Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Prayagraj News ›   Campaign launched against extortionist bikers, 300 bikes seized

Mahakumbh : वसूली करने वाले बाइकर्स के खिलाफ चला अभियान, 300 बाइकें की सीज

Mon, 24 Feb 2025 04:14 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज Published by: विनोद सिंह Updated Mon, 24 Feb 2025 04:14 PM IST
सार

महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को संगम तक लाने-ले जाने के लिए शहर में इन दिनों बाइकर्स गैंग सक्रिय हैं। ये लोगों की मजबूरी का फायदा उठाते हुए मनमानी वसूली कर रहे हैं।

Campaign launched against extortionist bikers, 300 bikes seized
महाकुंभ में लोगों को संगम तक पहुंचा रहे बाइक सवार। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार

    महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को संगम तक लाने-ले जाने के लिए शहर में इन दिनों बाइकर्स गैंग सक्रिय हैं। ये लोगों की मजबूरी का फायदा उठाते हुए मनमानी वसूली कर रहे हैं। स्थिति यह है कि थोड़ी दूरी के लिए भी 500 से एक हजार रुपये की मांग की जा रही है। इसे देखते हुए अलग-अलग थाना पुलिस ने अभियान चलाकर विभिन्न जगहों से लगभग 300 बाइकों को सीज कर दिया है।



    13 जनवरी से शुरू हुए महाकुंभ मेले में बाहरी नंबर की गाड़ियों को शहर की सीमाओं पर ही रोका जा रहा है। इस कारण श्रद्धालुओं को 10 से 12 किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ रहा है। इसे देखते हुए बाइकर्स गैंग सक्रिय हैं और श्रद्धालुओं को संगम से पार्किंग और पार्किंग से संगम तक छोड़ने के लिए मोटी रकम वसूल रहे हैं। इसकी शिकायतें मिलने पर सिविल लाइंस पुलिस ने जनवरी माह में ही आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। साथ ही उनकी बाइक भी जब्त कर ली थी। इसके बाद भी बाइकर्स गैंग की मनमानी जारी रही।

    विज्ञापन

    ऐसे में अब एकबार फिर पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाया गया। इस दाैरान सिर्फ सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में ही 42 बाइकें पकड़ी गईं, जिसे सीज कर दिया गया। सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि बाइकर्स गैंग पर लगाम लग सके। इसके अलावा नैनी, झूंसी, शिवकुटी, कोतवाली, खुल्दाबाद, धूमनगंज, शाहगंज, कीडगंज, जार्जटाउन, कर्नलगंज समेत अन्य थानों की पुलिस ने अभियान चलाकर बाइकर्स गैंग के खिलाफ कार्रवाई की है।

    संगम इंट्री प्वाइंट पर नो पार्किंग में खड़े 600 वाहनों के चालान

    चुंगी, अलोपीबाग, बांगड़ चौराहा समेत संगम के इंट्री प्वाइंट वाले क्षेत्रों में दिनभर जाम लगा रहता है। कई चालक अपने वाहनों को सड़क किनारे ही पार्क कर दे रहे हैं। नो-पार्किंग में वाहनों के लगने से जाम की स्थिति बन रही है। संगम इंट्री प्वाइंट समेत अन्य जगहों पर पर नो-पार्किंग में लगभग 600 वाहनों के चालान काटकर इनसे 6.55 लाख की वसूली की गई है। पुलिस अफसरों का कहना है कि अगर कोई चालक श्रद्धालु से अधिक पैसा वसूली करते पाया गया तो उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

    विज्ञापन

    Followed