कंपनी के मुताबिक यह दुनिया की ऐसी पहली प्रोडक्शन बाइक है जिसमें फ्रंट और रियर रडार सिस्टम दिया गया है। इसमें राइडर को जोड़े रखने के लिए कंपनी का नेक्स्ट-जेनरेशन डुकाटी कनेक्ट मिररिंग सिस्टम मिलता है। इसमें जबरदस्त पावर आउट के लिए कंपनी के नए वी4 ग्रांटुरिस्मो इंजन का इस्तेमाल किया गया है, जो डुकाटी के अन्य न्यू-जेनरेशन मॉडल्स में भी देखा गया है।
Multistrada V4 क्षमता और टेक्नोलॉजी दोनों के मामले में बिल्कुल नई मोटरसाइकिल को तौर पर पेश की जा रही है। इसे कंपनी के भारतीय लाइनअप में नई फ्लैगशिप एडवेंचर मोटरसाइकिल के तौर पर रखा जाएगा।
डुकाटी इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर बिपुल चंद्रा ने कहा, "Multistrada V4 के ग्लोबल एनाउंसमेंट के समय से ही इसे लेकर अप्रत्याशित उत्साह देखा जा रहा है। डुकाटी की यह सुपरबाइक कंपनी की बेस्ट टेक्नॉलजी पर आधारित है। यह दुनिया की पहली बाइक है, जो फ्रंट और रियर रडार असिस्टेंस की टेक्नोलॉजी से लैस है। इसके अलावा इसमें एडवांस्ड डिजिटल डैशबोर्ड, ब्लाइंट स्पॉट डिटेक्शन जैसी कई और खूबियां भी हैं।"
उन्होंने यह भी बताया कि इस सुपरबाइक के लिए कंपनी के सभी डीलर पार्टनर और उनकी सर्विस टीम को ट्रेनिंग दी जा रही है।
चंद्रा ने दावा किया कि यह बाइक इतनी विशेष है कि इसकी सवारी करने वाले इसकी शानदार इंजीनियरिंग, परफॉर्मेंस और टेक्नोलॉजी के दीवाने हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह बाइक सड़कों पर राज करने का दम रखती है और उन्हें उम्मीद है कि भारत में जल्द ही इसका प्रमाण मिल जाएगा।
कंपनी का दावा है कि बेहद आधुनिक तकनीक से लैस इस बाइक की सवारी करना न सिर्फ एक शानदार अनुभव होगा, बल्कि बेहद सुरक्षित और आरामदेह सफर का आनंद भी आएगा। नई मोटरसाइकिल के वेरिएंट्स, स्टैंडर्ड इक्यूप्मेंट्स के बारे में ज्यादा डिटेल्स, इसके लॉन्च के साथ पेश किए जाएंगे जो अगले कुछ दिनों में होने की उम्मीद है।