इस्राइल द्वारा लेबनान की राजधानी बेरूत पर किए गए हवाई हमले के एक दिन बाद अब यमन की ओर से इस्राइल के कई शहरों को निशाना बनाकर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गई हैं। मध्य इस्राइल में लगातार सायरन की आवाजें सुनाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि, यमन की ओर से इस्राइल के कई हिस्सों पर बैलिस्टिक मिसाइल के जरिए हमले किए गए हैं। तेल अवीव और आस-पास के शहरों में अर्लट जारी किए गए हैं।
इस्राइल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने कहा कि मिसाइल को इस्राइली क्षेत्र के बाहर आईडीएफ एरियल डिफेंस एरे द्वारा रोक दिया गया है। सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। हालांकि कुछ लोग साइरन की आवाजें सुनकर सुरक्षित क्षेत्रों में जाने की हड़बड़ी में घायल हुए हैं। इन हमलों के बाद तेल अवीव समेत इस्राइल के कई शहरों में सायरन लगातार बज रहे हैं।
नसरल्ला की मौत पर बाइडन का बयान
वहीं इस मामले पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की प्रतिक्रिया सामने आई है। जो बाइडन ने कहा कि, इजरायल को आत्मरक्षा का पूरा अधिकार है। नसरल्लाह चार दशकों से आतंक फैला रहा था। उसकी मौत से सैकड़ों लोगों को न्याय मिला है।
व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान के अनुसार बाइडन ने कहा कि, "हसन नसरल्ला और उनके नेतृत्व वाला आतंकवादी समूह हिजबुल्ला ने पिछले चार दशक में सैकड़ों अमेरिकियों की हत्या के लिए जिम्मेदार है। इस्राइल के हवाई हमले में उसकी मौत हजारों अमेरिकियों, इस्राइलियों और लेबनानी नागरिकों सहित कई पीड़ितों के लिए 'न्याय का एक उपाय' है।
'इस्राइली नागरिकों को धमकाने वालों को ढूंढकर खत्म कर दिया जाएगा'
शीर्ष हिजबुल्ला नेता हसन नसरल्ला की हत्या पर प्रतिक्रिया देते हुए भारत में इस्राइली दूतावास के प्रवक्ता ने कहा कि, इस्राइली नागरिकों को धमकाने वालों को ढूंढकर खत्म कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा, कुछ घंटे पहले इस्राइली रक्षा बल ने हसन नसरल्ला के खात्मे की पुष्टि की है। उसके साथ मारे जानें वालों में अली कराकी और हिजबुल्ला के कई अन्य उच्च पदस्थ अधिकारी भी शामिल हैं। उनके हाथों में बहुत खून था। यह आईडीएफ के टूलबॉक्स में आखिरी हथियार नहीं है।
इस्राइली दूतावास के प्रवक्ता ने कहा कि, इजरायली नागरिकों को धमकाने वालों को ढूंढकर खत्म कर दिया जाएगा, चाहे वह पास हो या दूर। जिस तरह हम इस सटीक हमले के लिए तैयार हैं, उसी तरह हम कई अन्य परिदृश्यों के लिए भी तैयार हैं।