पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में रविवार को अज्ञात उग्रवादियों ने हमला कर दो सुरक्षाकर्मियों की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, बन्नू जिले के कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुर्रमगढ़ी इलाके में उग्रवादियों ने फेडरल कॉन्स्टेबुलरी (एफसी) के दो जवानों पर गोलीबारी की। यह क्षेत्र उत्तर वजीरिस्तान की सीमा से सटा हुआ है। हमले के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और हमलावरों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
घटना के दौरान एफसी जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलीबारी की। पुलिस ने पुष्टि की है कि मौके पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है, जबकि आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान जारी है।
कनाडा : सिख विरासत माह में गुरुद्वारा पहुंचे कार्नी, लंगर परोसा
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी स्थानीय समयानुसार शनिवार को सिख विरासत माह-2026 के मौके पर पत्नी डायना फॉक्स कार्नी के साथ गुरुद्वारा साहिब (ओटावा) पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सिख समुदाय के सेवा कार्य में हिस्सा लिया और लंगर भी परोसा। कार्नी ने कहा कि कनाडा सिखों का दूसरा घर है। कार्नी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, कनाडा में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सिख समुदाय रहता है। उन्होंने कहा कि सिख विरासत माह के वर्तमान अवसर पर उनका प्रशासन देश के प्रति सिख आबादी के योगदान का जश्न मना रहा है। इससे पहले 13 अप्रैल को टोरंटो स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने विरासत-ए-खालसा के सहयोग से सिख विरासत माह के साथ-साथ बैसाखी पर्व मनाया। इस कार्यक्रम में भारत और कनाडा के बीच अटूट संबंधों को दर्शाया गया।
रक्षा क्षेत्र में जल्द भारत और यूक्रेन के बीच समझौता
भारत और यूक्रेन के बीच जल्द ही एक नए सुरक्षा सहयोग समझौते को अंतिम रूप दिया जाएगा। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इसकी घोषणा की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जेलेंस्की ने लिखा कि हम अगले सप्ताह अपने भागीदारों के साथ सुरक्षा सहयोग के संबंध में महत्वपूर्ण घोषणाएं करने की तैयारी कर रहे हैं। भारत के साथ हमारे सुरक्षा सहयोग समझौते को भी हम अंतिम रूप दे रहे हैं ताकि यह आधिकारिक दस्तावेज की शक्ल ले सके। जेलेंस्की ने यूरोपीय भागीदारों के साथ रुके हुए सहायता पैकेज को हरी झंडी मिलने की बात भी कही।
अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना में भीषण गोलीबारी
अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना राज्य के विंस्टन-सेलम में सोमवार सुबह एक पार्क में भीषण गोलीबारी हुई। पुलिस के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 10 बजे लीनबैक पार्क में हुई। यहां युवाओं के बीच पहले से तय एक झगड़ा अचानक हिंसक हो गया। इसके बाद कई लोगों ने एक-दूसरे पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। यह पार्क जेफरसन मिडिल स्कूल के पास स्थित है। गोलीबारी की खबर मिलते ही सुरक्षा के लिहाज से स्कूल में लॉकडाउन लगा दिया गया। हालांकि, जांच अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह घटना स्कूल परिसर के अंदर नहीं हुई थी।
पुलिस अभी तक घायलों की सही संख्या की पुष्टि नहीं कर पाई है। इस घटना में शामिल कुछ लोग नाबालिग हैं। अधिकारियों ने कई पीड़ितों और संदिग्धों की पहचान कर ली है, लेकिन कुछ आरोपी अब भी फरार हैं। नॉर्थ कैरोलिना स्टेट ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन मामले की गहराई से जांच कर रहा है। पुलिस फरार लोगों की तलाश में जुटी है।