किसी भी मोटरसाइकिल में सस्पेंशन उसका एक अहम हिस्सा होता है। सस्पेंशन कई तरह से उपयोगी होता है और इसके कई फायदे हैं। यह बाइक की हैंडलिंग और ब्रेकिंग में काफी अहम भूमिका निभाता है, और मोटरसाइकिल पर सवार यात्रियों को सड़क पर गड्ढ़ों, बंपर पर उछलने के दौरान और वाइब्रेशन से मुक्त रखता है जिससे आपको सुरक्षा और आरामदायक सफर का आनंद मिलता है।
बाइक का यह जरूरी पार्ट अगर खराब हो जाए तो सफर के दौरान रास्तों के हर छोटे गड्ढों और पत्थरों से मोटरसाइकिल को काफी नुकसान पहुंच सकता है। इतना ही नहीं, राइडर के लिए बाइक चलाना दूभर हो जाएगा। इसलिए मोटरसाइकिल के सस्पेंशन को दुरुस्त रखना बेहद जरूरी होता है। आपको शायद यकीन न हो लेकिन यदि बाइक का सस्पेंशन अगर खराब हो जाए, तो आप मोटरसाइकिल को कुछ किलोमीटर तक भी नहीं चला पाएंगे। आपकी मोटरसाइकिल का ये जरूरी पार्ट अगर जल्दी खराब हो जाता है और आपके लिए यह जानना बहुत जरूरी है इसे कैसे ठीक रखा जा सकता है। यहां हम आपको कुछ आसान टिप्स बता रहे हैं जो आपके मोटरसाइकिल के सस्पेंशन को दुरुस्त रखेगी।
नियमित कराएं सर्विसिंग
बाइक को एक अच्छी स्थिति में रखने के लिए आपको इसकी सर्विसिंग नियमित रूप से करानी चाहिए। लेकिन सिर्फ बाइक की सर्विसिंग कराने से काम नहीं चलेगा। आपको इसके जरूरी पार्ट्स की सर्विसिंग भी अलग से करवानी चाहिए। मोटरसाइकिल के इन पार्ट्स में इसका सस्पेंशन भी शामिल है। कई बार ऐसा होता है कि सस्पेंशन में खराबी आने लगती है और राइडर को इसका एहसास भी नहीं होता। इसलिए यह बहुत जरूरी है कि राइडर को अपने बाइक के सस्पेंशन की सर्विसिंग हर दो महीने में अलग से करवानी चाहिए। जिससे ये बेहतर परफर्मेंस दें और किसी भी परेशानी से बचाए।
सस्पेंशन फ्लूइड
कई बार जब बाइक का सस्पेंशन ठीक तरीके से काम नहीं करे तो इसके फ्लूइड की जांच जरूर करानी चाहिए। इस फ्लूइड के कारण ही सस्पेंशन बेहतर और स्मूद तरीके से काम करता है। ऐसे में अगर इसमें किसी तरह की समस्या हो जाती है तो मोटरसाइकिल चलाने के दौरान ज्यादा झटके लगते हैं। इस परेशानी से बचने के लिए सस्पेंशन फ्लूइड की जांच जरूर करानी चाहिए।
खराब रास्तों पर कम रखें रफ्तार
अगर आप ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर तेज रफ्तार से अपनी बाइक दौड़ा रहे हैं, तो आपको ऐसा करने से बचना चाहिए। दरअसल इस वजह से सस्पेंशन की स्प्रिंग बहुत जल्दी कमजोर हो जाती है और ये ठीक तरह से काम नहीं करता है। और धीरे-धीरे सस्पेंशन खराब हो जाता है तो फिर इसमें मिलने वाले आरामदायक सफर से महरूम हो जाते हैं।