नेपाल ने शुक्रवार को कहा कि वह भारत के साथ सीमा विवाद को कूटनीतिक माध्यमों से सुलझाने के लिए प्रतिबद्ध है। नेपाल के विदेश मंत्रालय ने एक बार फिर लिपुलेख, लिम्पियाधुरा और कालापानी क्षेत्र पर अपना दावा दोहराते हुए कहा कि ये इलाके 1816 की सुगौली संधि के आधार पर नेपाल के अभिन्न हिस्से हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लोक बहादुर क्षेत्री ने कहा कि नेपाल पहले ही लिपुलेख के रास्ते प्रस्तावित कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर अपना रुख सार्वजनिक कर चुका है। उन्होंने कहा कि नेपाल ने भारत और चीन दोनों को अपनी चिंता और आधिकारिक रुख से अवगत करा दिया है।
क्षेत्री ने कहा कि नेपाल भारत के साथ मौजूद घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंधों की भावना के अनुरूप इस मुद्दे का समाधान चाहता है। उन्होंने कहा कि नेपाल सरकार ऐतिहासिक समझौतों, तथ्यों, नक्शों और साक्ष्यों के आधार पर कूटनीतिक वार्ता के जरिए सीमा विवाद सुलझाने के लिए प्रतिबद्ध है। नेपाल की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है, जब भारत ने हाल ही में लिपुलेख मार्ग से कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर नेपाल की आपत्ति खारिज कर दी थी।
दक्षिण कोरिया-अमेरिका रक्षा वार्ता अगले सप्ताह
दक्षिण कोरिया और अमेरिका अगले हफ्ते वाशिंगटन में अपनी उच्च स्तरीय रक्षा वार्ता करेंगे। सोल के रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस बैठक में 'युद्धकालीन ऑपरेशनल कंट्रोल' (ओपीकॉन) यानी सेना की कमान अमेरिका से दक्षिण कोरिया को सौंपने और उत्तर-कोरिया सीमा के पास स्थित असैन्य क्षेत्र तक नागरिकों की पहुंच को नियंत्रित करने जैसे मुद्दे सबसे अहम रह सकते हैं।
मंत्रालय ने बताया कि हर दो साल में होने वाली कोरिया-अमेरिका एकीकृत रक्षा वार्ता (केआईडीडी) मंगलवार से बुधवार (अमेरिकी समय के अनुसार) तक चलेगी। योनहाप समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, इस वार्ता में दक्षिण कोरिया की तरफ से रक्षा नीति के उपमंत्री किम होंग-चोल और अमेरिका की तरफ से इंडो-पैसिफिक सुरक्षा मामलों के सहायक रक्षा सचिव जॉन नोह नेतृत्व करेंगे। मंत्रालय ने कहा, 'दोनों पक्ष कई तरह के सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा करेंगे, जिनमें युद्धकालीन ओपीकॉन ट्रांसफर और संयुक्त रक्षा व्यवस्था शामिल है, ताकि दोनों देशों का गठबंधन भविष्य में और मजबूत और दोनों के लिए फायदेमंद बन सके।' यह वार्ता ऐसे समय हो रही है, जब सियोल और वॉशिंगटन युद्धकालीन ओपीकॉन को अमेरिका से दक्षिण कोरिया को सौंपने पर काम कर रहे हैं। ली जे म्युंग सरकार का लक्ष्य है कि अपने पांच साल के कार्यकाल (2030 तक) के अंदर यह कमान वापस ले ली जाए।
पश्चिम एशिया संघर्ष से गैस आपूर्ति में काफी कमी आएगी
अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा के विश्लेषक गेर्गेली मोलनार ने कहा कि ईरान युद्ध के कारण 2026 से 2030 की अवधि में वैश्विक एलएनजी आपूर्ति में लगभग 120 अरब घन मीटर की कमी आ सकती है। बुडापेस्ट एलएनजी शिखर सम्मेलन में बोलते हुए, मोलनार ने कहा, यह संघर्ष मध्यम अवधि के गैस परिदृश्य को नया आकार दे रहा है, और बाजार की कठिन परिस्थितियां पहले की अपेक्षा अधिक समय तक बनी रहने की संभावना है।
हत्या की साजिश...चैटजीपीटी ओपनएआई के खिलाफ जांच
अमेरिका में पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनियों की जवाबदेही को लेकर बड़ा कानूनी सवाल खड़ा हो गया है। फ्लोरिडा स्टेट यूनिवर्सिटी में अप्रैल 2025 में हुई सामूहिक गोलीबारी की जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी ने अपराध की साजिश रचने में चैटजीपीटी का इस्तेमाल किया था। इसी के बाद ओपनएआई के खिलाफ आपराधिक जांच शुरू की गई है। हालांकि कंपनी पर अभी कोई आरोप तय नहीं हुआ है, पर इस मामले ने दुनिया भर में यह बहस तेज कर दी है कि क्या एआई चैटबॉट्स को कानून, नैतिकता और इंसानी मूल्यों की समझ होती है या नहीं।
जर्नल नेचर की रिपोर्ट के अनुसार, अभियोजक इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या ओपनएआई का चैटबॉट चैटजीपीटी फ्लोरिडा स्टेट यूनिवर्सिटी में हुई गोलीबारी की साजिश में इस्तेमाल हुआ था। फ्लोरिडा के अटॉर्नी जनरल जेम्स उथमेयर ने कहा कि अगर चैटबॉट कोई इंसान होता, तो उस पर हत्या में मदद करने के आरोप लग सकते थे। वहीं, ओपनएआई ने कहा कि वह इस भयावह अपराध के लिए चैटजीपीटी जिम्मेदार नहीं है। पिछले कुछ वर्षों में ऐसे कई मामले आए हैं, जिनमें एआई चैटबॉट्स पर खतरनाक सलाह देने के आरोप लगे।
आखिर कानून क्यों नहीं समझते एलएलएम
विशेषज्ञों के अनुसार एआई, जिन्हें लार्ज लैंग्वेज मॉडल यानी एलएलएम इंसानों की तरह अर्थ, नैतिकता या परिणामों को नहीं समझते। एआई सिर्फ अगला सबसे संभावित जवाब तैयार करता है। उसे यह समझ नहीं होती कि उसके जवाब का वास्तविक दुनिया में क्या असर पड़ सकता है।
विक्रम मिसरी ने रीम-अल-हाशमी से मुलाकात की
भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने गुरुवार को अबू धाबी में यूएई की अंतरराष्ट्रीय सहयोग राज्य मंत्री रीम-अल-हाशमी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी के सभी पहलुओं पर चर्चा की और व्यापार, निवेश, तकनीक तथा अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि बैठक में क्षेत्रीय हालात और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। हाल के दिनों में खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव और होरमुज जलडमरूमध्य में अमेरिका-ईरान संघर्ष को देखते हुए यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने इस दौरान मुबाडाला इन्वेस्टमेंट कंपनी के एमडी और सीईओ खालदून अल मुबारक से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों ने भारत में निवेश बढ़ाने और नई तकनीकों में साझेदारी मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। भारत और यूएई के बीच हाल के वर्षों में व्यापार और निवेश तेजी से बढ़ा है।
भारत और यूएई के बीच सुरक्षा और क्षेत्रीय हालात को लेकर बातचीत
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फुजैरा बंदरगाह शहर में हाल ही में हुए ड्रोन हमले के बाद भारत और यूएई के बीच सुरक्षा और क्षेत्रीय हालात को लेकर बातचीत तेज हो गई है। इसी सिलसिले में भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने अबू धाबी में यूएई की मंत्री रीम-अल हाशमी से मुलाकात की। बैठक में दोनों देशों के संबंधों के साथ-साथ पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात पर चर्चा हुई। हाल ही में ईरान की ओर से हुए ड्रोन हमले के बाद फुजैरा पेट्रोलियम इंडस्ट्रीज ज़ोन में आग लग गई थी, जिसमें तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए थे। इस घटना के बाद भारत ने यूएई के प्रति एकजुटता जताई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने फुजैरा पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा था कि भारत हर मुश्किल समय में यूएई के साथ खड़ा है। यह हमला ऐसे समय हुआ जब अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष विराम कमजोर पड़ता दिख रहा है और होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव लगातार बढ़ रहा है।
न्यूयॉर्क में ट्रंप प्रशासन और राज्य सरकार आमने-सामने
अमेरिका के न्यूयॉर्क राज्य में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की इमिग्रेशन नीति को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। ट्रंप के बॉर्डर प्रमुख टॉम होमन ने चेतावनी दी है कि अगर न्यूयॉर्क ने आईसीई यानी इमिग्रेशन एजेंसी पर रोक लगाने वाले कानून पास किए, तो केंद्र सरकार वहां बड़ी संख्या में एजेंट तैनात करेगी। इसके जवाब में न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने कहा कि वह धमकियों से डरने वाली नहीं हैं और राज्य अपने लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कानून बनाएगा।
प्रस्तावित कानूनों के तहत स्थानीय पुलिस को आईसीई के साथ सीधे सहयोग करने से रोका जा सकता है। साथ ही स्कूल, अस्पताल और धार्मिक स्थलों में बिना कोर्ट वारंट के आईसीई अधिकारियों की एंट्री भी प्रतिबंधित होगी। गवर्नर ने यह भी कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी, लेकिन आम प्रवासियों के साथ सख्ती बहुत ज्यादा बढ़ चुकी है। वहीं रिपब्लिकन नेताओं ने इन प्रस्तावों का विरोध किया है। उनका कहना है कि इससे अवैध प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई कमजोर होगी और सुरक्षा पर असर पड़ेगा। अमेरिका में इमिग्रेशन मुद्दे पर राजनीतिक टकराव लगातार तेज होता जा रहा है।
माली के दो गांवों पर आतंकी हमला, कई लोगों की मौत
पश्चिम अफ्रीकी देश माली में हिंसा लगातार बढ़ती जा रही है। मध्य माली के दो गांवों पर हुए हमलों में कई लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। सेना के अनुसार यह हमला चरमपंथी संगठन जेएनआईएम ने किया है। हमला कोरी कोरी और गोमोस्सोगो गांवों में किया गया। माली की सैन्य सरकार ने इस हमले को 'कायराना और बर्बर' बताया है। हालांकि प्रशासन ने मरने वालों की सही संख्या नहीं बताई। जेएनआईएम ने दावा किया कि उसका निशाना सरकार समर्थक मिलिशिया थे, जो सेना के साथ मिलकर काम कर रहे थे।
माली में 2020 में सैन्य तख्तापलट के बाद से सुरक्षा स्थिति लगातार खराब हुई है। सरकार ने सुरक्षा के लिए रूस का सहयोग लिया, जिसके बाद फ्रांस और संयुक्त राष्ट्र की शांति सेना को देश छोड़ना पड़ा। पिछले महीने भी चरमपंथी संगठनों ने बड़े हमले किए थे, जिनमें कई सैनिक और अधिकारी मारे गए थे। अब राजधानी बमाको पर भी दबाव बढ़ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि माली में बढ़ती हिंसा पूरे पश्चिम अफ्रीका की स्थिरता के लिए खतरा बन सकती है।
अमेरिका में हजारों लोगों के पासपोर्ट रद्द होंगे
अमेरिका सरकार अब उन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने जा रही है जो बच्चों के पालन-पोषण का पैसा यानी चाइल्ड सपोर्ट नहीं दे रहे हैं। अमेरिकी विदेश विभाग ने घोषणा की है कि ऐसे हजारों लोगों के पासपोर्ट रद्द किए जाएंगे।
शुरुआत में यह कार्रवाई उन लोगों पर होगी जिन पर 1 लाख डॉलर या उससे ज्यादा का बकाया है। ऐसे करीब 2700 अमेरिकी नागरिकों की पहचान की गई है। बाद में यह नियम उन सभी पर लागू होगा जिन पर 2500 डॉलर से ज्यादा का चाइल्ड सपोर्ट बकाया है। अब तक केवल पासपोर्ट रिन्यू कराने वालों पर यह नियम लागू होता था, लेकिन नई नीति के तहत जिनके पास पहले से पासपोर्ट है, उनका भी पासपोर्ट रद्द किया जा सकेगा। सरकार का कहना है कि इस कदम का मकसद लोगों को अपने बच्चों की जिम्मेदारी निभाने के लिए मजबूर करना है। अधिकारियों के अनुसार, 1998 से अब तक इस नीति की वजह से करोड़ों डॉलर की बकाया राशि वसूली जा चुकी है। जिन लोगों के पासपोर्ट रद्द होंगे, उन्हें विदेश यात्रा की अनुमति नहीं मिलेगी। अगर कोई व्यक्ति विदेश में होगा, तो उसे अमेरिका लौटने के लिए विशेष इमरजेंसी दस्तावेज लेना पड़ेगा।
फ्रांस में एलन मस्क और X के खिलाफ जांच तेज
फ्रांस में कारोबारी एलन मस्क और उनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के खिलाफ गंभीर जांच शुरू हो गई है। फ्रांसीसी अभियोजकों का आरोप है कि प्लेटफॉर्म पर बच्चों से जुड़े अश्लील कंटेंट, डीपफेक तस्वीरें और गलत जानकारी फैलने दी गई। जांच में एक्स के एआई चैटबॉट ग्रोक की भूमिका भी शामिल है। आरोप है कि ग्रोक ने ऐसे पोस्ट किए जिनमें होलोकॉस्ट से जुड़ी गलत बातें और आपत्तिजनक डीपफेक सामग्री फैलाई गई। फ्रांस में होलोकॉस्ट से इनकार करना अपराध माना जाता है।
फ्रांसीसी अधिकारियों ने बताया कि एलन मस्क और एक्स की पूर्व सीईओ लिंडा याकारिनो को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन वे पेश नहीं हुए। इसके बावजूद जांच जारी है। जांच एजेंसियों को शक है कि प्लेटफॉर्म पर फैले विवादित कंटेंट का इस्तेमाल एक्स और एक्सएआई कंपनियों की लोकप्रियता और बाजार मूल्य बढ़ाने के लिए किया गया हो सकता है। इस मामले ने एआई और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की जिम्मेदारी पर फिर से बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
पाकिस्तान- स्कूल की छत गिरी चार बच्चों की मौत, 16 घायल
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक निजी स्कूल की छत गिरने से चार बच्चों की मलबे में दबकर मौत हो गई और 14 छात्र घायल हो गए। राहत कार्य के दौरान एक शिक्षक को भी सुरक्षित निकाल लिया गया है। बचाव दल के अनुसार, मलबे में अभी और बच्चों के दबे होने की आशंका है। घायलों में कई की हालत नाजुक है, जिससे मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बम धमाका, तीन बच्चों की मौत
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में घर बाहर खड़ी बाइक में लदे विस्फोट के फटने से तीन बच्चों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह धमाका बुधवार शाम अफगानिस्तान से सटे घवा ख्वा इलाके में हुआ।
बोस्निया में राष्ट्रपति चुनाव अक्तूबर में, 33 लाख देंगे वोट
बोस्निया में चार अक्तूबर को राष्ट्रपति और संसदीय चुनाव आयोजित होंगे। चुनाव आयोग ने बृहस्पतिवार को यह घोषणा की और कहा कि चुनावों में लगभग 33 लाख पंजीकृत मतदाता त्रिपक्षीय राष्ट्रपति पद के लिए सर्ब, क्रोएशियाई और बोस्नियाई सदस्यों के साथ-साथ राष्ट्रीय संसद के प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे।
मंगल ग्रह पर नासा के रोवर को दिखा क्रोकोडाइल ब्रिज
अमेरिकी अंतरिक्ष नासा के पर्सिवरेंस रोवर ने मंगल ग्रह पर अनोखी चट्टानी संरचना की तस्वीरें भेजी हैं। इसे वैज्ञानिकों ने क्रोकोडाइल ब्रिज का नाम दिया है। यह संरचना जेजेरो क्रेटर के किनारे स्थित है। इसे मंगल के सबसे प्राचीन इलाकों में से एक माना जा रहा है। रोवर के मास्टकैम-जेड कैमरा सिस्टम ने इस क्षेत्र की 360 डिग्री पैनोरमिक तस्वीर तैयार की, जिसमें 980 तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया। यह क्षेत्र मंगल के नोआशियन काल का हिस्सा है, जो लगभग 3.7 अरब वर्ष पुराना माना जाता है। वैज्ञानिकों का मानना है कि ये चट्टानें उस समय की हैं, जब मंगल की सतह और वातावरण बन रहे थे और क्रेटर में पानी भरने से पहले की स्थिति को दर्शाती हैं। क्रोकोडाइल ब्रिज मेहराबनुमा व ऊबड़-खाबड़ चट्टानी संरचना है, जिसका आकार मगरमच्छ की पीठ जैसा है। दिखाई देता है। यह खोज इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि मंगल पर प्लेट टेक्टॉनिक्स नहीं होने के कारण अरबों वर्ष पुरानी सतह अब भी सुरक्षित है।
नेपाल: एयरपोर्ट निर्माण में भ्रष्टाचार, पूर्व वित्त मंत्री व चीनी कंपनी पर केस
नेपाल की शीर्ष भ्रष्टाचार निरोधक संस्था अख्तियार दुरुपयोग अनुसंधान आयोग (सीआईएए) ने चीन की सहायता से बने पोखरा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण में भ्रष्टाचार मामले में केस दर्ज किया है। पूर्व वित्त मंत्री ज्ञानेंद्र बहादुर कार्की समेत 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें चीनी कंपनी चाइना सीएएमसी इंजीनियरिंग को भी आरोपी बनाया गया है। आयोग के अनुसार, एयरपोर्ट निर्माण के दौरान मूल समझौते का उल्लंघन कर चीनी ठेकेदार को अवैध रूप से टैक्स छूट दी गई। इस मामले में 3.62 अरब नेपाली रुपये के नुकसान का दावा किया गया है। आरोपियों में पूर्व सचिव केवल भंडारी, महेश्वर न्यूपाने, सुरेश आचार्य आदि शामिल हैं। गौरतलब है कि पोखरा एयरपोर्ट को मशहूर अन्नपूर्णा सर्किट का प्रवेश द्वार माना जाता है।
अमेरिका और चीन के संबंध स्थिर- वांग यी
चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने कहा कि पिछले एक साल में कई उतार-चढ़ाव व बाधाओं के बावजूद अमेरिका-चीन के रिश्ते स्थिर रहे हैं। उन्होंने अब दोनों देशों से वैश्विक शांति में योगदान के तरीके खोजने का आह्वान किया है। वांग यी की यह टिप्पणी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अगले सप्ताह संभावित बीजिंग दौरे से पहले आई है। अमेरिकी सीनेटर स्टीव डेन्स के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान वांग ने राष्ट्रपति शी जिनपिंग और डोनाल्ड ट्रंप की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने कठिन समय में द्विपक्षीय संबंधों को सही दिशा दी है। अमेरिकी सीनेटर डेन्स ने भी वांग की बात का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका चीन के साथ रिश्तों को तोड़ना नहीं बल्कि तनाव कम करना चाहता है।
दुनिया भर में बढ़ती चिंता के बीच, वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (डब्ल्यूएचओ) ने गुरुवार को पुष्टि की है कि क्रूज शिप पर फैले संक्रमण से जुड़े हंता वायरस के पांच मामले सामने आए हैं, जबकि तीन अन्य मामलों पर अभी भी शक बना हुआ है। गंभीर सांस संबंधी बीमारी के कुल आठ मामले मिले हैं, जिनमें तीन लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से पांच मामलों में एंडीज वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। डब्ल्यूएचओ ने अब उन 12 देशों को सूचित किया है, जिनके नागरिक यात्रा के दौरान पहले ही दक्षिण अटलांटिक महासागर में स्थित सुदूर ब्रिटिश क्षेत्र सेंट हेलेना में क्रूज जहाज 'एमवी होंडियस' से उतर गए थे।
इन 12 देशों में कनाडा, डेनमार्क, जर्मनी, नीदरलैंड्स, न्यूजीलैंड, सेंट किट्स एंड नेविस, सिंगापुर, स्वीडन, स्विट्जरलैंड, टर्की, यूनाइटेड किंगडम और यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका शामिल हैं। डब्ल्यूएचओ प्रमुख टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयेसस ने जिनेवा में मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कहा कि अगर सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े कदम तेजी और सही तरीके से उठाए गए, तो फिलहाल एजेंसी को उम्मीद है कि यह संक्रमण 'सीमित' ही रहेगा। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि कई देशों में यात्रियों और उनके संपर्क में आए लोगों की जांच जारी है, इसलिए आगे और मामले सामने आ सकते हैं।
डब्ल्यूएचओ ने बताया कि अर्जेंटीना की लैब्स से करीब 2,500 हंतावायरस टेस्ट किट पांच देशों को भेजी जा रही हैं। 'एमवी होंडियस' शिप के डच ऑपरेटर ओशनवाइड एक्सपेडिशन्स ने मीडिया को बताया कि जहाज पर कुल 149 लोग मौजूद हैं। इनमें 23 अलग-अलग देशों के लोग शामिल हैं। इसी बीच 'एमवी होंडियस' शिप से अलग किए गए दो संदिग्ध हंतावायरस मरीज स्पेन के कैनेरी द्वीप समूह में एक ग्राउंडेड एयर एंबुलेंस में ही रुके हुए हैं।
श्रीलंकन एयरलाइंस के पूर्व सीईओ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
श्रीलंकन एयरलाइंस के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कपिल चंद्रसेना शुक्रवार को अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। यह घटना उस समय हुई, जब कुछ दिन पहले ही उन्हें भ्रष्टाचार मामले में जमानत मिली थी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
चंद्रसेना को मंगलवार को जमानत दी गई थी। इससे पहले मार्च में उन्हें हिरासत में लिया गया था। उन पर आरोप था कि उन्होंने राष्ट्रीय एयरलाइन के लिए विमान खरीद में रिश्वत ली थी।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सहायक पुलिस अधीक्षक एफयू वूटलर ने बताया कि उनका शव उनके घर पर मिला। बताया जा रहा है कि उनकी मौत फांसी लगाने से हुई है।
यह घटना उस दिन के बाद हुई ,जब कोलंबो के मुख्य मजिस्ट्रेट असांगा एस. बोडारागामा ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। आरोप था कि उन्होंने अदालत द्वारा लगाई गई जमानत शर्तों का उल्लंघन किया।
मंगलवार को अदालत में अभियोजकों ने बताया कि इस मामले में आरोपी श्रीलंकन एयरलाइंस के पूर्व सीईओ कपिला चंद्रसेना ने स्वीकार किया था कि उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे को 60 मिलियन श्रीलंकाई रुपये की रिश्वत दी थी।
भारतीय जहाज के चालक दल के सदस्य की मौत, दूतावास ने जताया दुख
दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने एक भारतीय जहाज के चालक दल के सदस्य की दुखद मृत्यु पर शोक जताया है। वाणिज्य दूतावास जहाज के मालिक के संपर्क में है और आगे की जानकारी जुटा रहा है। वाणिज्य दूतावास इस मामले में प्राथमिकता के आधार पर हर संभव सहायता प्रदान करेगा। हमारी गहरी संवेदनाएं उनके साथ हैं।