यूपी विधानमंडल का विशेष सत्र: मंत्री बोलीं, सपा-कांग्रेस के कारण महिलाओं को नहीं मिला बराबरी का हक

Thu, 30 Apr 2026 04:51 PM IST
Ishwar Ashish Bhartiya अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ Published by: Ishwar Ashish Bhartiya Updated Thu, 30 Apr 2026 04:51 PM IST
खास बातें

समाजवादी पार्टी व कांग्रेस द्वारा लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक पारित नहीं होने देने के विरोध में आज यूपी विधानमंडल का विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है। विशेष सत्र के दौरान भाजपा निंदा प्रस्ताव लेकर आएगी। सत्र का शुभारंभ सीएम योगी के भाषण से हुआ जिसमें उन्होंने भाजपा सरकारों की तरफ से महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं का वर्णन किया और सपा-कांग्रेस पर निशाना साधा। देखें सभी अपडेट्स
 

UP Vidhanmandal session: UP Legislature's special session on women's reservation today
यूपी सरकार की मंत्री बेबी रानी मौर्य। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:49 PM, 30-Apr-2026

सपा विधायक कमाल अख्तर बोले- बीजेपी के जितने भी साथी हैं, वह भ्रम फैलाते हैं

सपा विधायक कमाल अख्तर - फोटो : सोशल मीडिया
सपा विधायक कमाल अख्तर ने कहा- ये सभी जानते हैं कि 2023 में महिला आरक्षण बिल पास हुआ था। लेकिन बीजेपी के जितने भी साथी हैं, वह भ्रम फैलाते हैं। जब बिल पास हो गया, जब पीएम मोदी ने कहा कि 2026 की जनगणना के बाद परसीमन होगा और बिल लागू किया जाएगा। लेकिन, जब 5 राज्यों के चुनाव आए तो विशेष सत्र बुलाकर इस बिल को पेश किया जाता है।

अब आप ही बताइए कि 2011 की जनगणना के आधार पर तो यूपी सरकार पंचायत चुनाव नहीं करवाना चाहती? फिर लोकसभा में महिला आरक्षण बिल कैसे लागू हो जाएगा?
04:28 PM, 30-Apr-2026

पूजा पाल बोलीं- सपा-कांग्रेस महिला के विरोधी थे, हैं और रहेंगे

सपा विधायक पूजा पाल - फोटो : सोशल मीडिया
सपा विधायक पूजा पाल ने कहा, पीएम मोदी ने देश की आबादी को सम्मान दिलाने का प्रयास किया। विपक्ष में बैठे सपा और कांग्रेस जो खुद को महिला हितैषी बताते हैं, यही लोग इसका विरोध करने लगे। ये लोग दिखा रहे कि ये महिला विरोधी थे, हैं और रहेंगे।

उस दिन महिलाएं टीवी पर टकटकी लगाकर देख रही थी, ये वो महिलाएं थी जो गरीब थी, किचन में काम कर रही थी, लेकिन जब बिल पास नहीं हुआ तो उनके मन को ठेस पहुंचा।
 
03:45 PM, 30-Apr-2026

'गरीब महिलाओं के लिए नो इंट्री का बोर्ड लेकर खड़े हो जाते हैं सपा-कांग्रेस'

भाजपा विधायक केतकी सिंह। - फोटो : amar ujala
भाजपा विधायक केतकी सिंह ने कहा कि विपक्ष की ओर से महिला आरक्षण का विरोध करना लोकतंत्र का काला दिन है। सपा कांग्रेस के लोग महिलाओं को आगे नहीं बढ़ने देना चाहते हैं। कांग्रेस के प्रमुख परिवार की दो-दो महिलाएं संसद की सदस्य हैं और यूपी के प्रमुख विपक्षी दल के नेता के घर की महिला सांसद है लेकिन वो गरीब महिलाओं का विरोध करते हैं। सपा का समाजवाद महिलाओं के लिए नहीं है। सपा-कांग्रेस के लोग गरीब महिलाओं के राजनीति में आने पर नो इंट्री का बोर्ड लेकर खड़े हो जाते हैं।
विज्ञापन
03:30 PM, 30-Apr-2026

'पीएम मोदी चाहते थे कि महिलाओं को बराबरी का हक मिले'

यूपी सरकार की मंत्री बेबी रानी मौर्य ने सदन के विशेष सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा थी कि महिलाओं को राजनीति में भी अवसर मिले पर सपा-कांग्रेस के कारण ऐसा नहीं हो सका। अगर परिसीमन का बिल पास हो जाता है तो किसी भाई की सीट कम न होती और महिलाओं को भी उनका हक मिल जाता और यही प्रधानमंत्री जी चाहते थे कि महिलाओं को बराबरी का हक मिले। इस बिल का विरोध कर सपा-कांग्रेस ने महिलाओं का अपमान किया है जिसे कभी भी महिलाएं नहीं भूलेंगी क्योंकि उनके कारण ही महिलाओं को बराबरी का हक नहीं मिला।
02:26 PM, 30-Apr-2026

'सपा-कांग्रेस ने सभी को धोखा दिया'

पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर। - फोटो : amar ujala
विशेष सत्र को संबोधित करते हुए यूपी के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि विपक्ष महिलाओं का विरोध कर रहा है। कांग्रेस ने लंबे समय तक सत्ता में रहने के दौरान महिलाओं को आरक्षण नहीं दिया और अब जब मोदी सरकार उन्हें उनका हक देना चाहती है तो ये विरोध कर रहे हैं। ये लोग संविधान की बात करते हैं लेकिन महिलाओं का विरोध करते हैं। सपा के लोगों ने समाज के हर वर्ग को धोखा दिया। उन्होंने केवट, जाट और मल्लाह को धोखा दिया। सभी जाति वर्गों को धोखा दिया। अब 2027 के चुनाव में जनता इनसे हिसाब लेगी। 
01:25 PM, 30-Apr-2026

सपा विधायक बोलीं, 'भाजपा की मंशा आरक्षण देना नहीं बल्कि राजनीतिक षड्यंत्र है'

सपा विधायक रागिनी सोनकर - फोटो : amar ujala
विशेष सत्र को संबोधित करते हुए सपा विधायक रागिनी सोनकर ने कहा कि आज इस सत्र को जिस तरह बुलाया गया है वो भाजपा का राजनीतिक षड्यंत्र ज्यादा लगता है न कि महिलाओं के अधिकारियों की वास्तविक चर्चा। अगर महिलाओं को आरक्षण देना होता तो सितंबर 2023 में पारित हुए बिल की अधिसूचना अप्रैल 2026 में न जारी की जाती। उन्होंने कुछ पंक्तियां पढ़ते हुए कहा कि मैं यूपी की नारी हूं, बेखौफ सताई जाती हूं। रामराज्य का नारा देकर बलि चढ़ाई जाती हूं। सिंदूर, कोख और इज्जत नोच जिंदा लाश बनाई जाती हूं। नकली आरक्षण का धोखा देकर शतरंज नचाई जाती हूं। मैं यूपी की नारी हूं हर रोज जलाई जाती हूं।

उन्होंने कहा कि जब संसद की बात आती है तो नेहरू को भाजपा के लोग कोसते हैं और जब यूपी की बात आती है तो नेताजी को कोसते हैं क्योंकि इन लोगों का यही धंधा है क्योंकि इनका सारा काम मंदा है। नेताजी ने
महिलाओं को आरक्षण देकर पंचायत में 35 प्रतिशत आरक्षण देकर महिलाओं को ब्लॉक प्रमुख से लेकर प्रधान और बीडीसी की कुर्सी पर बैठाया है और भाजपा के लोगों ने नारी को नारा बनाया है। भाजपा का नारी वंदन झूठा है। भाजपा के लोग नारी को इस्तेमाल करके सत्ता की कुर्सी को हथियाना चाहते हैं। यही इनकी मंशा है।
विज्ञापन
01:04 PM, 30-Apr-2026

कांग्रेस नेता की मांग, 2027 के विधानसभा चुनाव में 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को दे भाजपा सरकार

कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा मोना। - फोटो : यूपी विधानसभा यूट्यूब चैनल
यूपी विधानमंडल में कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि सरकार महिला आरक्षण की बात कर रही है। हम भी यही चाहते हैं कि भाजपा सरकार इसे लागू करे कि यूपी के विधानसभा चुनाव 2027 में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ही सबसे पहले इस देश को महिला राष्ट्रपति दिया। महिला प्रधानमंत्री दिया। अगर इतिहास को देखें को कांग्रेस ने ही आजादी के बाद महिलाओं को पुरुषों के बराबर का मताधिकार दिया। राजीव गांधी की सरकार आने पर वोट देने की उम्र 18 साल की गई जिससे साढ़े तीन करोड़ लोगों को और मताधिकार मिला। महिला आरक्षण बिल सितंबर 2023 में संसद में पास हुआ और इसे लागू करने में तीन साल लग गए। हमारी मांग है कि जो बिल पास हो चुका है उसे लागू किया जाए। इस पर वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि बिना परिसीमन कैसे लागू होगा। इस पर कांग्रेस नेता ने कहा कि इसके लिए परिसीमन की आवश्यकता नहीं है। अगर आपकी नीयत है तो इस बिल को तत्काल परिस्थिति में लागू करें। इस सदन से ये प्रस्ताव पारित करे जिससे कि 2027 के विधानसभा चुनाव में महिलाओं को आरक्षण मिल सके।
12:28 PM, 30-Apr-2026

डिप्टी सीएम बोले- सपा के लोग मायावती को मार देना चाहते थे

उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक - फोटो : यूपी विधानसभा यूट्यूब चैनल।
विशेष सत्र को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि सपा के लोग महिला सम्मान की बात करते हैं लेकिन यही लोग थे जब बसपा ने सपा से समर्थन वापस ले लिया था तो सपा के गुंडे स्टेट गेस्ट हाउस में मायावती को सिलिंडर लीक कर जान से मारना चाहते थे। ये लोग अब महिलाओं के सम्मान की बात करते हैं। स्वर्गीय फूलन देवी को डाकू बना देने में इन्हीं सपा के लोगों का हाथ था।
12:17 PM, 30-Apr-2026

सपा विधायक संग्राम यादव बोले- महिला शक्तिकरण की पुरानी कैसेट बजा रहे सीएम योगी

सपा विधायक संग्राम यादव। - फोटो : यूपी विधानसभा यूट्यूब चैनल
विधानमंडल के नेता सदन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाषण पर जवाब देते हुए सपा नेता संग्राम यादव ने कहा कि आज जब सदन का विशेष सत्र बुलाया गया तो उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री जी नारी सशक्तिकरण पर अपनी बात रखेंगे पर उन्होंने यहां प्रवचन किया। यही बातें मुख्यमंत्री ने राज्यपाल के अभिभाषण पर कहीं। यही बातें मुख्यमंत्री ने बजट भाषण में कही और आज जब पूरे देश की नजर इस सदन की कार्रवाई पर हैं तो मुख्यमंत्री ने यहां पर भी वही पुराना कैसेट जारी कर दिया।
12:05 PM, 30-Apr-2026

'संसद में अपने आचरण की भर्त्सना करे सपा'

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है। यही कारण है कि वर्क फोर्स में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है जिसका परिणाम हुआ है कि यूपी की अर्थव्यवस्था में तीन गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि अगर सपा के लोग महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की मांग कर रहे हैं तो संसद में अपने आचरण की भर्त्सना करें और अपने व्यवहार की निंदा करें।
Load More
विज्ञापन

Followed