पेट्रोल और डीजल की आसमान छूती कीमतों की वजह से इलेक्ट्रिक व्हीकल्स में लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है। इसे देखते हुए भारतीय ऑटोमबाइल सेक्टर में इलेक्ट्रिक कारों का बाजार बड़ा हो रहा है। घरेलू ऑटो निर्माता Mahindra & Mahindra (महिंद्रा एंड महिंद्रा) भी ग्राहकों की बदलती पसंद को देखते हुए नए साल में कई इलेक्ट्रिक कारें लॉन्च करने वाली है। महिंद्रा अगले कुछ महीनों में अपनी कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक एसयूवी eXUV300 को लॉन्च करने की तैयारी में है। महिंद्रा ने eXUV300 को पिछले साल ऑटो एक्सपो में पेश किया था। जिसे लोगों के खूब पसंद किया था। आइए जानते हैं इस इलेक्ट्रिक एसयूवी में क्या खास होगा।
लॉन्चिंग
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक महिंद्रा अपनी कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक एसयूवी eXUV300 को इस साल के आखिर या अगले साल की शुरुआत में लॉन्च कर सकती है। हालांकि कंपनी ने eXUV300 की लॉन्चिंग के बारे में कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया है । यह इस समय सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार Tata Nexon EV (टाटा नेक्सन ईवी) को टक्कर देगी। लिहाजा कंपनी इसकी कीमत को नेक्सन ईवी की प्रतिस्पर्धा में रख सकती है।
नेक्सन से ज्यादा ड्राइविंग रेंज का दावा
रिपोर्ट के मुताबिक महिंद्रा XUV300 इलेक्ट्रिक सिंगल चार्ज पर 375 किलोमीटर की रेंज देगी। कंपनी अपनी इस इलेक्ट्रिक कार को दो वेरिएंट में लाएगी। जिसमें स्टैंडर्ड वेरिएंट लगभग 200 किमी की रेंज देगी। वहीं लॉन्ग रेंज वेरिएंट में 375 किमी की रेंज मिलेगी, जोकि इस सेगमेंट में इसकी सीधी प्रतिद्वंद्वी टाटा नेक्सॉन ईवी से बेहतर है। बता दें कि नेक्सन ईवी फुल चार्ज पर 312 किमी की प्रमाणित रेंज देने का दावा करती है। हालांकि eXUV300 की रेंज को ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एआरएआई) द्वारा प्रमाणित किया जाना बाकी है। यह संस्था वाहनों की टेस्टिंग के बाद उनके ड्राइविंग रेंज का आधिकारिक प्रमाणपत्र जारी करती है। हालांकि महिंद्रा का कहना है कि उसे इस कार के रेंज के आंकड़ों पर पूरा विश्वास है।
इन-हाउस प्लेटफॉर्म
XUV300 इलेक्ट्रिक को MESMA 350 (Mahindra Electric Scalable and Modular Architecture 350) (महिंद्रा इलेक्ट्रिक स्क्लेबल एंड मॉड्यूलर ऑर्किटेक्चर) प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है। यह कंपनी का खुद से विकसित किया गया 350-वोल्ट पावरट्रेन प्लेटफॉर्म है। यह पावरट्रेन 60 kW से 280 kW के आउटपुट, डुअल मोटर सेटअप और 80 kWh क्षमता तक की बैटरी से लेकर इलेक्ट्रिक मोटर्स की एक बड़ी रेंज को सपोर्ट करते हैं। महिंद्रा इलेक्ट्रिक कार के एक ज्यादा बेहतर परफॉर्मेंस वाले वेरिएंट को भी पेश कर सकती है।
लुक और डिजाइन
नई महिंद्रा eXUV300 का ओवरऑल प्रोफाइल रेगुलर पेट्रोल इंजन वाली XUV300 जैसा ही होगा। हालांकि, इसमें कुछ बड़े बदलाव भी देखने को मिलेंगे। eXUV300 में नए क्लोज्ड ग्रिल, नीले ग्राफिक्स के साथ स्पेशल एलईडी हेडलाइट्स, नए बंपर और अन्य कई अहम बदलाव किए गए हैं। इंटीरियर की बात करें तो इसमें नया बड़ा पॉप-आउट स्टाइल टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, नई सीट अपहोल्स्ट्री, वायरलेस चार्जर, नया स्टीयरिंग जैसे कई फीचर्स दिए गए हैं।
कीमत
यह भारत में पहली मेड-इन-इंडिया इलेक्ट्रिक एसयूवी होगी जिसे यूरोपी और अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में आयात किया जाएगा। जहां तक इसके कीमत की बात है तो रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी इसे 15 लाख रुपये से लेकर 18 लाख रुपये तक की प्राइस बैंड में लॉन्च कर सकती है।