वैंकूवर पुलिस ने कनाडा के वैंकूवर शहर में फिलिपिनो हेरिटेज फेस्टिवल में कार से टक्कर मारकर 11 लोगों की हत्या करने के मामले में आतंकवाद की संभावना से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध व्यक्ति को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का इतिहास रहा है। वैंकूवर पुलिस के अंतरिम प्रमुख स्टीव राय ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर हमने उससे पर्याप्त संपर्क किया है।'
विज्ञापन
नेपाल के डोल्पा जिले में आया 4.0 तीव्रता का भूकंप
राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र ने बताया कि रविवार को नेपाल के उत्तर-पश्चिमी डोल्पा जिले में 4.0 तीव्रता का भूकंप आया। हालांकि इसमें, किसी नुकसान या हताहत होने की तत्काल कोई खबर नहीं है।
न्यू मैक्सिको में पूर्व जज अरेस्ट, सबूत से छेड़छाड़ का आरोप
अमेरिका के न्यू मैक्सिको में एक पूर्व न्यायाधीश को गिरफ्तार किया गया है। पूर्व न्यायाधीश को वेनेजुएला गिरोह के सदस्य को बचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि वेनेजुएला गिरोह का सदस्य जज के मकान में बतौर किराएदार रह रहा था और किराएदार पर अवैध रूप से हथियार रखने का भी आरोप है। पूर्व जज पर आरोप है कि उन्होंने अपने किराएदार को बचाने के लिए सबूतों से छेड़छाड़ की और उसके फोन को नष्ट किया, ताकि उससे जुड़े सबूत पुलिस के हाथ न लग सकें।
विज्ञापन
तीन दिन में 450 से अधिक भारतीय नागरिक स्वदेश लौटे
पिछले तीन दिनों में 450 से अधिक भारतीय वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान से स्वदेश लौट चुके हैं। पहलगाम आतंकी हमले के बाद वीजा रद्द होने के कारण उन्हें अपनी यात्राएं बीच में ही रोकनी पड़ीं। अफसरों ने बताया कि शनिवार को स्वदेश लौटने वालों में वे 23 भारतीय भी शामिल हैं, जो पाकिस्तान सुपर लीग 2025 की प्रसारण कंपनी का हिस्सा थे। शनिवार को सीमा पार करने वाले भारतीयों का वास्तविक आंकड़ा अभी नहीं पता चला है। शुक्रवार को 300 व बृहस्पतिवार को 100 भारतीय इसी मार्ग से लौटे थे। वहीं, 200 पाकिस्तानी भारत से स्वदेश लौट चुके हैं।
अमेरिका में दो पुलिसकर्मियों को गोली मारी, एक की मौत
अमेरिका के जॉर्जिया प्रांत के कोलंबिया काउंटी में दो पुलिस अधिकारियों को गोली मार दी गई, जिनमें से एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई और दूसरे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना शनिवार शाम की है, जब कोलंबिया काउंटी के दो डिप्टी पुलिस अधिकारी कार में सवार होकर जा रहे थे, जैसे ही वे ट्रैफिक स्टॉप पर रुके तो तभी एक संदिग्ध ने दोनों को गोली मार दी। संदिग्ध आरोपी की पहचान जेम्स ब्लेक मोंटगोमरी के रूप में हुई है। आरोपी की तलाश के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है।
ग्वांतानामो बे जेल में बंद अवैध अप्रवासियों को लग रहा डर
अप्रवासन और नागरिक अधिकार मामलों के वकीलों ने अवैध अप्रवासियों को ग्वांतानामो बे जेल में बंद करने पर चिंता जाहिर की है और कहा है कि जेल में अप्रवासी अलग-थलग पड़ गए हैं और न तो उन्हें कानूनी मदद मिल पा रही है और न ही वे अपने रिश्तेदारों या करीबी लोगों से बात कर पा रहे हैं। अप्रवासियों में डर का माहौल है। वकीलों ने वॉशिंगटन के संघीय जज से अपील की है कि वे इस मामले में दखल दें।
पाकिस्तानी सेना से मुठभेड़ में TTP के 41 आतंकी ढेर
पाकिस्तानी सेना ने तहरीक-ए-तालिबान (टीटीपी) के 41 आतंकियों को मार गिराया है। बताया जा रहा है कि आतंकवादी जब अफगानिस्तान से पाकिस्तान की सीमा में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे, तब सेना ये कार्रवाई की है। मामले में एक अधिकारी ने बताया कि आतंकवादी शुक्रवार रात अफगानिस्तान सीमा से लगे उत्तरी वजीरिस्तान के पास छिपे हुए थे, तभी सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई। उनमें से अधिकतर लोग अफगान नागरिक थे। अधिकारी ने आगे बताया कि मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने बचे आतंकवादियों की मौजूदगी का पता लगाने के लिए इलाके में तलाशी शुरू की।
IDF ने बेरूत पर किया हवाई हमला
इस्राइल की वायु सेना ने बेरूत उपनगर पर हवाई हमला किया, आईडीएफ कहा कि उसने हिजबुल्ला के ठिकाने को निशाना बनाया है।
अमेरिका ने फिलीपींस में पोतरोधी मिसाइलें तैनात कीं, अभ्यास किया
अमेरिकी सेना ने फिलीपीन के बातन द्वीप पर पहली बार एक पोतरोधी मिसाइल लांचर तैनात किया है। अमेरिकी नौसेना ने द्वीपसमूह के उत्तरी सिरे पर सटीक मार करने वाले हथियार को उतारा है, जो ताइवान की समुद्री सीमा से कुछ ही दूर स्थित है। अमेरिका व फिलीपीन की सेनाओं ने विवादित दक्षिण चीन सागर के सामने स्थित जांबलेस प्रांत में रविवार को लाइव-फायर अभ्यास के दौरान अलग-अलग मिसाइलों व तोपों का इस्तेमाल किया। अभ्यास के दौरान शत्रु विमान के रूप में काम कर रहे कई ड्रोनों को मार गिराया गया। इस बीच, जापान टाइम्स अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि चीन ने विवादित दक्षिण चीन सागर में एक निर्जन रीफ पर अपना झंडा लहरा दिया है। यह फिलीपीन के एक सैन्य अड्डे से कुछ ही दूरी पर स्थित एक रेत का टीला है।