अफगानिस्तान के कई क्षेत्रों में भारी बाढ़ के बाद विश्व खाद्य कार्यक्रम ने रविवार को बताया कि अधिकांश बाढ़ प्रभावित क्षेत्र ट्रकों द्वारा पहुंच योग्य नहीं हैं। संगठन ने एक तस्वीर साझा की, जिसमें सहायता कर्मी गधों का उपयोग करके बगलान में आपातकालीन आपूर्ति कर रहे हैं। यूएन डब्ल्यूएफपी ने एक्स पर पोस्ट कर यह जानकारी दी। डब्ल्यूएफपी को लोगों को भोजन दिलाने के लिए हर विकल्प का सहारा लेना पड़ा।
पाकिस्तान में टीटीपी के 4 आतंकवादी मारे गए
पाकिस्तान के पंजाब में सुरक्षाबलों ने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के चार आतंकियों को मार गिराया है। सीटीडी प्रवक्ता ने बताया कि पिछले सप्ताह में टारगेट किलर फैजान अहमद बट को गिरफ्तार किया था। रविवार को उसे हथियारों की बरामदगी के लिए ले जाया गया। वहां, छह टीटीपी आतंकी बट को बचाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बट सहित चार आतंकवादी मारे गए। तीन आतंकी घटनास्थल से भाग गए। घटनास्थल से दो कलाश्निकोव राइफलें और एक पिस्तौल बरामद की गई।
सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूंग ने कहा उनका देश विश्व स्तर पर प्रतिभाएं खोजता है और उनके यहां भारतीय आईआईटी, आईआईएम के प्रतिभाशाली स्नातकों का सबसे बड़ा समूह है। उन्होंने देश की प्रगति में विदेशी प्रतिभाओं के योगदान की सराहना करते हुए भारतीय प्रतिभा को अद्भुत कहा। लूंग 15 मई को प्रधानमंत्री का पद छोड़ने वाले हैं।
जलवायु परिवर्तन का तालीम पर असर, बंद करने पड़े स्कूल
जलवायु परिवर्तन शिक्षा के असर को खत्म करने में अहम योगदान दे रहा है। विश्व बैंक के एक नए नीति नोट ने इसके नवीनतम साक्ष्य पेश किए हैं। बीते 20 वर्षों में लगभग 75% स्कूल मौसमी घटनाओं के चलते बंद कर दिए गए। इससे 50 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए। मौजूदा दौर में किसी भी देश में गर्मी, बाढ़, प्रदूषण के चलते कई बार स्कूल बंद करना पड़ते हैं। स्कूल का बुनियादी ढांचा कमजोर होेने के चलते वहां पढ़ाई मुश्किल होती है और कई बार उन्हें बंद करना पड़ता है।
भारत-फ्रांस 13 से 26 मई तक करेंगे संयुक्त सैन्याभ्यास
भारत और फ्रांस रक्षा संबंधों को और मजबूत करने के लिए 13 से 26 मई तक मेघालय के उमरोई क्षेत्र में संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘शक्ति’के 7वें संस्करण का आयोजन करेंगे। भारतीय सेना ने कहा कि इस अभ्यास का उद्देश्य उप-पारंपरिक परिदृश्य में मल्टी-डोमेन ऑपरेशन करने के लिए दोनों पक्षों की संयुक्त सैन्य क्षमता को बढ़ाना है।
अमेरिका: साल भर खुला रहेगा भारत का वाणिज्य दूतावास
साल भर खुला रहेगा न्यूयॉर्क में भारत का वाणिज्य दूतावास आपात स्थिति में लोगों की भारत यात्रा में मदद और सुविधा प्रदान करने के लिए न्यूयॉर्क में भारत का महावाणिज्य दूतावास सभी छुट्टियों सहित पूरे वर्ष खुला रहेगा। यह सुविधा शुक्रवार से लागू हो चुकी है। दूतावास शनिवार और रविवार समेत सभी दिन दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक खुला रहेगा।
दस नेपाली पेशेवर पर्वतारोहियों ने माउंट एवरेस्ट फतह किया
नेपाल के दस पेशेवर पर्वतारोहियों ने शुक्रवार रात को माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने में सफलता पाई। यह इस मौसम में दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर चढ़ने वाला पहला अभियान दल है। इस अभियान के आयोजक ‘सेवन समिट ट्रैक’ के थानी गुरगैन ने कहा, डेंडी शेरपा के नेतृत्व में टीम 8,848.86 मीटर ऊंचे शिखर पर पहुंची।
पर्वतारोही रस्सियां लगाते हुए पर्वत शिखर पर पहुंचे। ये रस्सियां पर्वतारोहियों को पर्वत पर चढ़ने में सुविधा प्रदान करेंगी। पर्यटन विभाग के पर्वतारोहण अनुभाग ने शुक्रवार रात एक नोटिस जारी करते हुए कहा कि रस्सी लगाने का काम पूरा होने के बाद माउंट एवरेस्ट अब नेपाल और विदेशी पर्वतारोहियों की चढ़ाई के लिए खुल गया है।
यूक्रेन के उत्तरी खार्किव की हालत खराब
यूक्रेन ने कहा कि उत्तरी खार्किव क्षेत्र में स्थिति काफी खराब हो गई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रूस ने रविवार को कहा कि उसने सप्ताहांत में कुल नौ यूक्रेनी गांवों पर कब्जा कर लिया है। वहीं, यूक्रेन ने कहा कि लड़ाई जारी है। वह हमलों को नाकाम कर रहा है।