जनवरी मध्य तक 14 हजार डिलीवरी
महिंद्रा को उम्मीद नहीं थी कि XUV700 को ग्राहकों की तरफ से इतना जबरदस्त रेस्पॉन्स मिलेगा, इसलिए कंपनी चाह कर भी इस गाड़ी की डिलीवरी जल्द नहीं कर पाएगी। कंपनी XUV700 की जल्द डिलीवरी की उम्मीद को पूरा करने के लिए पूरी कोशिश कर रही है, यहां तक कि महिंद्रा की निकट भविष्य की डिलीवरी योजनाएं भी खरीदारों के लिए बहुत ज्यादा उत्साहजनक नहीं हैं। इसकी वजह है कि महिंद्रा जनवरी मध्य तक केवल XUV700 की 14,000 यूनिट्स की डिलीवरी करने पर फोकस कर रही है। हालांकि कुछ ग्राहकों को XUV700 की डिलीवरी मिलनी शुरू हो गई है। कंपनी ने दीपावली के दौरान 700 गाड़ियों की डिलीवरी की थी, लेकिन मांग और सप्लाई के बीच इतना ज्यादा अंतर है जिसे पूरा कर पाना फिलहाल मुश्किल है।
ओमिक्रॉन से सप्लाई पर असर
रिपोर्ट्स के मुताबिक महिंद्रा की तरफ से अभी XUV700 की बुकिंग कराने पर डिलीवरी को लेकर कोई आश्वासन नहीं दिया जा रहा है, वहीं बाद में ग्राहकों को महिंद्रा की तरफ से ईमेल भेजे जा रहे हैं। लेकिन डीलरशिप्स की तरफ से ग्राहकों को कम से कम एक साल तक इंतजार करने के लिए कहा जा रहा है। वहीं महिंद्रा अगर जल्द डिलीवरी के लिए कोई कदम नहीं उठाती है, तो ग्राहक XUV700 की बुकिंग से पीछे हट सकते हैं। सेमीकंडक्टर की सप्लाई अभी सुधरी नहीं है, वहीं दुनिया के कई देशों में कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन पैर पसार चुका है, जिसका असर चिप की सप्लाई पर पड़ सकता है और ऑटो सेक्टर पर इसका गहरा असर पड़ सकता है। वहीं ग्राहकों को गाड़ियों की डिलीवरी के लिए और लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
Mahindra XUV700 delivery email and SMS
- फोटो : Social Media
ग्राहक निकाल रहे भड़ास
वहीं ग्राहक अब महिंद्रा के फेसबुक पेज पर जमकर अपनी भड़ास निकाल रहे हैं। गौरव तायल कहते हैं कि उन्होंने पुणे में XUV700 की एक महीने पहले बुकिंग कराई थी और डीलर अब उन्हें एक साल इंतजार करने के लिए बोल रहा है। लेकिन बुकिंग के वक्त उन्हें 3-4 महीने का ही वेटिंग पीरियड बताया गया था। वहीं जब वे बुकिंग कैंसिलेशन कराने के लिए कह रहे हैं, तो उनकी एडवांस बुकिंग राशि से 2100 रुपये काटे जा रहे हैं। वहीं नए ग्राहकों के लिए भी यह समझने वाली बात है कि कैंसिलेशन के मामले में महिंद्रा पूरी बुकिंग राशि वापस नहीं करती है।
वहीं कुछ ग्राहक ऐसे भी हैं, जिन्होंने पहले दिन ही बुकिंग खुलते ही XUV700 की बुकिंग कराई थी और अब उन्हें डिलीवरी डेट जानकर झटका लग रहा है। ग्राहक अभिषेक पावास्कर कहते हैं बुकिंग खुलने के पहले दिन वे उन 25 हजार ग्राहकों में शामिल थे, जिन्होंने सबसे पहले गाड़ी बुक की थी। अब उन्हें महिंद्रा की तरफ से ईमेल मिल रहा है कि उन्हें गाड़ी मिलने में नौ महीने तक का इंतजार करना पड़ सकता है। वह कहते हैं कि उन्हें अब डिलीवरी के लिए जून 2022 का अनुमानित वक्त बताया जा रहा है। वह कहते हैं कि ग्राहकों के साथ ऐसा करने पर महिंद्रा को शर्म आनी चाहिए। डिलीवरी की बात करें तो यहां फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व का नियम नहीं चलता है। डिलीवरी एल्गोरिदम कहता है कि इसमें वैरिएंट, फ्यूल टाइप, ट्रांसमिशन टाइप, शहर भी जरूरी फैक्टर है। जिसके आधार पर डिलीवरी की तारीख निर्धारित होती है।
XUV700 की सात अक्तूबर को बुकिंग शुरू हुई थी, तो पहले चरण में ही एक घंटे के अंदर ही बुकिंग का आंकड़ा 25 हजार को पार कर गया था। बुकिंग कराने के इच्छुक कुछ लोग ऐसे भी थे, जिन्होंने देरी की और उन्हें बाद में बुकिंग के लिए ज्यादा दाम चुकाने पड़े। कंपनी ने पहली 25 हजार गाड़ियों की बुकिंग के लिए 21,000 रुपये राशि रखी थी, जबकि अगले दिन 25 हजार गाड़ियां 50 हजार रुपये के राशि के साथ मात्र दो घंटे में ही बुक हो गईं।
इंजन और वैरिएंट्स
Mahindra XUV700 चार वैरिएंट्स - MX, AX3, AX5 और AX7 में आती है। एसयूवी को पेट्रोल और डीजल दोनों इंजन का विकल्प मिलता है। जिसमें 5-सीटर और 7-सीटर लेआउट के साथ-साथ मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉरक्स का विकल्प भी है। महिंद्रा XUV700 एसयूवी को दो इंजन ऑप्शन के साथ उपलब्ध है। जिसमें एक 2.0-लीटर mStallion टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल और एक 2.2-लीटर टर्बोचार्ज्ड डीजल इंजन शामिल है। पेट्रोल इंजन 200 hp की पावर और 380 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। जबकि डीजल इंजनमें दो अलग-अलग ट्यूनिंग सेट अप हैं जिनमें से एक 155 hp की पावर और 360 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है, जबकि दूसरा 185 hp की पावर और लगभग 420 Nm टॉर्क देता है।
कीमत 12.49 लाख रुपये से 22.99 लाख रुपये तक
महिंद्रा ने XUV700 की खास शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया था जो मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ MX 5-सीटर के लिए 11.99 लाख रुपये (एक्स शोरूम) से शुरू हुई थी। एसयूवी के पहले बैच की बुकिंग के बाद इंट्रोडक्ट्री कीमत को संशोधित किया गया था। XUV700 की शुरुआती एक्स शोरूम कीमत अब 12.49 लाख रुपये से लेकर 22.99 लाख रुपये तक है। मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट में Mahindra XUV700 का मुकाबला 5-सीटर कॉन्फिगरेशन में Creta, Seltos, Harrier से है तो 7-सीटर कॉन्फिगरेशन में Alcazar, Safari और Hector Plus से है।