केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने देश में सभी बीज डीलरों के लाइसेंस को सितंबर 2020 तक के लिए बढ़ा दिया है। मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर इतवार को यह जानकारी साझा की।
मंत्रालय ने कहा कि कोरोना लॉकडाउन के कारण कई राज्यों में अभी भी पूर्ण पाबंदी है। इसलिए मंत्रालय ने व्यापारिक सुविधा और किसानों को बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 19 मार्च को ही सभी बीज के डीलरों के लाइसेंस की अवधि छह महीने के लिए बढ़ा दी।
मंत्रालय की तरफ से कहा गया, कोरोना संक्रमण के चलते देश के कई हिस्से अभी भी लॉकडाउन में हैं। ऐसे में फसल की बुवाई के हालातों को देखते हुए किसानों के हित के लिए यह फैसला अनिवार्य है।
इसलिए मंत्रालय ने बीज की किल्लत और किसानों की सुविधा के लिए बीज डीलरों के लाइसेंस को बढ़ाने का फैसला किया है। सरकार के इस कदम का असर सीधे 14 करोड़ किसानों पर पड़ेगा।