2021 Volkswagen Tiguan Allspace Facelift
- फोटो : Volkswagen
2021 Volkswagen Tiguan AllSpace: जर्मनी की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी Volkswagen (फॉक्सवैगन) ने पिछले साल मार्च के महीने में अपनी थ्री-रो (तीन-पंक्ति) वाली Tiguan Allspace (टिगुआन ऑलस्पेस) एसयूवी को लॉन्च किया था। फॉक्सवैगन इसकी लॉन्चिंग के एक साल बाद ही इस 7-सीटर एसयूवी के फेसलिफ्ट मॉडल को लॉन्च करने जा रही है। कंपनी Tiguan Allspace फेसलिफ्ट मॉडल को 12 मई को आधिकारिक तौर पर पेश करने वाली है।
डिजाइन में क्या हुए बदलाव
नई टिगुआन ऑलस्पेस फेसलिफ्ट के डिजाइन में कुछ बदलाव देखने को मिलेंगे। इसके अलावा एसयूवी में कंट्रोल और असिस्ट सिस्टम जैसी नई टेक्नोलॉजी और बेहतर फीचर्स दिए जाएंगे। कंपनी ने टिगुआन ऑलस्पेस फेसलिफ्ट कार की एक टीजर तस्वीर साझा की है। हालांकि इस तस्वीर में कार में क्या बदलाव किए गए हैं वो नजर नहीं आ रहा, लेकिन इसमें कार के साइड प्रोफाइल की कुछ जानकारी मिलती है। कार की नई टीजर तस्वीर से पता चलता है कि एसयूवी के टेललाइट्स का डिजाइन मौजूदा मॉडल की तरह ही है। यहां तक कि साइड प्रोफाइल का क्रीज भी पिछले मॉडल की तरह ही है।
शानदार फीचर्स
टिगुआन एसयूवी फेसलिफ्ट के डिजाइन में हुए बदलावों को देखते हुए, नई टिगुआन ऑलस्पेस फेसलिफ्ट में भी ग्रिल में नई क्रोम लाइनें दी जा सकती हैं। इसमें फॉक्सवैगन की आईक्यू लाइट टेक्नोलॉजी और एलईडी हेडलाइट्स भी होंगी। 2021 टिगुआन ऑलस्पेस एसयूवी में MIB3 मल्टीमीडिया सिस्टम, डिजिटल कॉकपिट जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड मिल सकते हैं। भारत में बिकने वाले मॉडल में एक 8-इंज का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम भी मिलता है। वहीं इसके फेसलिफ्ट वर्जन में 10.25-इंच स्क्रीन का ऑप्शन मिल सकता है।
कुछ हद तक ऑटोमैटिक ड्राइविंग
नई टिगुआन ऑलस्पेस फेसलिफ्ट मॉडल में पिछले मॉडल के जैसा ही इंजन मिल सकता है। हालांकि कंपनी इसमें ट्रैवल असिस्ट जैसे नए फीचर्स को पेश कर सकती है। एडेप्टिव क्रूज कंट्रोल और लेन कीप असिस्ट फंक्शंस के साथ आने वाला यह फीचर आंशिक रूप से ऑटोमैटिक ड्राइविंग है।
दो जगहों पर बनेगी कार
फॉक्सवैगन के मुताबित वह टिगुआन ऑलस्पेस फेसलिफ्ट एसयूवी को दो अलग-अलग साइटों पर मैन्युफैक्चर करेगी। चीने के बाजार के लिए टिगुआन L का निर्माण शंघाई में किया जाएगा, जबकि उत्तरी और दक्षिणी अमेरिका के लिए टिगुआन के लॉन्ग व्हील बेस वर्जन और यूरोप के लिए इस कार का निर्माण मेक्सिको के पुएब्ला में होगा।
भारत में कब होगी लॉन्च
फॉक्सवैगन ने अभी तक इसका आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं किया है कि वह 2021 टिगुआन ऑलस्पेस फेसलिफ्ट को भारत में कब लॉन्च करेगी। फिलहाल कंपनी भारत में अपनी दो नई एसयूवी - Taigun (टाइगुन) और Tiguan facelift (टिगुआन फेसलिफ्ट) को लॉन्च करने की तैयारी में है।