मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने घोषणा की, जिसमें फलस्तीनी लोगों के खिलाफ जारी क्रूरता का हवाला देते हुए कहा गया कि यह प्रतिबंध इस्राइल द्वारा मानवीय सिद्धांतों की अवहेलना और अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन करने के बाद लगाया गया है।
मलयेशियाई सरकार ने इस्राइल के स्वामित्व वाले और झंडे वाले जहाजों के साथ-साथ इस्राइल जाने वाले जहाजों पर भी अपने बंदरगाहों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। यह निर्णय इस्राइल-हमास युद्ध में इस्राइल की कार्रवाई पर लिया गया है।
विज्ञापन
मलयेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने घोषणा की, जिसमें फलस्तीनी लोगों के खिलाफ जारी क्रूरता का हवाला देते हुए कहा गया कि यह प्रतिबंध इस्राइल द्वारा मानवीय सिद्धांतों की अवहेलना और अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन करने के बाद लगाया गया है। मुस्लिम बहुल देश मलयेशिया का फलस्तीनी लोगों की वकालत करने का इतिहास रहा है। यह इस्राइल को मान्यता नहीं देता है।
गाजा पर इस्राइल की कार्रवाई के बाद लिया गया फैसला
अक्तूबर में हमास आतंकियों द्वारा इस्राइल में हमले के बाद इस्राइली सैनिक लगातार गाजा में हमले कर रहे हैं। हाल ही में इस्राइली सैनिकों द्वारा गाजा में बमबारी करने के बाद मलयेशिया के पीएम पर दबाव बनाने के लिए वहां के लोगों ने रैलियां निकाली।
विज्ञापन
मलयेशिया के पासपोर्ट में स्पष्ट रूप से लिखा होता है, 'इस्राइल को छोड़कर सभी देशों के लिए मान्य'। इस्राइली नागरिकों को अनुमति के बिना मलयेशिा में प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगाया गया है। मलयेशिया सरकार की घोषणा में बताया गया कि इस्राइली पंजीकृत कंपनियों और जाहाजों को 2005 से मलयेशिया में अनुमति दी गई थी, लेकिन अब मौजूदा सरकार ने पिछले कैबिनेट सरकार के इस फैसले को पलटने और इस्राइली जहाजों को मलयेशियाई बंदरगाहों पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है।
चीनी गुब्बारे ने पार की ताइवान की सीमा
चीन के गुब्बारे ने एक बार फिर ताइवान जलडमरूमध्य की मध्य रेखा को पार किया है। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि एक चीनी सैन्य निगरानी गुब्बारा और बड़े पैमाने पर भेजे गए सैन्य विमान एवं पोत देखे गए हैं। ताइवान को सुबह छह बजे उसके चारों ओर आठ चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के विमान और तीन पीएलएएन जहाजों के होने की जानकारी मिली। बाद में, एक केजे-500 विमान दक्षिण-पश्चिम में ताइवान के वायु रक्षा पहचान क्षेत्र (एडीआईजेड) में घुस गया।
जनवरी में द्विपक्षीय वार्ता के लिए नेपाल जाएंगे विदेश मंत्री जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर जनवरी के प्रथम सप्ताह में नेपाल की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच उच्च स्तरीय द्विपक्षीय वार्ता होगी। सूत्रों के मुताबिक, जयशंकर सातवीं भारत-नेपाल के संयुक्त आयोग की बैठक में हिस्सा लेने चार जनवरी को राजधानी काठमांडो पहुंचेंगे। नेपाली विदेश मंत्री एनपी सऊद ने बिना कोई विवरण दिए अपने भारतीय समकक्ष की नेपाल यात्रा की पुष्टि की है।
ईरान के फिल्म निर्माता बोले, दो निर्देशकों के आरोप वापस लें
दुनियाभर के 30 फिल्म निर्माताओं व फिल्म महोत्सव आयोजकों ने ईरानी अधिकारियों से ईरान के दो फिल्म निर्देशकों के खिलाफ सभी आरोप वापस लेने का आग्रह किया है। ‘पैन अमेरिका’ द्वारा जारी एक खुले पत्र में कहा गया है कि मरियम मोघदाम और बेहतास सनाइहा ने अपनी नई फिल्म ‘माई फेवरेट केक’ के सिलसिले में सितंबर में पेरिस की यात्रा करने की योजना बनाई थी लेकिन अधिकारियों ने उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए और सूचित किया कि उनके ईरान से बाहर जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
अलीबाबा के सीईओ एडी करेंगे ई-कॉमर्स कारोबार की अगुआई
चीन के अलीबाबा समूह के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एडी वू उसके मुख्य ई-कॉमर्स कारोबार की अगुवाई करेंगे। कंपनी का इरादा अपनी वृद्धि को आगे बढ़ाने और और पिंडुओडुओ जैसे तेजी से बढ़ते ऑनलाइन शॉपिंग प्रतिद्वंद्वियों का मुकाबला करना है। वू लंबे समय तक अलीबाबा की कार्यकारी रही ट्रुडी दाई की जगह ले रहे हैं। चेयरमैन जो त्साई ने एक आंतरिक पत्र में कहा कि दाई एक परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी स्थापित करने में मदद करेंगी जिसका उद्देश्य पूंजी पर रिटर्न में सुधार करना और शेयरधारकों के लिए मूल्य बढ़ाना है।
पाकिस्तान में संसदीय चुनाव के लिए पर्चे भरने की शुरुआत
इस्लामाबाद। पाकिस्तानी निर्वाचन आयोग (ईसीपी) ने बुधवार को संभावित उम्मीदवारों से नामांकन पत्र स्वीकार करना शुरू कर दिया। इसके साथ ही आठ फरवरी के आम चुनावों की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ईसीपी 23 दिसंबर को उम्मीदवारों की प्रारंभिक सूची जारी करेगा, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 24 से 30 दिसंबर तक होगी। इस बीच, पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान आगामी आम चुनाव कम से कम तीन निर्वाचन क्षेत्रों से लड़ेंगे। उनकी पार्टी ने बुधवार को यह घोषणा की।
चीन में भूकंप से मरने वालों की संख्या 134 हुई, कई घर नष्ट
उत्तर-पश्चिमी चीन के पहाड़ी क्षेत्र में आए 6.2 तीव्रता के भूकंप में 134 लोगों की मौत हो गई है। भूकंप के कारण कई घर मलबे में तब्दील हो गए और लोगों को कड़ाके की ठंड में घरों से बाहर रहना पड़ रहा है। यह पिछले नौ वर्ष में चीन में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप था। इसमें 700 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। चीनी बचाव दलों ने ढही हुई इमारतों के मलबों से लोगों की तलाश अब रोक दी है और घायलों के उपचार में ध्यान केंद्रित कर दिया है। गांसू में 113 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और प्रांत में 536 अन्य घायल हुए हैं। जबकि किंघई में 18 लोग मारे गए और 198 घायल हो गए।