अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्वीकारा की उन्होंने 2018 में सांसदों के साथ बैठक में हैती और कई अफ्रीकी देशों को शिथोल कंट्रीज कहा था। हाल ही में पेंसिल्वेनिया में एक रैली के दौरान उन्होंने थर्ड वर्ल्ड माइग्रेशन पर स्थायी रोक की घोषणा का जिक्र करने के दौरान यह बात कही। ट्रंप ने सोमालिया को गंदा और अपराधग्रस्त बताते हुए फिर निशाना साधा था। हालांकि, उस समय उन्होंने टिप्पणी से इनकार किया था।
भ्रष्टाचार के मामले में बोलिविया के पूर्व राष्ट्रपति आर्से गिरफ्तार
बोलिविया के कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने बुधवार को पूर्व राष्ट्रपति लुइस आर्से को भ्रष्टाचार जांच के तहत गिरफ्तार किया। देश के उपराष्ट्रपति एडमैन लारा ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी। इस गिरफ्तारी ने देश की राजनीति में अनिश्चितता का नया दौर की शुरू कर दिया, क्योंकि केवल एक महीने पहले ही रोड्रिगो पाज के राष्ट्रपति बनने के साथ ही 20 साल का समाजवादी शासन समाप्त हुआ था।
उपराष्ट्रपति लारा ने टिकटॉक पर एक वीडियो में आर्से की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आर्से को कथित गबन के आरोपों में गिरफ्तार किया गया है। हालांकि उन्होंने अधिक जानकारी नहीं दी है। उनकी पूर्व न्याय मंत्री मारिया नेला प्रादा के मुताबिक, ये भ्रष्टाचार के आरोप आर्से के पूर्व सहयोगी और पूर्व राष्ट्रपति एवो मोरालेस की सरकार में आर्थिक मंत्री के पद के दौरान के कार्यकाल से संबंधित हैं।
नाइजीरिया: अपहरण से मुक्त कराए जाने के बाद माता-पिता को सौंपे गए बच्चे
नाइजीरिया में अपहरण से मुक्त कराए जाने के बाद बच्चों को उनके माता-पिता को लौटाया गया। कई माता-पिता ने मंगलवार देर रात अपने बच्चों के लौटने का स्वागत किया। पिछले महीने स्कूल में घुसे हथियारबंद लोगों ने बच्चों का अपहरण कर लिया था।
एक पिता ने कहा, मेरे लिए यह आसान नहीं रहा। लेकिन आज वास्तव में मुझे थोड़ी खुशी है। लेकिन अभी भी एक बच्चा अपहरणकर्ताओं के कब्जे में ही है। उनके दो बेटों में से एक को छोड़ दिया गया, जबकि दूसरा अभी भी अपहरणकर्ताओं के पास है।
उनका बेटा उन सौ छात्रों में से एक है, जिन्हें साप्ताहांत पर छोड़ा गया। उन्होंने जोर से अपने बेटे को गले लगाया। उनका 21 नवंबर को नाइजीरियाई कैथोलिक स्कूल से अपहरण किया गया था।
वॉशिंगटन में बाढ़ का खतरा, भारी बारिश जारी
पश्चिमी वॉशिंगटन में भारी बारिश के चलते नदियों में जलस्तर बढ़ गया है, जिसके चलते लोग अपने कीमती सामान को पैक कर रहे हैं और सुरक्षित स्थानों पर जाने की तैयारी कर रही हैं। एक दिन पहले यहां तूफान आया, जिसके कारण बचाव और सड़क बाधित हुई।
उत्तर पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र में नदियां रिकॉर्ड स्तर तक उफान पर हैं। सिएटल के उत्तर में स्कैगिट नदी में भारी बाढ़ की आशंका जताई जा रही है। माउंट वर्नन शहर में लोगों ने रेत के बैग भरने के लिए लंबी कतारें लगाई, क्योंकि अधिकारियों ने बाढ़ क्षेत्र में रहने वाले निवासियों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर वहां से पलायन करने की सलाह जारी की।
माउंट वर्नियर के मेयर पीटर डोनोवन ने कहा, हम यहां सबसे बुरे हालात के लिए तैयारी कर रहे हैं। सिएटल के दक्षिणपूर्व में माउंट रेनियर पहाड़ियों में पियर्स काउंटी शेरिफ ने आरवी पार्क में लोगों को बचाया, जिसमें एक व्यक्ति सांता की टोपी पहनकर पानी में खड़ा था।
वॉशिंगटन के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन ने राज्य में आपातकाल घोषित किया। उन्होंने कहा, आने वाले दिनों में लोगों की जान जोखिम में होगी। वॉशिंगटन नेशनल गार्ड के प्रमुख जेंट वेल्स ने बताया कि सैकड़ों गार्ड को सहायता के लिए भेजा जाएगा।
चीनी नागरिक को हांगकांग निर्वासित किया गया
वीजा शर्तों का उल्लंघन करके लद्दाख और जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करने वाले चीनी नागरिक हूं कांगतई को हांगकांग निर्वासित किया गया है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, पिछले हफ्ते हिरासत में लिए गए इस चीनी नागरिक को 10 दिसंबर की शाम दिल्ली भेजा गया, ताकि उसे आगे हांगकांग के लिए प्रत्यर्पित किया जा सके। कांगतई (29 वर्षीय) 19 नवंबर को दिल्ली पहुंचे थे और उनके पास यात्री वीजा था, जो उन्हें वाराणसी, आगरा, नई दिल्ली, जयपुर, सारनाथ, गया और कुशीनगर में बौद्ध धार्मिक स्थलों का दौरा करने की अनुमति देता था। लेकिन उन्होंने 20 नवंबर को लेह के लिए उड़ान भरी और लेह हवाई अड्डे पर स्थित विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय में पंजीकरण नहीं कराया। उन्हें एक दिसंबर को दिल्ली से श्रीनगर आने के बाद पिछले हफ्ते हिरासत में लिया गया।
बिना वीजा अमेरिका आने वाले यात्रियों की जल्द हो सकती है सोशल मीडिया स्क्रीनिंग
वीजा बिना अमेरिका आने वाले विदेशी यात्रियों को जल्द ही सोशल मीडिया स्क्रीनिंग का सामना करना पड़ सकता है। बिना वीजा के अमेरिका आने वाले विदेशी नागरिक जल्द ही यात्रा की मंजूरी से पहले अपने सोशल मीडिया, ईमेल खातों और परिवार के विस्तृत इतिहास की जानकारी गृह सुरक्षा विभाग को देने के लिए बाध्य हो सकते हैं।
संघीय रजिस्टर में बुधवार को प्रकाशित नोटिस के मुताबिक, सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा एजेंसी उन चुनिंदा देशों के यात्रियों से पिछले पांच वर्षों की सोशल मीडिया जानकारी एकत्र करने का प्रस्ताव कर रही है, जिन्हें अमेरिका आने के लिए वीजा की आवश्यकता नहीं है। ट्रंप प्रशासन अंतरराष्ट्रीय यात्रियों और प्रवासियों की निगरानी बढ़ा रहा है।
नोबेल शांति पुरस्कार समारोह में शामिल नहीं हुईं मारिया माचाडो
नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मारिया कोरीना माचाडो ओस्लो में बुधवार को होने वाले समारोह में शामिल नहीं हुईं। नॉर्वेजियन नोबेल इंस्टीट्यूट ने बताया कि माचाडो राजधानी में मौजूद न होने के कारण और उनकी बेटी उनकी ओर से पुरस्कार ग्रहण किया। माचाडो 11 महीने से सार्वजनिक रूप से नहीं दिखी हैं और जनवरी में संक्षिप्त हिरासत के बाद से छिपकर रह रही हैं। उन्हें लोकतांत्रिक बदलाव की लड़ाई के लिए उन्हें यह सम्मान दिया गया है। वेनेजुएला सरकार ने उन्हें पिछले साल के राष्ट्रपति चुनाव लड़ने से रोक दिया था।