फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World: ईरान में 170 स्थानों पर सरकार विरोधी प्रदर्शन, खामनेई ने कहा- करेंगे सख्ती; म्यांमार में 6000 कैदी रिहा

Mon, 05 Jan 2026 04:34 AM IST
पवन पांडेय वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

ईरान की खस्ताहाल अर्थव्यवस्था व सरकार की नीतियों के खिलाफ भड़के विरोध-प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा में मरने वालों की संख्या 16 हो चुकी है। देश के 31 में से 25 प्रांतों के 170 से अधिक स्थानों पर प्रदर्शनों में शामिल 580 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन प्रदर्शनों ने सरकार को हिला दिया है। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने प्रदर्शनकारियों पर सख्ती बरतने की चेतावनी दी है। खामनेई (86) ने देश में अशांति पैदा करने वाले विरोध प्रदर्शनों को लेकर कहा कि दंगाइयों पर सख्ती करनी होगी।

विज्ञापन


सर्वोच्च नेता की ये टिप्पणियां एक सप्ताह से जारी प्रदर्शनों के प्रति अधिकारियों को अधिक आक्रामक रुख अपनाने की अनुमति देने का संकेत प्रतीत होती हैं। खास बात यह है कि विरोध-प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा के संबंध में सर्वोच्च नेता खामेनेई की यह पहली टिप्पणी है। खामेनेई ने कहा, हम प्रदर्शनकारियों से बात करते हैं। अधिकारियों को भी उनसे बात करनी चाहिए, लेकिन दंगा करने वालों से बात करने का कोई फायदा नहीं है। दंगा करने वालों को उनकी जगह दिखानी होगी। उन्होंने यह भी दोहराया कि इस्राइल या अमेरिका जैसी विदेशी ताकतें विरोध प्रदर्शनों को बढ़ावा दे रही हैं लेकिन इसका कोई सबूत नहीं दिया।

मादुरो की गिरफ्तारी पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने जताई चिंता
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेस ने सुरक्षा परिषद को बताया कि राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को अमेरिका में गंभीर आपराधिक मामलों में हिरासत में रखा गया है। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला का तत्काल भविष्य अनिश्चित है और देश में अस्थिरता बढ़ने की संभावना है। गुटेरेस ने क्षेत्र और देशों के बीच संबंधों पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की।
विज्ञापन


ब्रिटेन ने एआई चैटबॉट पर अश्लील तस्वीरें बनाने के आरोप में एक्स से मांगा जवाब
ब्रिटिश सरकार और मीडिया नियामक ऑफकॉम ने एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। आरोप है कि एक्स के कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) चैटबॉट ग्रोक का इस्तेमाल कर लोगों की आपत्तिजनक और बच्चों से जुड़ी अश्लील तस्वीरें तैयार की जा रही हैं। ब्रिटेन ने कंपनी से इस गंभीर सुरक्षा चूक पर जवाब तलब किया है।

ब्रिटिश नियामक ने स्पष्ट किया कि एआई के जरिये इस तरह की तस्वीरें बनाना या साझा करना कानूनन अपराध है। ऑफकॉम के प्रवक्ता के अनुसार, कंपनी से पूछा गया है कि वह यूजरों की सुरक्षा के लिए अपने कानूनी दायित्वों का पालन कैसे कर रही है। इससे पहले फ्रांस के मंत्रियों ने भी एक्स की इस सेवा को स्पष्ट रूप से अवैध बताते हुए इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। इधर, विवाद बढ़ता देख ग्रोक ने स्वीकार किया कि सुरक्षा घेरे में खामियों की वजह से ऐसी तस्वीरें बनी हैं, जिन्हें अब तेजी से सुधारा जा रहा है। गौरतलब है कि ब्रिटेन के सख्त कानूनों के तहत टेक कंपनियों की यह जिम्मेदारी है कि वे अपने प्लेटफॉर्म पर अवैध सामग्री को रोकें। इस मामले ने एक बार फिर एआई तकनीक के दुरुपयोग और सोशल मीडिया की जवाबदेही पर बड़ी बहस छेड़ दी है।

सांप्रदायिक तनाव के बीच नेपाल के बीरगंज में निषेधाज्ञा लागू
नेपाल के अधिकारियों ने भारत से सटे बीरगंज के कुछ हिस्सों में सोमवार को निषेधाज्ञा लागू कर दी। अधिकारियों ने बताया कि यह कदम बढ़ते सांप्रदायिक तनाव और झड़पों की आशंका को देखते हुए उठाया गया है।

एक दिन पहले सोशल मीडिया पर कथित धार्मिक सामग्री वाले एक वीडियो को लेकर विरोध प्रदर्शन बीरगंज शहर में हिंसक हो गए थे। यह शहर परसा जिले में स्थित है। परसा जिला प्रशासन कार्यालय ने बीरगंज महानगर के संवेदनशील इलाकों में निषेधाज्ञा जारी की है। ये प्रतिबंध स्थानीय समय के अनुसार दोपहर एक बजे से लागू हो गए हैं और अगले आदेश तक जारी रहेंगे।

जिला प्रशासन कार्यालय के प्रमुख भोलादहल की ओर से हस्ताक्षरित नोटिस में कहा गया है कि शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए तय क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की सभा, जमावड़ा, जुलूस और प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक रहेगी।

हवाई संचार प्रणाली की खराबी के पीछे साइबर हमले नहीं: ग्रीस के परिवहन मंत्री
ग्रीस के परिवहन मंत्री ने सोमवार को कहा कि एक दिन पहले देश के हवाई क्षेत्र को बाधित करने वाली संचार प्रणाली की खराबी के पीछे की वजह साइबर हमला नहीं था। हालांकि, इस तकनीकी खामी के असल कारणों का पता लगाने के लिए जांच अभी भी जारी है।

रविवार को हवाई यातायात संचार (एयर ट्रैफिक कम्युनिकेशन) के कई चैनलों पर अचानक शोर सुनाई दिया, जिसके बाद पूरे ग्रीस में उड़ानों का संचालन कई घंटों तक रोकना पड़ा। इस कारण कई विमानों का मार्ग बदला गया और उड़ानों में देरी हुई। विमानन प्राधिकरण के अनुसार,  इस दौरान आने वाली उड़ानों को क्षेत्र के कई अन्य देशों की ओर मोड़ दिया गया, जिससे हजारों यात्री फंस गए।

भारतीय महिला की हत्या, पूर्व प्रेमी पर आरोप
अमेरिका के मैरीलैंड राज्य में 27 वर्षीय भारतीय महिला निकिता गोदिशाला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस का आरोप है कि इस हत्या को महिला के पूर्व बॉयफ्रेंड अर्जुन शर्मा ने अंजाम दिया और इसके बाद वह भारत भाग गया। निकिता एलिकॉट सिटी की रहने वाली थीं और 2 जनवरी को लापता बताई गई थीं। हावर्ड काउंटी पुलिस के अनुसार, निकिता का शव कोलंबिया, मैरीलैंड में अर्जुन शर्मा के अपार्टमेंट से बरामद हुआ। उनके शरीर पर चाकू से किए गए कई वार के निशान थे।

पुलिस ने बताया कि अर्जुन शर्मा ने ही पहले निकिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और कहा था कि उसने आखिरी बार 31 दिसंबर की शाम को निकिता को अपने अपार्टमेंट में देखा था। लेकिन जांच में सामने आया कि 2 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद ही वह अमेरिका छोड़कर भारत के लिए उड़ान भर चुका था। पुलिस ने अर्जुन शर्मा के खिलाफ प्रथम और द्वितीय श्रेणी की हत्या के आरोप में गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। जांचकर्ताओं का मानना है कि 31 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे के बाद निकिता की हत्या की गई।

इस मामले में वाशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह निकिता के परिवार के संपर्क में है और हर संभव कांसुलर सहायता प्रदान कर रही है। साथ ही स्थानीय अमेरिकी अधिकारियों के साथ भी लगातार संपर्क में है। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने कहा है कि जांच जारी है और अमेरिकी संघीय एजेंसियों के साथ मिलकर आरोपी की तलाश की जा रही है।

नाइजीरिया में जहाज से 31.5 किलो कोकीन मिली, 22 भारतीय गिरफ्तार
नाइजीरिया में एक कारोबारी जहाज से 31.5 किलो कोकीन बरामद होने के बाद उस पर सवार चालक दल के 22 भारतीय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। नाइजीरिया की मादक पदार्थ रोधी एजेंसी नेशनल ड्रग लॉ एनफोर्समेंट एजेंसी ने यह जानकारी दी। एजेंसी के अनुसार, यह कार्रवाई 2 जनवरी को लागोस के मुख्य बंदरगाह पर की गई। कोकीन की खेप एमवी अरुणा हुल्या जहाज से मिली। यह मार्शल आइलैंड्स से आया था। नशीला पदार्थ मिलने के बाद सभी भारतीय नाविकों को हिरासत में ले लिया गया। एजेंसी ने बताया कि जांच जारी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कोकीन कहां से आई और कहां भेजी जानी थी। जरूरत पड़ने पर अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों से भी सहयोग लिया जाएगा।

चीनी प्रोफेसरों व छात्रों ने विश्व हिंदी दिवस कार्यक्रम में लिया भाग
चीन की राजधानी बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास में विश्व हिंदी दिवस 2026 के उपलक्ष्य में भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बीजिंग के कई प्रमुख विश्वविद्यालयों के शिक्षकों और छात्रों ने शिरकत की। चीन में भारत के राजदूत प्रदीप कुमार रावत ने इस अवसर पर कहा कि हिंदी भाषा भारत और चीन के बीच सेतु की भूमिका निभाती है। उन्होंने वैश्विक स्तर पर हिंदी के बढ़ते कद को भी रेखांकित किया।

पाकिस्तान: अज्ञात हमलावरों ने 4 पुलिसकर्मियों को गोली मारी, मौत
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में अज्ञात बंदूकधारियों की गोलीबारी में चार पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को लक्की मरवत के सराय नौरंग शहर में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने ड्यूटी पर तैनात तीन ट्रैफिक पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी की, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी घटना में बन्नू के मंडन क्षेत्र में एक कांस्टेबल को गोली मारी गई।

पुर्तगाल में राष्ट्रपति चुनाव में 11 उम्मीदवार मैदान में उतरे
पुर्तगाल के राष्ट्रपति चुनाव में रिकॉर्ड 11 उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं। 18 जनवरी को होने वाले चुनाव से पहले दो सप्ताह का प्रचार अभियान शुरू हो चुका है। बड़ी संख्या में उम्मीदवार होने के कारण किसी के भी 50% से अधिक वोट पाने की संभावना कम मानी जा रही है। जनमत सर्वेक्षण के अनुसार, सत्तारूढ़ सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी के लुईस मार्केस और सोशलिस्ट पार्टी के एंटोनियो जोस प्रमुख दावेदार हैं।

नाइजीरिया बना ड्रग्स तस्करी का केंद्र
नाइजीरिया को लंबे समय से यूरोप और अन्य अफ्रीकी देशों में भेजे जाने वाले नशीले पदार्थों की तस्करी और उत्पादन का प्रमुख केंद्र माना जाता रहा है। नाइजीरिया का इस्तेमाल अक्सर ड्रग माफिया यूरोप और अन्य देशों में तस्करी के लिए एक ट्रांजिट हब के रूप में करते हैं। एजेंसी ने बताया कि पिछले वर्ष नवंबर में भी उसने इसी बंदरगाह पर ब्राजील से कोकीन लेकर आए एक जहाज से 20 फिलीपीनो नाविकों को गिरफ्तार किया था। उस कार्रवाई में कम से कम 20 किलो कोकीन जब्त की गई थी।

सीरिया: आईएस के ठिकाने पर ब्रिटेन व फ्रांस का हमला
ब्रिटेन व फ्रांस के लड़ाकू विमानों ने मध्य सीरिया में एक भूमिगत ठिकाने पर हवाई हमला किया। संदेह है कि वहां इस्लामिक स्टेट (आईएस) समूह के सदस्य हथियार और विस्फोटक जमा करते थे।
ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को बताया कि ये हमले शनिवार शाम को सीरिया के होम्स प्रांत में ऐतिहासिक शहर पल्मायरा के ठीक उत्तर में पहाड़ों में स्थित ठिकानों पर हुए। ब्रिटिश सेना ने टाइफून एफजीआर4 लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया। संयुक्त हमले में फ्रांसीसी विमान भी शामिल थे।

ब्रिटिश वायु सेना ने ठिकाने तक जाने वाली कई सुरंगों को निशाना बनाने के लिए निर्देशित बमों का इस्तेमाल किया। ब्रिटेन के रक्षा मंत्री जॉन हीली ने कहा, यह कार्रवाई सहयोगियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहने के हमारे दृढ़ संकल्प को दर्शाती है। ब्रिटेन व फ्रांस अमेरिका के नेतृत्व वाले उस गठबंधन का हिस्सा हैं जो एक दशक से अधिक समय से आईएस आतंकियों से लड़ रहा है। सीरिया सरकार की ओर से इन हमलों पर कोई टिप्पणी नहीं आई है। सीरिया पिछले साल के अंत में आईएस विरोधी गठबंधन में शामिल हुआ था। संयुक्त राष्ट्र विशेषज्ञों का कहना है कि सीरिया व इराक में आईएस के अभी भी 5-7 हजार सदस्य सक्रिय हैं।

बांग्लादेश: बीएनपी ने पीएम मोदी की संवेदना के लिए जताया आभार
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से भेजे गए शोक संदेश के लिए आभार जताया और भारत-बांग्लादेश संबंधों में उनके योगदान को याद किया। बांग्लादेश की तीन बार प्रधानमंत्री रहीं एवं बीएनपी की वरिष्ठ नेता जिया का 30 दिसंबर को निधन हो गया था। बीएनपी ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, माननीय नरेंद्र मोदी आपके शोक संदेश व श्रद्धांजलि के लिए हम हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं। बांग्लादेश और भारत के बीच संबंधों में बेगम खालिदा जिया के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। बता दें कि विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बीते बुधवार को जिया के अंतिम संस्कार कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व किया था और बीएनपी नेता एवं जिया के बड़े बेटे तारिक रहमान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शोक संदेश से संबंधित पत्र सौंपा था। 

म्यांमार में 6000 कैदियों की रिहाई
म्यांमार की सैन्य सरकार ने देश के 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 6,100 से अधिक कैदियों को माफी दी और उन्हें रिहा करने के घोषणा की है। इसके साथ ही कई अन्य कैदियों की सजा भी कम की जाएगी। में कटौती की घोषणा की है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, सैन्य सरकार के प्रमुख सीनियर जनरल मिन आंग ह्लाइंग ने 6,134 कैदियों को आम माफी दी है। इसके अलावा 52 विदेशी नागरिकों को रिहा कर देश से निर्वासित किया जाएगा। हालांकि, रिहा किए गए कैदियों की कोई विस्तृत सूची जारी नहीं की गई है। 
विज्ञापन

अमेरिका- केप कॉड हवाई अड्डे पर छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त, पायलट की मौत
रविवार को केप कॉड के प्रोविंसटाउन म्युनिसिपल एयरपोर्ट पर एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें आग लग गई और पायलट की मौत हो गई। विमान में सवार एकमात्र व्यक्ति पायलट ही था। शहर के अधिकारियों ने बताया कि दमकलकर्मियों और अन्य आपातकालीन कर्मियों ने केप कॉड के बिल्कुल दक्षिणी छोर पर स्थित समुद्रतटीय समुदाय के पास दुर्घटनास्थल पर आग बुझाई। बयान में कहा गया है कि पायलट को दुर्घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया।

राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड ने एक बयान में कहा कि विमान एक सेसना 172एन था और वह दुर्घटना की जांच करेगा। उसने दुर्घटना के संभावित कारण के बारे में कोई प्रारंभिक जानकारी नहीं दी। दुर्घटना के बाद हवाई अड्डे को बंद कर दिया गया। प्रोविंसटाउन बोस्टन से लगभग 50 मील (80 किलोमीटर) दक्षिण-पूर्व में केप कॉड के छोर पर स्थित है, जो दक्षिण-पूर्वी मैसाचुसेट्स में अटलांटिक महासागर में फैला हुआ एक घुमावदार प्रायद्वीप है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें