क्या दो दशक बाद वापस से भारत की सड़कों पर Kinetic Luna (काइनेटिक लूना) की वापसी होने जा रही है? मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुणे की दो-पहिया वाहन बनाने वाली कंपनी लूना ब्रांड को इलेक्ट्रिक अवतार में उतार सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी इन अटकलों पर किसी भी तरह की सहमति नहीं दी है। दरअसल काइनेटिक ग्रीन की सीईओ और संस्थापक सुलज्जा फिरोदिया मोटवानी ने हाल ही में कंपनी के प्लान को साझा किया था जिसमें नई इलेक्ट्रिक साइकिल और ई-रिक्शा को लॉन्च करने की बात कही गई थी।
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो काइनेटिक ग्रीन जल्द Kinetic Luna को इलेक्ट्रिक अवतार में उतार सकती है। नई Luna में लिथियम ऑयन बैटरी के साथ 1 किलोवॉट का मोटर दिया जा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इलेक्ट्रिक लूना एक बार फुल चार्ज करने पर 70 से 80 किलोमीटर का रेंज देगी।
नई लूना को लेकर ऑन-लाइन इंटरनेट से लेकर सोशल मीडिया तक पर कई दावे किए जा रहे हैं। लेकिन अगर रिपोर्ट्स पर भरोसा करें तो नई Kinetic Luna में 25 किलोमीटर प्रति घंटे की टॉप स्पीड मिलेगी। इसके अलावा नई लूना देखने में बहुत हद तक पुरानी लूना जैसी होगी। इसमें नई LED DRLs (डेटाइम रनिंग लाइट्स), यूएसबी चार्जिंग के साथ थंब स्टार्टर मिलेगा। Kinetic Luna के इलेक्ट्रिक मॉडल की ऑन रोड कीमत 50,000 रुपये से कम ही होगी।
लूना को 1970 और 1980 के दशक की शुरुआत में एक किफायती दोपहिया वाहन के रूप में भारतीय बाजार में उतारा गया था। 1980 के दशक के मध्य तक यह देश की एक लोकप्रिय दोपहिया वाहन बन चुकी थी। कंपनी ने इसे "चल मेरी लूना" के टैगलाइन के साथ प्रचारित किया। उस दौर में कई फिल्मों में लूना का इस्तेमाल किया गया। लेकिन 1990 के दशक तक, इसकी मांग घटने लगी और 2000 के दशक की शुरुआत में कंपनी ने इसका उत्पादन बंद कर दिया। माना जा रहा है बजाज चेतक की तरह यह भी इलेक्ट्रिक अवतार में भारतीय बाजार में एंट्री कर सकती है।