वाहन में लगी इस डिवाइस को Suzuki Connect Smartphone एप के जरिए कनेक्ट किया जा सकता है, यह एप एंड्रॉयड और आईओएस दोनों पर उपलब्ध है। कंपनी के मुताबिक सुजुकी कनेक्ट सिस्टम, कंपनी के 2000 शहरों के 2800 शोरूम्स पर मारुति सुजुकी जेनुइन एसेसरीज के तौर पर उपलब्ध होगी। कंपनी ने कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी को 2018 में लॉन्च किया था और अभी तक केवल मारुति की नेक्सा कारों के लिए उपलब्ध थी। मारुति सुजुकी इंडिया के वरिष्ठ कार्यकारी निदेशक, विपणन और बिक्री, शशांक श्रीवास्तव, का कहना है, “आज की तकनीक-प्रेमी दुनिया में, जुड़े रहना बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह आश्वासन, सुरक्षा और शांति की भावना प्रदान करता है। सुजुकी कनेक्ट का लक्ष्य हमारे ग्राहकों को एक उन्नत और डिजिटल अनुभव प्रदान करके इस अंतर को पाटना है। इंटेलिजेंट टेलीमैटिक्स तकनीक पर बनी सुजुकी कनेक्ट का लक्ष्य अपनी उन्नत सुविधाओं के माध्यम से उपयोगकर्ता के अनुभवों को बढ़ाना है।
उन्होंने आगे कहा कि 50,000 से अधिक NEXA ग्राहकों ने अब तक इस सिस्टम की सराहना की है, और सिस्टम को विकसित करते समय लोगों की आवश्यकताओं को समझने के लिए एक व्यापक स्टडी की गई थी। इंट्रूज़न अलर्ट, एयरबैग डिप्लॉयमेंट, टो अवे अलर्ट आदि जैसी सुविधाओं को इसमें शामिल किया गया है। सिस्टम द्वारा दी जाने वाली ड्राइविंग रिपोर्ट से ड्राइवरों को अपने ड्राइविंग का विश्लेषण और सुधार करने की सुविधा मिलती है। साथ ही, इस रिपोर्ट से ईंधन की खपत को कम करने में भी मदद मिलती है। इसके अलावा, निर्माता का दावा है कि सुजुकी कनेक्ट वाहन के अंदर एक खास जगह पर लगा होता है, जिसके साथ आसानी से छेड़छाड़ संभव नहीं है।