होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड की नई अमेज ने रिकोर्ड कायम कर दिया है। कंपनी ने एक बयान में जानकारी दी कि भारतीय बाजार में पेश होने के पांच महीनों के भीतर ही अमेज ने 50,000 इकाइयों का ब्रिकी के आंकड़े को छू लिया है। खास बात यह है कि होंडा द्वारा पेश की गई यह किसी भी गाड़ी की रिकॉर्ड बिक्री है।
कंपनी ने कहा कि उसकी अप्रैल-सितंबर अवधि की कुल बिक्री में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी नई अमेज की रही है। कंपनी ने इसी साल मई में अमेज का नया मॉडल पेश किया था। गौरतलब हो, होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड ने हाल ही में अपनी 7 हजार से अधिक अमेज कारों को वापस बुलाने की घोषणा की थी।
कंपनी ने उन गाड़ियों को वापस बुलाने का फैसला किया है, जो कि अप्रैल से मई के दौरान भारत में बेची गई हैं। इसके लिए कंपनी की तरफ से सभी ग्राहकों को ई-मेल और फोन के जरिए सूचना देना शुरू हो गया है। कंपनी को लगता है कि इन 7290 गाड़ियों के ईपीएस सेंसर में कुछ खराबी है। यह गाड़ियां कंपनी ने 17 अप्रैल से 24 मई के बीच पूरे देश में बिकी थी।
होंडा कार्स ने इसके लिए एक नईमाइक्रोसाइट बनाई है, जिस पर ग्राहकों को 17 अंकों का अल्फा न्यूमेरिक व्हीकल आईडेंटीफिकेशन नंबर सबमिट करना होगा। अगर वेबसाइट पर गाड़ी का नंबर दिखे तो फिर आपको इसे कंपनी के सर्विस सेंटर पर भेजना होगा। अगर सेंसर में किसी तरह की कोई खराबी दिखी, तो कंपनी इसे अपने खर्च पर सही करेगी। इसके लिए ग्राहकों से किसी तरह का पैसा वापस नहीं लिया जाएगा। अमेज होंडा की सबसे ज्यादा बिकने वाली गाड़ियों में शुमार है।