न्यू ऑरलियंस में टैंकर-क्रूज बोट टक्कर, सभी 180 सुरक्षित
अमेरिका के न्यू ऑरलियंस में शुक्रवार को एक टैंकर ने डॉक की हुई रिवर क्रूज बोट को टक्कर मार दी। इस पर करीब 180 लोग सवार थे। मेयर हेलेना मोरेनो ने बताया कि टैंकर का स्टीयरिंग कथित तौर पर खराब हो गया था। टक्कर के बाद क्रूज बोट में पानी भरने लगा और वह पलट गई। इससे यात्री और चालक दल के सदस्य मिसिसिपी नदी में गिर गए। एक बड़े बचाव अभियान के बाद सभी 180 लोग सुरक्षित बचा लिए गए। मेयर ने कहा कि 32 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन किसी को गंभीर चोटें नहीं आईं। कोस्ट गार्ड कैप्टन मेलानी बर्नहैम ने बताया कि टैंकर के स्टीयरिंग में कुछ खराबी आई थी, लेकिन दुर्घटना का सटीक कारण अभी अज्ञात है। नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड इस घटना की जांच करेगा।
अमेरिका में बीएमडब्ल्यू कारों में आग का खतरा, बाहर पार्क करने की सलाह
अमेरिका में बीएमडब्ल्यू की 7,20,796 कारों को आग लगने के खतरे के चलते रिकॉल (वापस) किया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात सुरक्षा प्रशासन (एनएचटीएसए) ने कारों के मालिकों को सलाह दी है कि मरम्मत पूरी होने तक अपनी गाड़ियों को घर या इमारतों के अंदर पार्क न करें और बाहर भी अन्य वाहनों और इमारतों से दूर खड़ा करें। बीएमडब्ल्यू ने शुक्रवार को बताया कि इन गाड़ियों में खड़ी और बंद होने के बावजूद आग लगने का खतरा है। इन वाहनों को 2024 में भी वाटर पंप की दिक्कत के कारण रिकॉल किया गया था, लेकिन दोबारा मरम्मत की जरूरत पड़ रही है। एनएचटीएसए के मुताबिक, वाटर पंप का इलेक्ट्रिकल कनेक्टर ठीक से सील नहीं होने की वजह से उसमें पानी जा सकता है। इससे शॉर्ट-सर्किट होकर आग लग सकती है।
एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसन के तीसरे अफेयर का भी खुलासा
वाशिंगटन। एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग के तीसरे विवाहेतर संबंध का खुलासा हुआ है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक हुआंग का एनवीडिया की ही एक कर्मी से अफेयर था। वह 63 साल की है और शादीशुदा है। हालांकि नाम का खुलासा नहीं किया गया है। हुआंग के इस अफेयर के बारे में एनवीडिया ने कोई टिप्पणी नहीं की है। खुद हुआंग और कंपनी के बोर्ड के प्रतिनिधियों ने भी चुप्पी साध रखी है। इससे पहले चीनी जासूस होने के शक में घिरी ऐलिस हुआंग और एनवीडिया की वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ भी जेनसन के अफेयर का खुलासा हो चुका है।
मिस्र दौरे पर पहुंचे पीयूष गोयल, व्यापार और निवेश बढ़ाने पर होगी चर्चा
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल दो दिवसीय दौरे पर मिस्र पहुंच गए हैं। 15 और 16 नवंबर को काहिरा में भारत-मिस्र व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा होगी। गोयल संयुक्त व्यापार समिति की सातवीं बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। बैठक में बाजार पहुंच, कृषि, दवाइयों, मशीनरी, कपड़ा, नवीकरणीय ऊर्जा और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे क्षेत्रों पर जोर रहेगा। अप्रैल-सितंबर 2026 में दोनों देशों का वस्तु व्यापार 5.04 अरब डॉलर पहुंच गया, जो पिछले साल से 64 प्रतिशत अधिक है। दौरे में उद्योग और निवेश से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ भी बैठकें होंगी।