जापान के पूर्वी सहित तोक्यो क्षेत्र में रविवार तड़के मध्यम तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें कम से कम 37 लोग घायल हो गए। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। अधिकारियों ने बताया कि अधिकतर लोगों को मामूली चोटें आईं। भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप की प्रारंभिक तीव्रता 5.9 थी और इसका केंद्र दक्षिणी इबाराकी प्रांत में 70 किलोमीटर की गहराई में था। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण ने इसकी तीव्रता 5.8 बताई है।
प्रांतीय अधिकारियों और अग्नि एवं आपदा प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, क्षेत्र के पांच प्रांतों में कम से कम 37 लोग घायल हुए। इनमें तोक्यो में 15, सैतामा में नौ, कानागावा में आठ, चिबा में चार और इबाराकी में एक व्यक्ति घायल हुआ। अधिकारियों ने बताया कि अधिकतर लोग भूकंप के दौरान नींद में थे और घबराकर बिस्तर से उठने के दौरान गिर गए या फर्नीचर और दरवाजों से टकरा गए। योमिउरी अखबार के मुताबिक, कानागावा प्रांत के योकोहामा में करीब 80 वर्ष की एक महिला बिस्तर से गिर गई और उसके कूल्हे में गंभीर चोट आई।
रूस ने 12 घंटे में मार गिराए यूक्रेन के 250 ड्रोन,
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने 12 घंटों के भीतर यूक्रेन के 250 ड्रोन को नष्ट कर दिया। मंत्रालय के अनुसार, शनिवार सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे (मॉस्को समय) के बीच रूसी एयर डिफेंस सिस्टम ने मॉस्को समेत 19 इलाकों में 250 यूक्रेनी फिक्स्ड-विंग ड्रोन मार गिराए।
इसके अलावा, मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में मॉस्को क्षेत्र की ओर उड़ान भरने वाले ड्रोन की संख्या 2,600 से अधिक रही है। उन्होंने कहा कि इनमें से ज्यादातर ड्रोन शहर से दूर बाहरी इलाकों में ही वायु रक्षा प्रणालियों की ओर से निष्क्रिय कर दिए गए।
मेयर के अनुसार, मॉस्को की ओर आते समय कुल 493 ड्रोन नष्ट किए गए। इससे पहले शुक्रवार को रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा था कि रूसी सेना ने पिछले एक सप्ताह में 11 बस्तियों पर कब्जा किया और यूक्रेनी सेना के खिलाफ एक बड़े और नौ सामूहिक हमले किए। मंत्रालय के मुताबिक, ये 11 बस्तियां खारकीव, डोनबास और जापोरिज्जिया क्षेत्रों में स्थित हैं।
रूसी हमलों का निशाना यूक्रेन के रक्षा उद्योग से जुड़े प्रतिष्ठान, लॉजिस्टिक्स हब, ऊर्जा और परिवहन ढांचा, जमीनी रोबोटिक सिस्टम बनाने वाली इकाइयां, ड्रोन निर्माण केंद्र और उनसे जुड़े अन्य संयंत्र थे। मंत्रालय ने कहा कि मिसाइल लॉन्चिंग ठिकानों, गोला-बारूद और ईंधन भंडार, आपूर्ति केंद्रों तथा यूक्रेनी सैनिकों और विदेशी लड़ाकों के अस्थायी ठिकानों पर भी हमले किए गए।
जापान में 5.9 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी नहीं
जापान के पूर्वी हिस्से में रविवार तड़के 5.9 तीव्रता का भूकंप आया। इससे टोक्यो क्षेत्र भी हिल उठा। हालांकि, जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की। एजेंसी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र दक्षिणी इबाराकी प्रांत में जमीन से 70 किलोमीटर की गहराई में था। अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण संस्था ने इसकी तीव्रता 5.8 आंकी। किसी नुकसान या घायल होने की सूचना नहीं है। बीते महीने क्यूशू द्वीप के कुमामोतो क्षेत्र में आए 7.1 तीव्रता के भूकंप में 38 लोगों की मौत और 364 घायल हुए थे। 1,500 से ज्यादा इमारतें ध्वस्त और 20,000 इमारतें क्षतिग्रस्त हुई थीं।
ट्रंप की 75 देशों के वीजा रोक की नीति कोर्ट से हुई खारिज
अमेरिका के न्यूयार्क में एक फेडरल जज ने डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के उस फैसले को रद्द कर दिया है, जिसके तहत 75 देशों के नागरिकों के वीजा आवेदनों की प्रक्रिया पर रोक लगाई गई थी। इन देशों में अफगानिस्तान, ईरान, रूस और सोमालिया जैसे देश शामिल थे। इन्हें ट्रंप प्रशासन सार्वजनिक सहायता यानी सरकारी मदद पर निर्भर मानता था। बाइडेन प्रशासन की ओर से नियुक्त यूएस डिस्ट्रिक्ट जज जैनेट वर्गास ने इस नीति को कानून के खिलाफ और अधिकारों से बाहर बताया है। जज ने कहा कि सेक्रेटरी ऑफ स्टेट मार्को रुबियो ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर यह कदम उठाया।
बुजुर्ग अमेरिकी नागरिकों से 71.77 करोड़ की ठगी में भारतीय गिरफ्तार
अमेरिका में बुजुर्गों को निशाना बनाकर 71.77 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में गुजरात मूल के भारतीय को कनाडा के टोरंटो से गिरफ्तार किया गया। अमेरिकी न्याय विभाग ने बताया कि, न्यूजर्सी में रहने वाला जय सुनील भारती (21) मुकदमे की पहली सुनवाई में रिहाई के बाद पीस ब्रिज के रास्ते कनाडा भाग गया। उसने टोरंटो से दोहा, कतर फरार होने के लिए टिकट बुक कराई थी। अमेरिकी प्रत्यर्पण अनुरोध के आधार पर उसे 20 अगस्त को टोरंटो के पियर्सन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कनाडाई अधिकारियों ने पकड़ा। गोस्वामी पर वायर फ्रॉड, वायर फ्रॉड की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग में लिप्त होने जैसे आरोप हैं।