देश की दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी Tata Motors (टाटा मोटर्स) की Nexon (नेक्सन) एसयूवी को भारतीय बाजार में ग्राहकों ने खूब पसंद किया है। यही वजह से भारतीय कार बाजार में सबसे प्रतिस्पर्धा वाले सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में नेक्सन अन्य कारों को जमकर टक्कर देती है और इसकी अच्छी-खासी बिक्री होती है। Tata Nexon एसयूवी ने आज उत्पादन के लिहाज से एक बड़ा मील का पत्थर हासिल किया है। कार निर्माता ने पुणे में अपनी रंजनगांव प्लांट से 2,00,000वीं Nexon एसयूवी को रोलआउट किया है। देश में कोविड-19 महामारी संकट को देखते हुए लगाए गए प्रतिबंधों के कारण नेक्सन की 50,000 यूनिट के निर्माण में टाटा मोटर्स को लगभग छह महीने का समय लगा। नहीं तो Nexon इस लैंडमार्क को काफी पहले हासिल कर लेती।
जबरदस्त बिक्री
Tata Nexon ने पिछले साल नवंबर में 1,50,000 यूनिट्स का माइलस्टोन हासिल किया था। यह पिछले कुछ वर्षों में टाटा मोटर्स की सबसे अधिक बिकने वाली कारों में से एक रही है। दरअसल नेक्सन पिछले महीने भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाली टॉप 10 कारों में शामिल हो गई। इस सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी को 6,439 ग्राहकों ने खरीदा और सूची में चौथे स्थान पर रही। इससे पहले मार्च में नेक्सन की बिक्री ने एक महीने में 8,683 यूनिट का नया रिकॉर्ड बनाया था।
Tata Nexon
- फोटो : Tata Motors
5-स्टार रेटिंग वाली एसयूवी
टाटा नेक्सन ग्लोबल एनसीएपी के सेफ्टी क्रैश टेस्ट में 5 स्टार एडल्ट सुरक्षा रेटिंग हासिल करने वाली एसयूवी है। Tata Nexon पहली मेड इन इंडिया compact SUV (एसयूवी) कार थी जिसे GNCAP ने 5 स्टार रेटिंग मिली थी। Tata Nexon को एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन के लिए 4 स्टार और चाइल्ड ऑक्यूपेंट के लिए 3 स्टार मिले थे। अडल्ट सेफ्टी के लिए टाटा नेक्सन को 17 में से 16.06 प्वाइंट्स मिले थे। वैश्विक एजेंसी ने रेटिंग दी थी कि कार की बॉडी स्थिर है। कार में ड्यूल फ्रंट एयरबैग दिया गया है।
Tata Nexon
- फोटो : Tata Motors
कीमत
Nexon को पहली बार 2017 में लॉन्च किया गया था। टाटा मोटर्स इस समय Nexon एसयूवी को 20 वेरिएंट्स में पेश करती है। नेक्सन रेंज में पेट्रोल इंजन में 12 वेरिएंट्स और डीजल इंजन के साथ 8 वेरिएंट्स ऑटोमैटिक और मैनुअल ट्रांसमिशन विकल्पों के साथ शामिल हैं।
टाटा मोटर्स ने हाल ही में नेक्सन एसयूवी की कीमतों में इजाफा किया है। नेक्सन के बेस मॉडल की कीमत में करीब 10,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। पहले इसके बेस मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत 7.09 लाख रुपये थी। वहीं अब इसकी एक्स-शोरूम कीमत 7.19 लाख रुपये हो गई है। जबकि इसके टॉप-स्पेक ट्रिम XZA+ (O) डुअल टोन वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 12.95 लाख रुपये है। जो कि कीमत बढ़ोतरी से पहले 12.79 लाख (एक्स-शोरूम) हुआ करती थी।
Tata Nexon
- फोटो : For Refernce Only
टाटा मोटर्स को डीजल वेरिएंट बंद करने की अफवाहों पर विराम लगाना पड़ा। टाटा को बुधवार को एक मीडिया बयान जारी करना पड़ा, जिसमें साफ किया गया कि डीजल वेरिएंट को पूरी तरह से बंद नहीं किया जाएगा। टाटा का मानना है कि सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी में अभी भी डीजल इंजन की जबरदस्त मांग है। Nexon सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धा वाले सेगमेंट में मुकाबला करती है जहां उसे Kia Sonet, Nissan Magnite और Renault Kiger जैसे नए प्रतिद्वंद्वियों के साथ बाजार में अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए संघर्ष करना पड़ता है।