लंदन में आव्रजन और उसके विरोध को लेकर शनिवार को हिंसक प्रदर्शन हुए, जिनमें नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया। टॉमी रॉबिन्सन द्वारा आयोजित ‘यूनाइट द किंगडम’ और ‘स्टैंड अप टू रेसिज्म’ समूह आमने-सामने आ गए। मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों ने बोतलें, पटाखे और अन्य वस्तुएं फेंकी, जिससे पुलिसकर्मी भी निशाना बने। पुलिस ने कहा कि कई और आरोपियों की पहचान की गई है और उन पर कार्रवाई होगी। प्रदर्शनकारियों ने ब्रिटेन, इंग्लैंड, अमेरिका और इज़राइल के झंडे तथा ट्रंप समर्थक टोपी पहनी और पीएम कीर स्टार्मर के खिलाफ नारे लगाए। ब्रिटेन में रिकॉर्ड शरणार्थी आवेदनों के बीच आव्रजन प्रमुख राजनीतिक मुद्दा बन गया है।
गाजा के लिए यूरोप से रवाना हुआ 'ग्लोबल समूद फ्लोटिला', 34 नावों में 500 टन राहत सामग्री और 600 लोग सवार
गाजा पट्टी में राहत सामग्री पहुंचाने के लिए 'ग्लोबल समूद फ्लोटिला' मिशन के तहत इटली से कई नावें रवाना हुई हैं। ये नावें ग्रीस, स्पेन और ट्यूनीशिया से पहले से चल रही नावों के साथ मिशन में जुड़ गई हैं। यूरो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को 18 नावें इटली के सिसिली से रवाना हुईं, जिनमें चार यूरोपीय संसद सदस्य भी सवार हैं।
इस समूह में कुल 34 नावें हैं, जिसमें लगभग 600 लोग और करीब 500 टन मानवीय सहायता सामग्री मौजूद है। आयोजकों का कहना है कि यह इस्राइल की घेराबंदी तोड़ने का अब तक का सबसे बड़ा प्रयास है। हालांकि, इस्राइल गाजा की समुद्री सीमाओं पर सख्त नियंत्रण बनाए हुए है।
पिछले साल जून में इसी तरह की एक नाव को इस्राइली सुरक्षा बलों ने रोक लिया था और नाव के चालक दल को गैरकानूनी घुसपैठ के आरोप में हिरासत में लेकर वापस भेज दिया गया था। इससे जाहिर होता है कि इस बार के बड़े अभियान को भी कितनी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।
70 के हुए पोप लियो
पोप लियो चौदह ने रविवार को अपना 70वां जन्मदिन ईश्वर, अपने माता-पिता और उन सभी लोगों का धन्यवाद करके मनाया जिन्होंने उनके लिए प्रार्थना की।
लियो ने सेंट पीटर्स स्क्वायर में पारंपरिक दोपहर के आशीर्वाद के लिए एकत्रित हुए श्रद्धालुओं की की तरफ से लगाए गए विशाल जन्मदिन मुबारक बैनर, गुब्बारे और बधाई संदेश देखे। लियो ने जयकारों के बीच कहा, मेरे प्रियजनों, ऐसा लगता है कि आप जानते हैं कि आज मैं 70 वर्ष का हो गया हूं। मैं प्रभु, अपने माता-पिता और उन सभी का धन्यवाद करता हूं जिन्होंने मुझे अपनी प्रार्थनाओं में याद किया। बाद में लियो ने अपने जन्मदिन की दोपहर 21वीं सदी के शहीदों के सम्मान में एक विश्वव्यापी प्रार्थना सभा की अध्यक्षता की।
इस्राइल ने दी धमकी
इस्राल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्वीर ने पहले ही चेतावनी दी है कि इस मिशन में शामिल कार्यकर्ताओं को आतंकवादी घोषित किया जा सकता है, जेल में डाला जा सकता है और उन्हें टीवी, रेडियो या मनपसंद खाना जैसी कोई सुविधा नहीं दी जाएगी। प्रस्थान से पहले दो नावों पर ट्यूनीशिया की समुद्री सीमा में ड्रोन हमले होने की खबर है। हालांकि इनके पीछे की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हैं।
रूबियो पहुंचे इस्राइल, गाजा में आईडीएफ ने तेज किए हमले; 13 फलस्तीनियों की मौत
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो रविवार को जब इस्राइल पहुंचे, उसी समय आईडीएफ ने उत्तरी गाजा में हमले और तेज कर दिए। इन हमलों में एक और ऊंची इमारत ध्वस्त हो गई और 13 फलस्तीनियों की मौत हो गई। रूबियो ने इस यात्रा से पहले कहा था कि वह इस्राइली अधिकारियों से यह जानना चाहते हैं कि गाजा को लेकर उनका अगला कदम क्या होगा। यह सवाल खासतौर पर उस हालिया हमले के बाद उठा है, जो इस्राइल ने कतर में छिपे हमास के नेताओं पर किया था और जिससे संघर्षविराम की कोशिशों को झटका लगा है।
रूबियो की दो दिन की यह यात्रा इस्राइल के लिए समर्थन का प्रतीक मानी जा रही है, जो फिलहाल अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अलग-थलग होता जा रहा है। इस बीच, संयुक्त राष्ट्र में फलस्तीन को देश का दर्जा दिए जाने को लेकर गरमागरम बहस की संभावना है। इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू फलस्तीन को देश के रूप में मान्यता देने का विरोध करते हैं।
अमेरिका में 73 वर्षीय सिख महिला हिरासत में, परिवार ने की रिहाई की मांग
कैलिफोर्निया में रहने वाली 73 वर्षीय सिख महिला हरजीत कौर को अमेरिकी आव्रजन अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया है। वह बीते 30 वर्षों से अमेरिका के नॉर्दर्न कैलिफोर्निया के ईस्ट बे इलाके में रह रही थीं। इस कार्रवाई से उनके परिवार और समुदाय में गहरा आक्रोश फैल गया है।
हरजीत कौर को इस हफ्ते इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (आईसीई) ने नियमित जांच के दौरान रोका। उन्हें सैन फ्रांसिस्को कार्यालय में अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने के लिए बुलाया गया था, लेकिन इसके बाद उन्हें बेकर्सफील्ड स्थित डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया। कौर साल 1992 में भारत से अमेरिका आई थीं। वे उस समय दो बेटों के साथ अकेली मां थीं। 2012 में उनका शरण (असाइलम) का दावा खारिज हो गया था, लेकिन तब से वे लगातार हर छह महीने में आईसीई के दफ्तर रिपोर्ट करती रही हैं। उनकी बहू मंजी कौर ने बताया कि पिछले 13 साल से वह नियमों का पालन कर रही थीं। कौर की गिरफ्तारी के खिलाफ उनके परिवार, स्थानीय संगठनों और सिख समुदाय ने बड़ा प्रदर्शन किया। सांसद जॉन गरामेंडी ने आईसीई से उनकी रिहाई की मांग करते हुए कहा कि 73 वर्षीय महिला को हिरासत में लेना प्रशासन की गलत प्राथमिकताओं को दर्शाता है। परिवार ने चिंता जताई कि थायरॉयड, माइग्रेन और घुटनों के दर्द जैसी बीमारियों से जूझ रहीं हरजीत कौर की सेहत हिरासत में बिगड़ सकती है।
तुर्किये में भ्रष्टाचार: मेयर समेत 48 को किया गया गिरफ्तार
तुर्किये में सरकार से जुड़े अभियोजकों ने भ्रष्टाचार के आरोप में बायरामपासा जिले के मेयर समेत 48 संदिग्धों को गिरफ्तार करने के आदेश दिया, जिसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश में 72 जगहों पर छापे मारे और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इन सभी पर गबन, रिश्वतखोरी और निविदा में हेराफेरी करने के आरोप हैं। हालांकि, बायरामपासा मेयर हसन मुटलू ने आरोपों का खंडन किया। उन्होंने सोशल मीडिया में कहा, उनके पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है।
एलन मस्क बोले- अनियंत्रित आव्रजन ब्रिटेन की पहचान के लिए खतरा
ब्रिटेन में हो रहे विरोध-प्रदर्शन से लोग बड़ी संख्या में जुड़ने लगे हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक लंदन में दक्षिणपंथी कार्यकर्ता टॉमी रॉबिन्सन की तरफ से आहूत मार्च- ‘यूनाइट द किंगडम’ मार्च में लगभग 1.1 लाख लोग शामिल हुए। एक अन्य विरोधी समूह ‘मार्च अगेंस्ट फासीज़्म’ से करीब 5,000 लोग जुड़े। प्रदर्शन अधिकतर शांतिपूर्ण रहा लेकिन कुछ समर्थकों ने पुलिस पर बोतलें और मुक्के बरसाए, जिससे झड़पें हुईं। कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। रॉबिन्सन और यूरोपीय अतिदक्षिणपंथी नेताओं ने प्रवासन के खिलाफ भाषण भी दिए। एलन मस्क ने भी वीडियो संदेश में अनियंत्रित आव्रजन को ब्रिटेन की पहचान के लिए खतरा बताया। प्रदर्शनकारियों ने “स्टॉप द बोट्स” और “सेंड देम होम” जैसे नारे लगाए, जबकि प्रतिवादियों ने शरणार्थियों के समर्थन में प्रदर्शन किया।