कार की दीवानगी किस हद तक जा सकती है इसका एक उदाहरण बिहार में देखने को मिला। दरअसल यहां भागलपुर के रहने वाले इन्तसर आलम ने अपने घर की छत पर महिंद्रा स्कॉर्पियो की टंकी बना डाली। मिली जानकारी के मुताबिक स्कॉर्पियो की शक्ल वाली इस टंकी को बनवाने में उन्होंने 2.5 लाख रुपये तक खर्च कर दिए।
दरअसल महिंद्रा स्कॉर्पियो ही वह पहली कार थी, जिसे इस शख्स ने खरीदा था। इस कार से लगाव के चलते ही इन्होंने अपने चार मंजिला घर की छत पर एक ऐसी टंकी बनवाई, जो देखने में बिल्कुल उनकी पहली कार (स्कॉर्पियो का पहला मॉडल) की तरह लगती है।
यह तस्वीर इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। यूजर इस तस्वीर को लेकर तरह-तरह के पोस्ट और कमेंट शेयर कर रहे हैं। इस तस्वीर पर गौरव कुमार नाम के एक ट्विटर यूजर ने तो महिंद्रा को टैग भी कर दिया, जिसके जवाब में कंपनी ने अपनी आधिकारिक ट्विटर हैंडल से जवाब भी दिया है।