अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने स्पेसएक्स के क्रू-11 मिशन की समय से पहले वापसी को लेकर जानकारी दी है। अंतरिक्ष यात्री माइक फिंके ने बताया कि 7 जनवरी को अंतरिक्ष स्टेशन पर उन्हें स्वास्थ्य समस्या हुई, इसके बाद सभी चार सदस्यों को निर्धारित समय से पहले लौटाने का फैसला किया। नासा के अनुसार यह आपात स्थिति नहीं थी, बल्कि उन्नत मेडिकल जांच के लिए कदम था। क्रू-11 का कैप्सूल 15 जनवरी को सैन डिएगो तट के पास सुरक्षित उतरा और साढ़े पांच माह का मिशन पूरा हुआ।
अमेरिका ने अफगानिस्तान को लेकर जारी की ट्रैवल एडवाइजरी, कहा- पाकिस्तान के हमले से बिगड़े हालात
अफगानिस्तान में रह रहे अपने नागरिकों के लिए अमेरिकी मिशन ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी की। इसमें कहा गया है कि पाकिस्तान के हमले के बाद हालात बिगड़े हैं। हालात को बेहद जोखिमपूर्ण हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी इस एडवाइजरी में कहा गया कि अमेरिका, पाकिस्तान-अफगानिस्तान संघर्ष पर नजर बनाए हुए है।
मिशन की एडवाइजरी के अनुसार, पाकिस्तान ने आज सुबह 1:50 बजे (स्थानीय समयानुसार) काबुल, पक्तिया और कंधार पर हवाई हमले किए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तानी विमान सुबह नौ बजे तक अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र में रहे और निशाना तलाशते रहे। इसमें आगे लिखा है कि मीडिया आउटलेट्स ने अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमा पर झड़प की भी खबर दी है। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच मुख्य सीमा क्रॉसिंग बंद हैं। अमेरिका ने इन परिस्थितियों को काफी प्रतिकूल माना है। उनके मुताबिक, इस घटनाक्रम के बाद अफगानिस्तान में रहने वाले या वहां जाने वालों के लिए काफी जोखिम है।
पेंटागन ने ज्वाइंट स्टाफ निदेशक पद से वाइस एडमिरल को हटाया
पेंटागन ने अमेरिकी नौसेना के वाइस एडमिरल फ्रेड कैचर को ज्वाइंट स्टाफ के निदेशक पद से हटा दिया है। कैचर ने दिसंबर में ही यह पद संभाला था। प्रवक्ता ने पुष्टि की कि काचर अब अमेरिकी नौसेना में अपनी सेवाएं जारी रखेंगे, लेकिन हटाने का कारण नहीं बताया। सूत्रों के अनुसार वे इस पद के लिए उपयुक्त नहीं माने गए, हालांकि किसी विशेष वजह का खुलासा नहीं हुआ। डेन केन ने उनके योगदान की सराहना की। कैचर इससे पहले जापान स्थित अमेरिकी सातवें बेड़े के कमांडर और यूएस नेवल अकादमी के प्रमुख रह चुके हैं।
नेपाल में 4.7 तीव्रता का भूकंप, कोई नुकसान नहीं
नेपाल के पूर्वी हिस्से में शुक्रवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमानी पर इसकी तीव्रता 4.7 मापी गई। राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र के अनुसार, भूकंप सुबह 3 बजकर 18 मिनट पर आया। इसका केंद्र संखुवासभा और तपलेजुंग सीमा के पास टोपके गोला क्षेत्र में था, जो काठमांडू से लगभग 400 किलोमीटर पूर्व में स्थित है। भूकंप के झटके भोजपुर, पांचथर और तेहरथुम जिलों में भी महसूस किए गए। फिलहाल जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
ब्रिटेन में ग्रीन पार्टी को मिली बड़ी जीत, उपचुनाव में लेबर पार्टी तीसरे नंबर पर खिसकी
ब्रिटेन की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। इंग्लैंड में हुए एक विशेष उपचुनाव में ग्रीन पार्टी ने जीत दर्ज की है। इस नतीजे को इस छोटी पार्टी के लिए बड़ी कामयाबी और प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की लेबर पार्टी के लिए झटका माना जा रहा है। खबर के मुताबिक, गॉर्टन एंड डेंटन सीट पर हन्नाह स्पेंसर ने 14,980 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। रिफॉर्म यूके के मैथ्यू गुडविन को 10,578 वोट मिले। लेबर उम्मीदवार एंजेलिकी स्टोगिया को 9,364 वोट मिले। यह सीट ग्रेटर मैनचेस्टर क्षेत्र में आती है और दशकों से लेबर पार्टी का मजबूत गढ़ मानी जाती थी। ऐसे में ग्रीन पार्टी की जीत को ब्रिटेन की बदलती राजनीतिक तस्वीर का संकेत माना जा रहा है।
अमेरिका: रिटायर्ड पायलट ने चीन में दी ट्रेनिंग, गिरफ्तार
अमेरिका से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पर पूर्व अमेरिकी वायु सेना के एलीट फाइटर पायलट और एफ-35 प्रशिक्षक गेराल्ड एडी ब्राउन जूनियर को चीनी सैन्य पायलटों को गुप्त रूप से लड़ाकू प्रशिक्षण देने के गंभीर आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सहायक अटॉर्नी जनरल जॉन ए आइजेनबर्ग ने कहा, अमेरिकी वायु सेना ने मेजर ब्राउन को एक विशिष्ट लड़ाकू पायलट के रूप में प्रशिक्षित किया था और राष्ट्र की रक्षा की जिम्मेदारी सौंपी थी। एजेंसी 2023 में ब्राउन ने चीन जाकर दिया प्रशिक्षण...ब्राउन के सैन्य करियर में संवेदनशील इकाइयों का नेतृत्व, युद्ध अभियानों का संचालन और एफ-4, एफ-15, एफ-16, ए-10 तथा एफ-35 जैसे विमानों पर लड़ाकू पायलट एवं सिम्युलेटर प्रशिक्षक के रूप में सेवा शामिल थी।