बेफिक्र होकर घूमें, Uber का नया फीचर भारत में लॉन्च

उबर कैब ने यूजर्स की सुरक्षा को देखते हुए रियल टाइम आईडी चेक फीचर भारत में लॉन्च किया है। शुरुआत में इस फीचर को नई दिल्ली, मुंबई, बैंगलुरू, हैदराबाद और कोलकाता के लिए लॉन्च किया गया है। रियल टाइम आईडी चेक एक सिक्योरिटी फीचर है जिसके तहत कैब के ड्राइबर को एक निश्चित समय अंतराल पर अपनी फोटो (सेल्फी) उबर सर्विस के कंट्रोल रूम को भेजना होता है। कंट्रोल रूम इस सेल्फी के जरिए इस बात की पुष्टि करता है कि जिस ड्राइवर के नाम से कैब की बुकिंग हुई है, कैब वहीं ड्राइवर चला रहा है या नहीं।
इस फीचर को लेकर कंपनी का कहना है कि ड्राइवर पूरी तरह से कंपनी के देखरेख में रहेगा। इसलिए वह किसी भी प्रकार का फ्रॉड नहीं कर सकेगा। साथ ही इससे कैब की सर्विस लेने वाले भी इस बात को लेकर आश्वत रहेंगे कि कैब का ड्राइवर ऑथेंटिक है और वे सुरक्षित यात्रा कर रहे हैं।
उबर ने एक बयान में कहा कि भारत में कई ऐसे मामले सामने आए हैं जिनमें कैब का ड्राइवर कोई और होता था लेकिन कैब किसी और के साथ में होती थी। भारत में कई कैब ड्राइवर अपने दोस्तों के बीच कैब शेयर करते हैं लेकिन ऐप में अपने अकाउंट को लॉग आउट करना भूल जाते हैं। यह फीचर लोगों को काफी पसंद आएगा और इससे उबर की सर्विस और ऑथेंटिक होगी।