सार
न्यूयॉर्क सिटी के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान मामदानी शुक्रवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। इससे पहले मामदानी ने कहा कि बैठक का मुख्य फोकस शहर में रहने की महंगाई और आर्थिक संकट होगा। वे आर्थिक सुरक्षा और सार्वजनिक सुरक्षा के मुद्दों को उठाएंगे और शहर को किफायती बनाने के लिए किसी के साथ भी काम करने को तैयार हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और न्यूयॉर्क के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी
- फोटो : x @DonaldJTrump / ANI
न्यूयॉर्क सिटी के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान मामदानी आज राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करने वाले है। इस मुलाकात को लेकर जहां एक तरफ पूरे अमेरिका भर में चर्चा तेज है। वहीं दूसरी ओर अब ममदानी ने भी इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी है। ममदानी ने कहा कि वे शुक्रवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने वाले हैं। उन्होंने बताया कि इस बैठक का मुख्य विषय शहर में रहने की महंगाई और आर्थिक संकट होगा। मामदानी ने कहा कि यह अवसर है कि हम न्यूयॉर्कवासियों के लिए मुद्दों को सामने रख सकें।
ममदानी ने बताया कि ट्रंप से मुलाकात के दौरान वे आर्थिक सुरक्षा और सार्वजनिक सुरक्षा के मुद्दों को उठाएंगे। उन्होंने कहा कि मैं किसी के साथ भी काम करने को तैयार हूं, अगर इससे हमारे शहर में जीवन को अधिक किफायती बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि बातचीत करना जरूरी है।
ये भी पढ़ें:- US: व्हाइट हाउस में आज ट्रंप-ममदानी होंगे आमने-सामने, लेविट बोलीं- अमेरिकी हित में किसी से मिलने को तैयार
न्यूयॉर्कवासियों के लिए कर रहे मुलाकात- ममदानी
इस दौरान ममदानी ने इस बात पर भी जोर दिया कि अगर कोई योजना न्यूयॉर्कवासियों के लिए फायदेमंद है तो मैं उसका समर्थन करूंगा और अगर नुकसान पहुंचाती है तो सबसे पहले विरोध करूंगा। मामदानी ने कहा कि पांचों जिले में वोटरों को महंगाई और जीवन यापन की समस्या सबसे ज्यादा परेशान कर रही थी। चुनाव के बाद कई लोगों ने कहा कि महंगाई, महंगाई, महंगाई ही उनका सबसे बड़ा मुद्दा था। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रंप और वे दोनों चुनाव में महंगाई को मुख्य मुद्दा मानते थे। मामदानी ने बताया कि ऐसे भी लोग हैं जिन्होंने ट्रंप के लिए वोट किया, लेकिन बाद में उनकी पार्टी को चुना।
राष्ट्रपति तक जरूरतों को पहुंचाने का मौका- ममदानी
बैठक से पहले मामदानी ने कहा कि यह मौका है कि वास्तविक समस्याओं और जरूरतों को राष्ट्रपति तक पहुंचाया जाए। उन्होंने इस बात को उदाहरण देते हुए समझाया कि मान लीजिए कि शहर में चार में से एक व्यक्ति गरीबी में है और पांच में से एक व्यक्ति बस का किराया $2.90 भी मुश्किल से दे पाता है। हालांकि आज होने वाली इस गर्मजोशी भरे मुलाकात को लेकर गवर्नर कैथी होचुल ने कहा कि इससे कुछ मुद्दों में साझा जमीन मिल सकती है, जैसे गेटवे टनल, ट्रांजिट फंडिंग और नेशनल गार्ड तैनाती से बचना।
दूसरी ओर मामदानी ने यह भी पुष्टि की कि एनवाईपीडी कमिश्नर जेसिका टिश अपनी पोस्ट पर बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि नेताओं को अपनी विभागों के लिए जोरदार समर्थन करना चाहिए और कभी-कभी मतभेद एक स्वस्थ संबंध का संकेत होते हैं।
ये भी पढ़ें:- US: 'ममदानी खुद भारतीय', एरिक ट्रंप के आरोप पर मेहदी हसन का तंज; बोले- इसीलिए इन्हें सबसे मूर्ख बेटा कहते हैं