देश में लग्जरी के चाहने वाले की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। टाटा मोटर्स समूह की जगुआर,लैंड रोवर समेत वैश्विक कुल बिक्री अगस्त 2018 में 1,07,030 इकाइयों की रही है, जो कि अगस्त 2017 में हुई बिक्री से 14 फीसदी अधिक है। वहीं,पिछले वर्ष इस अवधि में टाटा मोटर्स के व्यवसायिक वाहनों और टाटा देवू की वैश्विक कुल बिक्री अगस्त 2017 के मुकाबले 29 फीसदी की बढ़त के साथ 45,719 इकाइयों की रही।
अगस्त 2017 के मुकाबले टाटा मोटर्स के यात्री वाहनों की वैश्विक कुल बिक्री अगस्त 2018 में 4 फीसदी बढ़कर 61,328 इकाइयों पर रही। टाटा मोटर्स की स्वामित्व वाली जगुआर की बिक्री अगस्त 2018 में 14,209 वाहनों की रही। जबकि लैंड रोवर का यह आंकड़ा 28,449 वाहनों का रहा है।
वहीं टीवीएस मोटर्स ने सोमवार को कहा कि उसकी प्रीमियम मोटसाइकिल अपाचे ने 2005 में अपने लांच के बाद से अब तक 30 लाख इकाइयों की बिक्री दर्ज कर ली है। चेन्नई आधारित कंपनी अपाचे श्रेणी के मॉडलों का निर्माण अपने होसूर प्लांट में करती है।
कंपनी के प्रेसिडेंट व मुख्य कार्यकारी अधिकारी केएन राधाकृष्णन ने एक बयान में कहा कि हमें यह मुकाम हासिल कर बहुत खुशी हो रही है। मैं अपना आभार हमारे देश व विदेश के अपने अमूल्य ग्राहकों को देना चाहूंगा। सालों से टीवीएस अपाचे अपने ग्राहकों को आधुनिक तकनीक, स्टाइलिश डिजाइन व रेसिंग का बेजोड़ अनुभव देने के लिए जानी जाती रही है।