फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Updates: रूस ने व्हाट्सऐप-टेलीग्राम पर कॉल करने पर लगाई रोक; इटली जहाज हादसे में 20 की मौत, कई लापता

Wed, 13 Aug 2025 10:19 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

रूस ने व्हाट्सऐप और टेलीग्राम पर कॉल करने पर आंशिक रोक लगा दी है। सरकारी मीडिया और इंटरनेट नियामक रोसकोमनाडज़ोर ने कहा कि इन ऐप्स का इस्तेमाल धोखाधड़ी, पैसों की उगाही, तोड़फोड़ और आतंकी गतिविधियों में लोगों को शामिल करने के लिए किया जा रहा है। अधिकारियों का आरोप है कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद इन कंपनियों ने कोई कदम नहीं उठाया। रूस पहले से ही इंटरनेट पर नियंत्रण कड़ा कर रहा है। कई वेबसाइटों और प्लेटफॉर्म को बैन किया गया है, ऑनलाइन ट्रैफिक की निगरानी की तकनीक विकसित की गई है और वीपीएन सेवाओं पर भी रोक लगाई जाती है। हाल में मोबाइल इंटरनेट बंद करने और अवैध मानी जाने वाली सामग्री खोजने वालों को सजा देने का कानून लाया गया। सरकार एक नया 'राष्ट्रीय' मैसेजिंग ऐप भी ला रही है, जिसके कड़ी निगरानी में रहने की उम्मीद है। कई यूजर्स ने हाल में व्हाट्सऐप और टेलीग्राम कॉल न चलने की शिकायत की है।

विज्ञापन


इटली जहाज हादसे में 20 की मौत, कई लापता
इटली के लैम्पेदुसा द्वीप के पास लगभग 100 प्रवासियों को ले जा रही एक नाव पलट गई, जिसमें कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक लोग लापता हो गए। संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी (यूएनएचसीआर) ने बुधवार को यह जानकारी दी। इटली में संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायोग के प्रवक्ता फिलिपो उंगारो ने बताया कि 60 बचे लोगों को लैम्पेदुसा के एक केंद्र में लाया गया है। बचे हुए लोगों के अनुसार, जब नाव लीबिया से रवाना हुई थी, तब उसमें 92 से 97 प्रवासी सवार थे। यूएनएचसीआर के मुताबिक, अधिकारियों ने 20 शव बरामद कर लिए हैं और 12 से 17 अन्य लोगों की तलाश जारी है।

द. कोरिया : पूर्व राष्ट्रपति की पत्नी को गिरफ्तार करने का कोर्ट से आदेश
दक्षिण कोरिया की सियोल सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट अदालत ने मंगलवार को जेल में बंद पूर्व राष्ट्रपति यून सुक येओल की पत्नी किम कियोन ही की गिरफ्तारी का आदेश दिया। उन पर रिश्वतखोरी, स्टॉक में हेरफेर और एक उम्मीदवार के चयन में दखलंदाजी सहित कई संदिग्ध अपराधों के आरोप हैं।

चीन के सरकारी व सैन्य सुरक्षा कार्यों में एनविडिया चिप के इस्तेमाल पर रोक
चीनी अधिकारियों ने स्थानीय कंपनियों से एनविडिया के एच-20 चिप का इस्तेमाल सरकारी व सुरक्षा कार्यों के लिए नहीं करने की अपील की है। एनविडिया ने कहा कि एच-20 सेना या सरकार के प्रयोग में आने वाला उत्पाद नहीं है। बयान के अनुसार, चीन के पास अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए घरेलू चिप्स की पर्याप्त आपूर्ति है। वह सरकारी कार्यों के लिए अमेरिकी चिप्स पर निर्भर नहीं रहेगा और न ही कभी रहा है। ठीक उसी तरह जैसे अमेरिकी सरकार चीन से आने वाले चिप्स पर निर्भर नहीं रहेगी। बता दें कि अमेरिका ने पिछले ही महीने चीन को एच-20 चिप बेचने पर लगा प्रतिबंध हटाया था।

पूर्व PM शेख हसीना की पैरवी को लेकर वरिष्ठ वकील की याचिका अदालत से खारिज
बांग्लादेश की एक विशेष अदालत ने मंगलवार को वरिष्ठ वकील जेडआई खान पन्ना की याचिका को खारिज कर दिया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की ओर से पैरवी करने की अनुमति मांगी थी। हसीना पर मानवता के खिलाफ अपराध के आरोप में अनुपस्थित रहते हुए मुकदमा चल रहा है। देश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (आईसीटी-बीडी) के अध्यक्ष गुलाम मुर्तजा मजूमदार ने कहा, राज्य ने शेख हसीना के लिए एक वकील नियुक्त कर दिया है, यह मामला खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह तय करना न्यायाधिकरण का काम है कि कौन वकील नियुक्त होगा।

आयरलैंड के राष्ट्रपति ने भारतीयों पर हमले की निंदा की
आयरलैंड के राष्ट्रपति माइकल डी हिगिंस ने मंगलवार को भारतीयों पर हुए घृणित हमलों की निंदा की। वहां भारतीयों के योगदान का भी जिक्र किया। हिगिंस ने कहा कि ये हमले आयरलैंड के मूल्यों के बिल्कुल विपरीत हैं। उनका यह बयान डबलिन और अन्य शहरों में भारतीयों पर हुए हिंसक हमलों के बाद आया है। हिगिंस ने कहा, भारत के लोगों को हम प्रिय मानते हैं। आयरलैंड में किसी भी व्यक्ति, खासकर किसी युवा को छल-कपट या उकसावे के जरिये इस तरह के व्यवहार में घसीटने की कड़ी निंदा होनी चाहिए। चाहे ऐसा उकसावा अज्ञानता से उपजा या दुर्भावना से, इससे होने वाले नुकसान को स्वीकार करना जरूरी है। ऐसे कृत्य हमे कमजोर करते हैं। राष्ट्रपति ने कहा, आयरलैंड के भारत के साथ संबंध न तो नए हैं और न ही सतही।

ट्रंप से मुलाकात से पहले पुतिन ने उत्तर कोरियाई नेता से की बात

उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच फोन पर बात हुई। दोनों नेताओं की यह बातचीत ऐसे समय हुई, जब पुतिन 15 अगस्त को अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से मिलने वाले हैं। दोनों नेताओं के बीच यूक्रेन युद्ध पर बात होगी। पुतिन और किम के बीच हुई बातचीत में दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा हुई। कोरिया के सरकारी मीडिया के अनुसार, बातचीत में पुतिन ने उत्तर कोरियाई सैनिकों की बहादुरी और आत्म बलिदान की भावना की जमकर तारीफ की।

गौरतलब है कि उत्तर कोरिया के कई सैनिकों ने रूस की तरफ से यूक्रेन युद्ध में लड़ाई लड़ी। बातचीत में पुतिन ने उत्तर कोरियाई नेता के साथ ट्रंप के साथ होने वाली बैठक को लेकर भी जानकारी साझा की। किम ने पुतिन से कहा कि प्योंगयांग भविष्य में भी रूसी नेतृत्व द्वारा उठाए जाने वाले सभी कदमों का पूरा समर्थन करेगा। उन्होंने पिछले साल शिखर सम्मेलन के दौरान हुई रणनीतिक साझेदारी के तहत सभी क्षेत्रों में संबंधों को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा की।

पाकिस्तान में बाढ़ की चेतावनी जारी

पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग (पीएमडी) ने मंगलवार को चेतावनी जारी की है कि आने वाले दिनों में देश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाएं और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। इसके चलते कई इलाकों में बाढ़ की आशंका है। 17 अगस्त से पाकिस्तान में मानसून की गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने बताया कि जून के अंत से पाकिस्तान के कई हिस्सों में आई अचानक बाढ़ और मूसलाधार बारिश में 142 बच्चों सहित कम से कम 312 लोगों की मौत हो गई है और 740 अन्य घायल हुए हैं। मृतकों में 113 पुरुष, 57 महिलाएं और 142 बच्चे शामिल हैं, जबकि घायलों में 243 बच्चे, 209 महिलाएं और 288 पुरुष शामिल हैं।

मौसम विभाग ने कहा कि अरब सागर से मानसूनी धाराएं लगातार पाकिस्तान के ऊपरी हिस्सों में प्रवेश कर रही हैं, जबकि बंगाल की खाड़ी से आने वाली आर्द्र धाराएं सप्ताह के मध्य में और तेज होने की संभावना है। इससे 14 से 17 अगस्त तक इस्लामाबाद, ऊपरी पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा और पाकिस्तान के कब्जे वाले गिलगित-बाल्टिस्तान में भारी बारिश की संभावना है।
 

भारत व पाकिस्तान दोनों के साथ हमारे अच्छे संबंध: ब्रूस
अमेरिकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अमेरिका का भारत व पाकिस्तान दोनों देशों के साथ मिलकर काम करना क्षेत्र व विश्व के लिए अच्छी बात है। ब्रूस ने कहा, दोनों देशों के साथ हमारे रिश्ते जैसे पहले थे, वैसे ही बने हुए हैं। यही एक ऐसे राष्ट्रपति होने का फायदा है जो सबको जानते हैं, सबसे बात करते हैं…। इसलिए यह स्पष्ट है कि यहां के राजनयिक दोनों देशों के प्रति प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की ट्रंप के साथ बैठक के बाद हथियारों की बिक्री के मामले में पाकिस्तान के लिए अमेरिकी सहायता में वृद्धि की संभावना के बारे में पूछे गए एक प्रश्न का उत्तर देते हुए यह टिप्पणी की। उनसे यह भी सवाल किया गया था कि क्या यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ट्रंप के संबंधों की कीमत पर हो रहा है। भारत-पाक संघर्ष का भी जिक्र: ब्रूस ने भारत और पाकिस्तान के बीच मई में हुए सैन्य संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा, हमें पाकिस्तान और भारत के बीच उस संघर्ष का स्पष्ट रूप से अनुभव है जो काफी भयावह हो सकता था। ब्रूस ने दावा किया कि अमेरिका के शीर्ष नेता उस संभावित तबाही को रोकने के प्रयासों में शामिल थे। भारत लगातार कहता रहा है कि संघर्ष पाकिस्तान के अनुरोध पर रोका गया था और इसमें किसी तीसरे देश की भूमिका नहीं थी।
 

म्यांमार के हिरासत केंद्रों में यौन शोषण
म्यांमार के हिरासत केंद्रों में सामूहिक दुष्कर्म व यौन यातना जैसी घटनाएं आम हो चुकी हैं। संयुक्त राष्ट्र समर्थित एक जांचकर्ता ने इन वारदातों के सबूत जुटाए हैं। निकोलस कौमजियान के नेतृत्व वाली अंतरराष्ट्रीय स्वतंत्र टीम ने मंगलवार को अपनी नवीनतम वार्षिक रिपोर्ट जारी की। फरवरी 2021 में सेना द्वारा आंग सान सू की निर्वाचित सरकार का तख्ता पलटने व गृहयुद्ध शुरू हो जाने के बाद से म्यांमार में उथल-पुथल जारी है। शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को बलपूर्वक कुचल दिए जाने के बाद सैन्य शासन के कई विरोधियों ने हथियार उठा लिए। देश का बड़ा हिस्सा अब संघर्ष में उलझा हुआ है। 
विज्ञापन

चेक गणराज्य के राष्ट्रपति से चीन ने खत्म किए रिश्ते
चीन ने मंगलवार को चेक गणराज्य के राष्ट्रपति पेट्र पावेल के साथ सभी संबंध समाप्त करने की घोषणा की है। चीन ने यह फैसला राष्ट्रपति पावेल के दलाई लामा से मिलने के बाद लिया है। मुलाकात से बिलबिलाए चीनी विदेश मंत्रालय ने इस मुलाकात पर गहरा खेद और कड़ा विरोध जताते हुए चेक गणराज्य के सामने एक आधिकारिक विरोध भी दर्ज कराया है। चीन के मंत्रालय ने कहा कि पावेल ने चीन के बार-बार के विरोध और आपत्ति को नजरअंदाज करते हुए भारत में दलाई लामा से मुलाकात की। यह मुलाकात चीन की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाती है और यह राजनीतिक प्रतिबद्धता का उल्लंघन है। पेट्र पावेल ने 27 जुलाई को लद्दाख में दलाई लामा से मुलाकात की थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें