कोलंबो में शनिवार को सैकड़ों कपड़ा उद्योग के मजदूरों ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए नए टैरिफ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। मजदूरों ने कहा कि इस फैसले से कारखानों पर संकट मंडरा रहा है और करीब 16,000 नौकरियां खतरे में पड़ सकती हैं। यूनियन नेताओं का कहना है कि उच्च टैरिफ के कारण श्रीलंका के परिधान निर्यात महंगे हो जाएंगे और अमेरिकी बाजार से ऑर्डर घट सकते हैं।
इसके चलते मजदूरों की कई सुविधाएं जैसे यूनिफॉर्म, वार्षिक कार्यक्रम और बोनस भी रोक दिए गए हैं। हालांकि अगस्त में सरकार ने दावा किया था कि 20 फीसदी नया टैरिफ श्रीलंका को बांग्लादेश और वियतनाम जैसे प्रतिस्पर्धी देशों के बराबर खड़ा करता है। फिर भी निर्यातक इससे कम दर की मांग कर रहे हैं ताकि उद्योग टिक सके। श्रीलंका का सालाना निर्यात करीब 3 अरब डॉलर है, जिसमें सबसे बड़ा हिस्सा परिधानों और रबर उत्पादों का है।
बांग्लादेश के सलाहकार यूनुस ने नेपाली पीएम सुशीला कार्की को दी बधाई
बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने नेपाल की नई प्रधानमंत्री सुशीला कार्की को पदभार संभालने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि कार्की की नियुक्ति कठिन समय में जनता के विश्वास और भरोसे का प्रतीक है। यूनुस ने उम्मीद जताई कि कार्की के नेतृत्व में नेपाल शांति, विकास और स्थिरता की राह पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने नेपाल से गहरे रिश्तों को और मजबूत करने का भरोसा भी दिलाया।
पूर्व मुख्य न्यायाधीश कार्की शुक्रवार रात नेपाल की पहली महिला अंतरिम प्रधानमंत्री बनीं। उन्होंने केपी शर्मा ओली के इस्तीफे के बाद जिम्मेदारी संभाली। ओली को सोशल मीडिया प्रतिबंध के खिलाफ हिंसक प्रदर्शनों में 19 लोगों की मौत के बाद पद छोड़ना पड़ा था।
इस्राइली सेना की तरफ से हवाई हमलों का दौर जारी
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान इस्राइली सेना की तरफ से हवाई हमलों का दौर जारी है। गाजा में कम से कम 65 फलस्तीनी लोग मारे गए हैं। मृतकों में एक ही परिवार के 14 सदस्य शामिल हैं। अल जज़ीरा की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकांश मौतें गाजा सिटी और उत्तरी क्षेत्रों में हुईं। हमास ने इसे 'आतंक और संगठित युद्ध अपराध' बताते हुए अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन का आरोप लगाया। एक ड्रोन हमले में दारज इलाके में बच्चे की मौत की भी खबर है। इस्राइल ने हफ्तेभर में 500 ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है। गाज़ा प्रशासन के मुताबिक अब भी लगभग 13 लाख से अधिक लोग, जिनमें 3.5 लाख बच्चे शामिल हैं, गाजा में ही रह रहे हैं।
अमेरिकी अदालत बोली- ट्रंप सरकार वेनेजुएला के लोगों की वेबसाइट अपडेट करे
अमेरिका की एक अदालत के संघीय न्यायाधीश एडवर्ड चेन ने ट्रंप प्रशासन को आदेश दिया है कि वह आप्रवासन सेवा की वेबसाइट अपडेट करे, ताकि 6 लाख वेनेजुएलावासी अस्थायी संरक्षित स्थिति (TPS) धारकों को कानूनी रूप से अमेरिका में रहने और काम करने का अधिकार स्पष्ट हो। इससे पहले 5 सितंबर के फैसले में चेन ने होमलैंड सिक्योरिटी सचिव क्रिस्टी नोएम द्वारा राष्ट्रपति बाइडेन प्रशासन की ओर से दिए गए टीपीएस विस्तार को अवैध रूप से रद्द करार दिया था। न्यायाधीश ने सरकार की स्थगन याचिका भी खारिज कर दी। वकीलों ने कहा कि वेबसाइट अपडेट न होने से कई टीपीएस धारक हिरासत या रोजगार संकट झेल रहे हैं।
ईरान-फ्रांस के बीच होगी कैदी अदला-बदली
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि ईरान और फ्रांस कैदी अदला-बदली समझौते के करीब हैं। इस समझौते में फ्रांस में गिरफ्तार ईरानी महिला महदिह एस्फंदियारी की रिहाई भी शामिल है। एस्फंदियारी, साल 2018 से ही ल्योन में रह रही हैं। उन्हें फरवरी में गाज़ा युद्ध से जुड़े टेलीग्राम पोस्ट पर आतंकवाद संबंधित आरोप में पकड़ा गया था। माना जा रहा है कि इसके बदले ईरान में जासूसी के आरोप में 2022 से बंद दो फ्रांसीसी नागरिकों की रिहाई हो सकती है। फ्रांस ने टिप्पणी से इनकार किया है। हालांकि, उसने भी अपने नागरिकों की रिहाई की मांग दोहराई है। बता दें कि कई मानवाधिकार संगठनों ने ईरान पर कैदियों को सौदेबाजी का जरिया बनाने का आरोप लगाया है।
ब्रिटेन में भारतंशी बच्ची पर गोलीबारी के आरोपी को उम्रकैद; जेल में कम से कम 34 साल बिताना होगा
उत्तर-पूर्व लंदन में मोटरबाइक पर गोलीबारी की साजिश रचने के दोषी एक व्यक्ति को शुक्रवार को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। इस गोलीबारी में केरल की नौ वर्षीय बच्ची को गंभीर चोट आई थी। सजायाफ्ता को पैरोल पर विचार करने से पहले कम से कम 34 साल जेल में बितना होगा। कानूनन बच्ची की पहचान जाहिर नहीं की जा सकती, क्योंकि वह नाबालिग है। लंदन के ओल्ड बेली कोर्ट में एक जज ने 33 वर्षीय जेवन रिले को यह सजा सुनाई। जूरी ने उसे तीन लोगों की हत्या के प्रयास और लड़की को गंभीर शारीरिक नुकसान पहुंचाने का दोषी पाया था। हमले के दौरान भारतवंशी बच्ची के सिर में गोली लग गई थी। यह सजा उसी अदालत में एक मुकदमे के बाद सुनाई गई, जिसमें बताया गया कि रिले ने खुद बंदूक नहीं चलाई थी। 29 मई, 2024 को उसने एक संगठित अपराध नेटवर्क के प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्यों की जान लेने की योजना को मूर्त रूप देने में अहम भूमिका निभाई थी।
मानवाधिकार कार्यकता डॉ. महरंग बलोच की हिरासत 15 दिन के लिए और बढ़ी
एक आतंकवाद विरोधी अदालत (एटीसी) ने बलूचिस्तान की मानवाधिकार कार्यकर्ता और बलूच यकजेहती समिति की नेता डॉ. महरंग बलूच की हिरासत 15 दिनों के लिए और बढ़ा दी है। साथ ही संगठन के कई अन्य सदस्यों को भी हिरासत में लिया गया है। द बलूचिस्तान पोस्ट के अनुसार, वकील इसरार बलूच ने कहा कि डॉ. माहंग, साथ में साथी आयोजक बीबो बलूच, सिबगातुल्लाह शाहजी, गुलजादी और बीबरग बलूच, एटीसी-1 के जज मोहम्मद अली मुबीं के समक्ष पेश हुए थे। ऐसा छठी बार है जब महरंग की हिरासत अवधि बढ़ाई गई है।
पाकिस्तान में बाढ़ के कारण पलटी नाव, 10 की मौत
पाकिस्तान में बाढ़ राहत प्रयासों के दौरान नाव पलटने से 10 लोगों की मौत हो गई। इसमें बच्चे भी शामिल हैं। पंजाब आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि यह हादसा बृहस्पतिवार को पूर्वी पंजाब प्रांत के शहर मुल्तान के पास एक गांव में हुई। फिलहाल नौका पलटने के बाद बाढ़ प्रभावित गांवों से 24 लोगों को बचाया गया और शेष 15 को सुरक्षित रूप से पानी से बाहर निकाल लिया गया है। पंजाब की सूचना मंत्री अजमा बुखारी ने कहा कि 23 अगस्त से अब तक प्रांत में बाढ़ से संबंधित घटनाओं में 78 लोग मारे गए हैं। हालिया मौतों के साथ ही मृतकों की संख्या 88 तक बढ़ गई है। गौरतलब है कि पाकिस्तान में इस साल भारी बारिश और उफनती नदियों के कारण आई बाढ़ ने जून के अंत से 946 लोगों की जान ले ली है।
ताइवान जलडमरूमध्य से पहली बार गुजरा चीन का नया विमानवाहक पोत
चीन का सबसे नया विमानवाहक पोत पहली बार ताइवान जलडमरूमध्य से होकर गुजरा। यह जलक्षेत्र चीन को ताइवान से अलग करता है लेकिन चीन का कहना है कि स्वशासित द्वीप उसका हिस्सा है। नौसेना ने एक बयान में कहा कि बेड़े में शामिल होने से पहले समुद्री परीक्षण से गुजर रहा पोत ‘फुजियान’ प्रशिक्षण और वैज्ञानिक प्रयोग के लिए दक्षिण चीन सागर जा रहा था। लेकिन विमानवाहक पोत के परीक्षण से किसी को निशाना बनाना मंशा नहीं थी। सरकारी मीडिया ने एक विशेषज्ञ के हवाले से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि ताइवान जलडमरूमध्य, विमानवाहक पोत के लिए दक्षिण चीन सागर तक पहुंचने का सामान्य और सबसे उचित मार्ग है।
कोआला को क्लैमाइडिया से बचाने के लिए दुनिया के पहले टीके को मंजूरी
ऑस्ट्रेलिया ने लुप्त हो रहे कोआला को क्लैमाइडिया से बचाने के लिए दुनिया के पहले टीके को मंजूरी दी है। यह एक ऐसी बीमारी है, जिसने मार्सुपियल्स कहे जाने वाले (जीव अन्य स्तनधारियों की अपेक्षा बहुत कम समय के लिए गर्भधारण करते हैं और जन्म के बाद उनके बच्चे का विकास नहीं होता) जीव की आबादी को तबाह कर दिया है। ऐसे में यह टीका उन्हें संक्रमण और मृत्यु के जोखिम से बचाएगा। यूनीएससी के नेतृत्व में किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि इस टीके ने प्रजनन काल के दौरान कोआलाओं में क्लैमाइडिया के लक्षण विकसित होने की संभावना को कम किया है। साथ ही जंगली आबादी में इस बीमारी से होने वाली मृत्यु दर में 65 फीसदी तक की कमी देखी गई है। यूनीएससी ने कहा कि प्रजनन के माध्यम से फैलने वाली यह बीमारी दर्दनाक मूत्र मार्ग में संक्रमण, बांझपन, अंधापन और यहां तक कि मृत्यु का कारण बन सकती है। यूनीएससी के एक बयान के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया के सनशाइन कोस्ट विश्वविद्यालय (यूनीएससी) को इस टीके को बनाने में 10 साल से अधिक का समय लगा।
लंदन में जामिया की छात्रा को छात्रवृत्ति
जामिया मिल्लिया इस्लामिया की छात्रा आफरीन नाज को विधिक अध्ययन के लिए लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस में छात्रवृत्ति मिली है। उनको विधि में स्नातकोत्तर (एलएलएम) करने हेतु यूके सरकार द्वारा प्रतिष्ठित शेवनिंग छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। आफरीन ने जामिया के विधि संकाय से 2024 में बीएएलएलबी (ऑनर्स) में स्नातक की थी। आफ़रीन ने कहा जामिया ने मेरे मूल्यों, कौशल और न्याय के प्रति प्रतिबद्धता को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विधि संकाय के डीन प्रो. गुलाम यजदानी ने कहा कि छात्रा की सफलता उसकी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प का प्रमाण है।
इटली में चौथा तटरक्षक वैश्विक शिखर सम्मेलन: समुद्री चुनौतियों व सहयोग बढ़ाने पर चर्चा
भारतीय तटरक्षक बल के प्रतिनिधिमंडल ने 11 व 12 सितंबर को इटली में चौथे तटरक्षक वैश्विक शिखर सम्मेलन में भाग लिया। बैठक में समुद्री प्रदूषण प्रतिक्रिया, समुद्री खोज और बचाव तथा समुद्री कानून प्रवर्तन के क्षेत्रों में सहयोग के साथ क्षमता निर्माण और तकनीकी सहायता बढ़ाने पर चर्चा की गई। वर्तमान समुद्री चुनौतियों का समाधान करने, समुद्री क्षेत्र में साझा सुरक्षा, संरक्षक और पर्यावरणीय प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व तटरक्षक बल के महानिदेशक परमेश शिवमणि ने किया। भारतीय तटरक्षक बल के जनसंपर्क अधिकारी कमांडेंट अमित उनियाल के अनुसार, इस शिखर सम्मेलन में 115 देश व अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि ने भाग लिया। तटरक्षक सहयोग के लिए एक प्रमुख वैश्विक मंच के रूप में इसकी महत्ता को दर्शाया गया। उन्होंने कहा कि शिखर सम्मेलन समुद्री सुरक्षा, समुद्री पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न क्षेत्रों में अनुभवों और सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने के लिए एक मंच के रूप में कार्य करता है। जैसे कि प्रमुख प्रदूषण घटनाओं, प्राकृतिक आपदाओं और समुद्री दुर्घटनाओं के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया के अलावा यह समुद्री सुरक्षा पर भी ध्यान केंद्रित करता है। बैठक में उन्नत तकनीकों, मानव संसाधन विकास और प्रशिक्षण के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय समुद्री अपराधों का मुकाबला करने और समुद्र में संरक्षक के रूप में आचरण के साझा सिद्धांतों के तहत अंतर-क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया गया। वैश्विक स्तर पर समुद्री चुनौतियों की बढ़ती जटिलता को समझते हुए, जापान तटरक्षक बल और निप्पॉन फाउंडेशन ने वर्ष 2017 में पहला सीजीजीएस आयोजित किया था।
जी-7 देशों पर दबाव बना रहा अमेरिका
रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर दबाव बनाने के लिए अमेरिका जी7 देशों पर भी दबाव बना रहा है। अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने एक बयान जारी कर कहा कि 'केवल एक एकीकृत प्रयास से ही पुतिन की युद्ध मशीन को वित्तपोषित करने वाले राजस्व को स्रोत पर ही रोक लग सकती है। हम इस निरर्थक नरसंहार को रोकने के लिए पर्याप्त आर्थिक दबाव डाल पाएंगे।' बयान में आगे कहा गया है कि 'राष्ट्रपति ट्रंप के साहसिक नेतृत्व के कारण अमेरिका पहले ही रूसी तेल के खरीदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर चुका है। हम अपने साथी G7 देशों के इस आश्वासन से उत्साहित हैं कि वे इस युद्ध को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, और हमें उम्मीद है कि वे इस महत्वपूर्ण समय में निर्णायक कार्रवाई करने में हमारे साथ शामिल होंगे।' गौरतलब है कि अमेरिका ने भारत पर रूसी तेल खरीदकर यूक्रेन युद्ध को वित्तपोषित करने का आरोप लगाया है। अब अमेरिका अगर जी7 देशों को भी अपने साथ लाने में सफल होता है तो इससे भारत की परेशानी बढ़ सकती है।
गला काटकर मारे गए नागामलैया का अंतिम संस्कार
अमेरिका डलास में मारे गए चंद्र मौली नागामलैया का आज अंतिम संस्कार कर दिया गया। नागामलैया का अंतिम संस्कार डलास के फ्लोवर माउंड फैमिली नामक श्मशान घाट पर किया गया। नागामलैया की उसके कर्मचारी ने गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। घटना का वीडियो भी सामने आया था। वहीं एक अभियान के तहत नागामलैया के परिवार के लिए दो लाख डॉलर का फंड इकट्ठा किया गया है।
वहीं भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने भारतवंशी की हत्या पर शोक व्यक्त किया है। सेवा इंटरनेशनल के ह्यूस्टन चैप्टर के अध्यक्ष गीतेश देसाई ने कहा, 'इस अपराध ने हमारे समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। हम शोकाकुल परिवार को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।' विश्व हिंदू परिषद ऑफ अमेरिका ने इसे एक चिंताजनक राष्ट्रीय प्रवृत्ति का हिस्सा बताते हुए कहा, 'ये त्रासदियां एक खतरनाक सामाजिक पतन को उजागर करती हैं, जहां राजनीतिक कलह एकजुटता को खत्म कर रही है और सरकार की प्रतिक्रियाएं केवल दिखावटी हैं।'
रूस के खिलाफ नाटो ने अपनी रक्षात्मक स्थिति मजबूत की
नाटो ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि वह बेलारूस, रूस और यूक्रेन की सीमा से लगे अपने पूर्वी हिस्से में अपनी रक्षात्मक स्थिति को मजबूत कर रहा है ताकि पोलैंड में रूसी ड्रोनों की घुसपैठ के बाद संभावित रूसी आक्रमण को रोका जा सके। नाटो के सर्वोच्च कमांडर ने कहा कि 'ईस्टर्न सेंट्री' नामक एक अभियान के तहत, फ्रांस, डेनमार्क, जर्मनी और ब्रिटेन के हथियार और आधुनिक उपकरण मौजूदा हवाई और जमीनी सुरक्षा में शामिल किए जाएंगे। इस अभियान के लिए फ्रांसीसी राफेल लड़ाकू विमान, डेनमार्क के एफ-16, एक फ्रिगेट और जमीनी रक्षा प्रणालियां उपलब्ध कराने का वादा किया गया है।