देश की दूसरी सबसे बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनी Hyundai Motor India (ह्यूंदै मोटर इंडिया) ने एलान किया है कि उसकी आनेवाली 7-सीटर प्रीमियम एसयूवी कार का नाम Alcazar (अलकाजार) होगा। कंपनी ने अपनी कार के इस नाम को 2020 में रजिस्टर कराया था। कंपनी ने कहा कि वह जल्द ही देश में ह्यूंदै के 25 साल पूरे होने पर अपनी नई 7-सीटर एसयूवी Alcazar का ग्लोबल डेब्यू करेगी। यहां जानिए ह्यूंदै की आनेवाली इस एसयूवी के नाम का क्या मतलब है और इसकी सारी डिटेल्स।
कैसी होगी
ह्यूंदै Alcazar एसयूवी को पहले कई बार सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक Hyundai Alcazar का स्टाइल और डिजाइन Hyundai Creta (क्रेटा) जैसा हो सकता है। असल में यह क्रेटा का एक लंबा और ज्यादा प्रीमियम वर्जन हो सकता है। Alcazar का स्पेनिश में मतलब किला या महल होता है। ह्यूंदै ने अपनी नई एसयूवी का नाम Alcazar रखा है। ऐसे में इस एसयूवी में ढेर सारे लग्जरी फीचर दिए जाने की संभावना है।
एक्सटीरियर लुक
एसयूवी के एक्सटीरियर की बात करें तो, उम्मीद है कि Alcazar में हाई माउंटेड एलईडी डीआरएलएस और मौजूदा क्रेटा में पाए जाने वाले स्प्लिट फ्रंट हेडलैंप मिलेंगे। फ्रंट मेन ग्रिल भी नया होगा। साथ ही इसके बंपर स्पोर्टी लुक वाले होंगे जिससे कार दिखने में थोड़ी अलग लगे। नई एसयूवी की ओवरऑल लंबाई इसे 5-सीटर क्रेटा की तुलना में ज्यादा प्रीमियम लुक देगी। कार के रियर में नई डिजाइन वाले एलईडी टेललाइट्स और बंपर के साथ नया टेलगेट मिलेगा।
बेहतर फीचर्स
एसयूवी के इंटीरियर की बात करें तो इसमें सीटों की एक तीसरी पंक्ति मिलेगी जिससे इसमें दो लोग के बैठने की क्षमता बढ़ जाएगी। फीचर्स की बात करें तो Hyundai Alcazar में 2020 ह्यूंदै क्रेटा एसयूवी से बेहतर फीचर्स और इक्यूप्मेंट्स मिल सकते हैं। नई एसयूवी में एसयूवी ब्लूलाइन कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी के साथ टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वेंटिलेटेड सीटें, फ्लैट-बॉटम स्टीयरिंग व्हील, 360-डिग्री कैमरा, पैनोरमिक सनरूफ के अलावा बहुत सारे फीचर्स से लैस होगी।
'मेड इन इंडिया' एसयूवी
ह्यूंदै मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) के एमडी और सीईओ एस एस किम ने इस घोषणा पर टिप्पणी करते हुए कहा, "साल 2021 एचएमआईएल के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा, क्योंकि हम एक नए सेगमेंट में एंट्री करने और इसे नई परिभाषा देने के लिए तैयार हैं। ह्यूंदै अलकाजार नए युग के खरीदारों की आकांक्षाओं और ग्राहकों को खुश करने के लिए मौजूदा बेंचमार्क को फिर से परिभाषित करेगी। देश में ह्यूंदै के 25 साल पूरे होने पर, हम Hyundai Alcazar के ग्लोबल डेब्यू के साथ भारतीय ग्राहकों के लिए अपनी प्रतिबद्धता पर जोर देंगे, जो 'मेड इन इंडिया' और 'मेड फर्स्ट फॉर इंडिया' है।"
इंजन
ऑल-न्यू ह्यूंदै 7-सीटर एसयूवी में 5-सीटर क्रेटा एसयूवी वाले इंजन का ही इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल, 1.5-लीटर डीजल और 1.4-लीटर GDI टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल यूनिट शामिल है। कार के ट्रांसमिशन विकल्प भी क्रेटा से जैसे ही मिलने की उम्मीद है।
कीमत
भारतीय बाजार में इस 7-सीटर प्रीमियर एसयूवी Alcazar की एक्स-शोरूम कीमत 14 लाख रुपये से 20 लाख रुपये तक हो सकती है।
इनसे होगा मुकाबला
भारतीय बाजार में लॉन्चिंग के बाद 7-सीटर Alcazar एसयूवी का मुकाबला MG Hector Plus (एमजी हेक्टर प्लस), Tata Safari (टाटा सफारी), 7-सीटर एसयूवी Jeep Compass (जीप कंपास) और इस सेगमेंट की अन्य गाड़ियों से होगा।