अमेरिकी आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) और संघीय आव्रजन प्रवर्तन कार्रवाइयों के खिलाफ अमेरिका में विरोध उग्र होता जा रहा है। लोग आईसीई एजेंटों के खिलाफ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। विभिन्न राज्यों में चल रहे प्रदर्शनों में लोगों का कहना है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर आव्रजन कार्रवाइयों के दौरान संघीय एजेंट मानवीय मूल्यों की लगातार अवहेलना कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को मिनेसोटा राज्य के सेंट पॉल में मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज के आवास के बाहर लोगों ने व्यापक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां व पोस्टर बैनर लेकर आईसीई एजेंटों के खिलाफ नारे लगाए और विरोध जताया। पिछले दिनों एजेंटों की गोली से एक महिला व एक पुरुष की मौत हो गई थी। इसके बाद से पूरे देश में प्रदर्शन उग्र रूप से जारी हैं।
ईरान: नोबेल विजेता नरगिस मोहम्मदी को सात साल से ज्यादा की सजा सुनाई गई
ईरान ने नोबेल शांति पुरस्कार विजेता नरगिस मोहम्मदी को सात साल से ज्यादा के अतिरिक्त कारावास की सजा सुनाई है। यह सजा उनके भूख हड़ताल शुरू करने के बाद दी गई है। यह जानकारी रविवार को उनके समर्थकों ने दी। समर्थकों ने कहा कि यह जानकारी मोहम्मदी के वकील के हवाले से मिली है।
वकील ने मोहम्मदी से खुद बात की थी। मोहम्मदी के वकील मुस्तफा नीली ने एक्स पर इस सजा की पुष्टि की। उन्होंने लिखा, उन्हें 'एकत्र होने और साजिश रचने' के आरोप में छह साल की जेल, 'दुष्प्रचार' के आरोप में डेढ़ साल की जेल और दो साल के यात्रा प्रतिबंध की सजा दी गई है। ईरान सरकार ने इस सजा को लेकर तुरंत कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। समर्थकों का कहना है कि मोहम्मदी दो फरवरी से भूख हड़ताल पर हैं।
रूस में चाकू से हमले में घायल भारतीय छात्रों की हालत स्थिर: भारतीय वाणिज्य दूतावास
रूस के एक विश्वविद्यालय में एक नाबालिग के चाकू से हमले में घायल हुए चार भारतीय मेडिकल छात्रों की हालत स्थिर है। उनकी हालत में सुधार हो रहा है। मॉस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने रविवार को यह जानकारी दी।
ये चार भारतीय उन छह लोगों में शामिल थे, जो शनिवार को बाशकोरतोस्तान गणराज्य के उफा स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी में हुए चाकू हमले में घायल हुए। यह जगह रूस की राजधानी से लगभग 1,200 किलोमीटर पूर्व में है। रविवार को कजान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने उन चारों छात्रों से अस्पताल में मुलाकात की, जहां उन्हें हमले के बाद ले जाया गया था।
पीएम मोदी का मलयेशिया दौरा पूरा, वापस स्वदेश रवाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो दिन की मलेशिया यात्रा पूरी करने के बाद कुआलालंपुर एयरपोर्ट से भारत के लिए प्रस्थान किया। इस दौरान उन्होंने द्विपक्षीय बैठकें कीं और दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के मुद्दों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री की यह यात्रा भारत-मलेशिया संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई थी।