ग्रहों का राजा है सूर्य
सूर्य देव को ग्रहों के अधिपति का स्थान प्राप्त है। कुंडली में सूर्यदेव पंचम स्थान के स्वामी है और साथ ही सिंह राशि का स्वामित्व भी इन्हें प्राप्त है। सभी ग्रहों में सूर्य और चंद्रमा दो ही ऐसे ग्रह हैं जिन्हें 1-1 राशि का स्वामित्व मिला हुआ है। अन्य सभी ग्रहों के पास 2 राशियां हैं। जहां सूर्यदेव स्व राशि सिंह में मूल त्रिकोण में होते हैं वहीं मेष राशि में उच्च के और तुला राशि में नीच के होते हैं।
उच्च और नीच राशि का अर्थ
फलित ज्योतिष में हर ग्रह की उच्च और नीच राशि होती है। जन्म के समय अगर ग्रह उच्च राशि में हो तो वो आपके कारक का शुभ फल करेगा वही जिस भाव का स्वामी होगा उसकी वृद्धि होगी। लेकिन अगर जन्म के समय ग्रह नीच राशि में है तो वो अपने कारक और भाव की हानि करेगा।
नक्षत्र और सूर्य
मेष राशि में कृतिका नक्षत्र के प्रथम चरण, वृषभ राशि में 2,3,4 चरण, सिंह राशि में उत्तरा फाल्गुनी का प्रथम चरण, कन्या राशि में 2,3,4 चरण और धनु राशि में उत्तराषाढ़ा के प्रथम चरण और मकर राशि में उत्तराषाढ़ा के 2,3,4 चरण पर सूर्य देव का आधिपत्य है। यानी जो भी जातक इन नक्षत्रों में पैदा होगा उनका स्वामी सूर्य होगा। उसे सूर्य की महादशा प्राप्त होगी। सूर्य जन्म कुंडली में जिस भी स्थिति में बैठा होगा जातक उस गुण को ग्रहण करेगा और उसी हिसाब से उसका व्यक्तित्व होगा।
सूर्य के मजबूत और कमजोर होने का जीवन पर प्रभाव
सूर्य को लग्न का कारक माना जाता है। ज्योतिष शास्त्र में 12 भाव से जातकों के प्रश्नों पर विचार किया जाता है। इसमें लग्न भाव से जातक की मानसिकता, व्यक्तित्व ,सम्मान, ऊर्जा, आत्म-विश्वास, आशा,सांसारिक मामलों में सफलता आदि का विचार किया जाता है। 12 लग्न भाव की कुंडली में पहले भाव से लेकर 12वें भाव तक सूर्य किसी एक भाव का स्वामी होगा। यदि सूर्य मजबूत स्थिति में है तो वो उस भाव के फलो में वृद्धि करेगा। साथ ही उपरोक्त दी गए कारकों की भी वृद्धि करेगा। प्रशासनिक अधिकारी, मंत्री जैसे पद भी सूर्य के मजबूत स्थिति में होने से प्राप्त होते हैं।
अगर किसी जातक की कुंडली में सूर्य अशुभ स्थिति में है तो वो जिस भाव का स्वामी है उसके फल में कमी करेगा वही जिस लग्न का कारक है तो उसके गुणों में कमी करेगा। आम तौर पर कमजोर सूर्य के प्रभाव से जातक उदास, विश्वासहीन, ईर्ष्यालु, क्रोधी, अहंकारी, महत्वाकांक्षी, आत्म केंद्रित, क्रोधी बनता है। सूर्य आत्मकारक ग्रह होता है, इसके कमजोर होने से जातक आत्मविश्वासी नहीं होता है।