चलती फिरती नर्स की तरह काम करता है हेल्थ पाई मोबाइल ऐप

विस्तार
अब किसी बीमारी की जानकारी पाने के लिए डॉक्टर पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। चुटकी में आप ‘हेल्थ पाई’ ऐप पर कभी भी कोई जानकारी हासिल कर सकते हैं। ‘हेल्थ पाई’ ऐप एक मोबाइल नर्स की तरह आपकी सेहत का ख्याल रखता है। ऐप में बीमारी का विवरण, लक्षण, रोकथाम अथवा खानपान एवं परहेज के बारे में पूरी जानकारी मिलेगी।
बंगलौर की ‘एमतत्वा’ नामक कंपनी ने हिंदी भाषा में ‘हेल्थ पाई’ नामक मोबाइल ऐप हाल में लॉन्च किया है। यह एप्लीकेशन आपको दवा लेने के लिए याद दिलाएगी। यही नहीं, आप अपने पूरे परिवार के मेडिकल दस्तावेज जैसे दवा के पर्चे, टेस्ट रिपोर्ट, बिल आदि इस ऐप पर सेव कर सकते हैं।
कैमरे से इन दस्तावेजों की फोटो खींचकर उन्हें सुरक्षित ऐप और सर्वर पर स्टोर कर सकते हैं। इन दस्तावेजों को आप कभी भी और कहीं भी देख सकते हैं। ऐप में आप बच्चों के टीकाकरण ई-चार्ट भी बना सकते हैं। ऐप पर टीकाकरण भारतीय पीडियाट्रिक एसोसिएशन द्वारा सुझाए टीके दिए गए हैं, जिन्हें आप अपने अनुसार बदल सकते हैं।
यह ऐप आपको सही समय पर बच्चों को टीकाकरण के लिए याद दिलाता है। इसके अलावा बच्चों का ग्रोथ चार्ट भी आप इस ऐप पर रख सकते हैं। शुगर या हाई ब्लड प्रेशर रोगियों के लिए भी इसे लाभदायक बताया जा रहा है। ऐप में आप अपने शुगर या ब्लड प्रेशर की रीडिंग एक चार्ट के रूप में रख सकते हैं, जिन्हें आप अपने डॉक्टर के साथ भी शेयर कर सकते हैं। इसके अलावा अगर आपके माता-पिता ने समय पर दवा नहीं ली है, तो उनसे काफी दूर होने के बावजूद आपके पास तुरंत अलर्ट आ जाएगा।
आप अपनी दवा के रिमाइंडर कर सकते हैं। कंपनी के सीईओ बलजीत सिंह के मुताबिक ‘हेल्थ पाई’ देश के उन करोड़ों लोगों के लिए लाभप्रद होगी, जो पढ़ नहीं सकते। लोग डॉक्टर से अपनी सेहत के बारे में सवाल भी ऐप पर पूछ सकते हैं। यह ऐप एक डिजिटल डॉक्टर की तरह काम करता है, जिसे हमेशा आप जेब में रख सकते हैं।