुन के अलावा, फॉक्सवैगन अपनी Polo (पोलो), Vento (वेंटो) और T-Roc (टी-रॉक) जैसी कारों को भी सब्सक्रिप्शन-आधारित मॉडल के रूप में पेश करती है।
किन शहरों में मिलेगी यह सुविधा
ताइगुन को एक सफेद नंबर प्लेट के साथ पेश किया जाएगा। इस स्कीम के लिए यह एसयूवी दिल्ली एनसीआर, मुंबई, पुणे, अहमदाबाद, बंगलूरू, चेन्नई और हैदराबाद में 30 फॉक्सवैगन आउटलेट्स पर उपलब्ध होगी।
नई ताइगुन एसयूवी की कीमत
फॉक्सवैगन ने पिछले महीने ताइगुन एसयूवी को 10.49 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत पर लॉन्च किया है। यह कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में ह्यूंदै क्रेटा, किआ सेल्टोस और अन्य एसयूवी को टक्कर देती है। Taigun एसयूवी के GT लाइन मॉडल की कीमत 14.99 लाख (एक्स शोरूम) से शुरू होती है, और 17.49 लाख (एक्स शोरूम) तक जाती है।
फॉक्सवैगन पैसेंजर कार्स इंडिया के ब्रांड निदेशक आशीष गुप्ता ने कहा, "ग्राहकों के लिए सुलभ होने के मुख्य मकसद के साथ, हमने फॉक्सवैगन में अपनी ओमनी-चैनल मोबिलिटी पेशकश की दिशा में काम किया है। इसका उद्देश्य ग्राहकों को उनके पसंदीदा ओनरशिप मॉडल का ऑप्शन प्रदान करना है जो उनकी लाइफस्टाइल और आराम के मुताबिक हो।"
ओरिक्स ऑटो इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (ओएआईएस) के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी संदीप गंभीर ने कहा, "ताइगुन फॉक्सवैगन की लेटेस्ट SUVW है और हम अपने ग्राहकों के लिए सब्सक्रिप्शन मॉडल के तहत इस बोल्ड, डायनमिक और जर्मन इंजीनियर SUVW को कैसे पेश नहीं करते। हमें अपने प्लेटफॉर्म पर फॉक्सवैगन की पूरी उत्पाद श्रृंखला उपलब्ध होने पर बेहद खुशी है, जिससे यह देश भर के ग्राहकों के लिए और भी ज्यादा सुलभ और सुविधाजनक हो गया है।"