चीन ने सरोगेसी (किराये की कोख) को आपराधिक कृत्य घोषित कर दिया है और अवैध प्रजनन सेवाएं प्रदान करने वाले केंद्रों पर शिकंजा कस दिया है। शुक्रवार को चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने स्पष्ट किया कि देश में किसी भी प्रकार की सरोगेसी पूरी तरह प्रतिबंधित है और इसके लिए कड़ी कानूनी सजा दी जाएगी।
ब्रिटेन में अमेरिकी एयरबेस के ऊपर ड्रोन दिखने से अलर्ट
ब्रिटेन में एक अमेरिकी सैन्य अड्डे पर अनधिकृत ड्रोन गतिविधि से सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया। अमेरिकी और ब्रिटिश रक्षा अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि स्थिति को "सुलझा लिया गया" है। यह घटना हाल के हफ्तों में ब्रिटेन में अमेरिकी ठिकानों को प्रभावित करने वाले खतरों की एक कड़ी है। पूर्वी इंग्लैंड में रॉयल एयर फोर्स बेस लाकेनहेथ (Lakenheath) पर सुरक्षा बलों ने संदिग्ध अनधिकृत ड्रोन गतिविधि पर प्रतिक्रिया दी। यूरोप में अमेरिकी वायुसेना ने बताया कि कोई भी कर्मी, विमान या बुनियादी ढांचा प्रभावित नहीं हुआ। ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने भी नुकसान न होने की पुष्टि की। अमेरिका और ब्रिटेन मिलकर यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि वास्तव में हुआ क्या था। कुछ दिन पहले पूर्वी इंग्लैंड में आरएएफ मिल्डनहॉल (RAF Mildenhall) से एक खतरे के कारण अमेरिका ने एक दर्जन से अधिक विमान हटाए थे। कुछ सप्ताह पहले, आरएएफ फेयरफोर्ड (RAF Fairford) की ओर जा रहे तीन संदिग्ध वैन देखे जाने के बाद कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया था। ब्रिटिश अधिकारियों ने इस साजिश को ईरान से जोड़ा था, जिसके बाद अमेरिका ने वहां तैनात अपने बमवर्षक विमान हटा लिए थे। तीन लोगों पर फेयरफोर्ड पर हमला करने की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है।
न्यू ऑरलियंस में टैंकर-क्रूज बोट टक्कर, सभी 180 सुरक्षित
अमेरिका के न्यू ऑरलियंस में शुक्रवार को एक टैंकर ने डॉक की हुई रिवर क्रूज बोट को टक्कर मार दी। इस पर करीब 180 लोग सवार थे। मेयर हेलेना मोरेनो ने बताया कि टैंकर का स्टीयरिंग कथित तौर पर खराब हो गया था। टक्कर के बाद क्रूज बोट में पानी भरने लगा और वह पलट गई। इससे यात्री और चालक दल के सदस्य मिसिसिपी नदी में गिर गए। एक बड़े बचाव अभियान के बाद सभी 180 लोग सुरक्षित बचा लिए गए। मेयर ने कहा कि 32 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन किसी को गंभीर चोटें नहीं आईं। कोस्ट गार्ड कैप्टन मेलानी बर्नहैम ने बताया कि टैंकर के स्टीयरिंग में कुछ खराबी आई थी, लेकिन दुर्घटना का सटीक कारण अभी अज्ञात है। नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड इस घटना की जांच करेगा।
सबसे बड़ा हमला... यूक्रेन ने रूस पर दागे 1,200 ड्रोन
यूक्रेन ने रातभर रूसी ठिकानों पर करीब 1,200 ड्रोन दागे। यह करीब पांच वर्ष पहले दोनों देशों के बीच शुरू हुए संघर्ष में सबसे बड़े हमलों में से एक था। उधर, दो कार बम धमाकों में एक सैन्य अधिकारी की मौत हो गई, जबकि यूक्रेन के पूर्व प्रधानमंत्री के सलाहकार घायल हो गए। इस बीच, रूसी बलों ने काला सागर में यूक्रेन के लिए सैन्य उपकरण ले जा रहे एक जहाज पर हमले का दावा किया है। मॉस्को में शुक्रवार को कार बम धमाके में यूक्रेन के पूर्व प्रधानमंत्री के एक सलाहकार घायल हो गए। पिछले दो दिनों में यह इस तरह का यह दूसरा हमला है। ये सभी घटनाएं रूस के पड़ोसी देश यूक्रेन के साथ चल रहे संघर्ष से जुड़ी हैं।
मृत्युदंड पाए मुक्केबाज को मानवाधिकार पुरस्कार
ईरान में मौत की सजा पाए एक मुक्केबाज और राजनीतिक कैदी मोहम्मद जवाद वफाई सानी को बृहस्पतिवार को लंदन में प्रतिष्ठित मानवाधिकार पुरस्कार से सम्मानित इस मौके पर ईरान की किया गया। वकीलाबाद जेल से भेजे लिखित संदेश में सानी ने कहा, मैं पुरस्कार उन सभी लोगों के नाम पर स्वीकार करता हूं जिन्हें आजाद ईरान का सपना देखने के लिए जेल में डाला गया, प्रताड़ित किया गया, धमकाया गया या मौत की सजा सुनाई गई।
अमेरिका में बीएमडब्ल्यू कारों में आग का खतरा, बाहर पार्क करने की सलाह
अमेरिका में बीएमडब्ल्यू की 7,20,796 कारों को आग लगने के खतरे के चलते रिकॉल (वापस) किया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात सुरक्षा प्रशासन (एनएचटीएसए) ने कारों के मालिकों को सलाह दी है कि मरम्मत पूरी होने तक अपनी गाड़ियों को घर या इमारतों के अंदर पार्क न करें और बाहर भी अन्य वाहनों और इमारतों से दूर खड़ा करें। बीएमडब्ल्यू ने शुक्रवार को बताया कि इन गाड़ियों में खड़ी और बंद होने के बावजूद आग लगने का खतरा है। इन वाहनों को 2024 में भी वाटर पंप की दिक्कत के कारण रिकॉल किया गया था, लेकिन दोबारा मरम्मत की जरूरत पड़ रही है। एनएचटीएसए के मुताबिक, वाटर पंप का इलेक्ट्रिकल कनेक्टर ठीक से सील नहीं होने की वजह से उसमें पानी जा सकता है। इससे शॉर्ट-सर्किट होकर आग लग सकती है।
एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसन के तीसरे अफेयर का भी खुलासा
वाशिंगटन। एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग के तीसरे विवाहेतर संबंध का खुलासा हुआ है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक हुआंग का एनवीडिया की ही एक कर्मी से अफेयर था। वह 63 साल की है और शादीशुदा है। हालांकि नाम का खुलासा नहीं किया गया है। हुआंग के इस अफेयर के बारे में एनवीडिया ने कोई टिप्पणी नहीं की है। खुद हुआंग और कंपनी के बोर्ड के प्रतिनिधियों ने भी चुप्पी साध रखी है। इससे पहले चीनी जासूस होने के शक में घिरी ऐलिस हुआंग और एनवीडिया की वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ भी जेनसन के अफेयर का खुलासा हो चुका है।