इक्वाडोर के एक नाइट क्लब में रविवार को हुई गोलीबारी में आठ लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह गोलीबारी तटीय प्रांत गुआयास के सांता लूसिया के ग्रामीण इलाके में हुई। इसे देश के सबसे खतरनाक इलाकों में से एक माना जाता है। पुलिस के अनुसार सात की मौत क्लब में और आठवें की मौत अस्पताल में हुई। सभी मृतक 20 से 40 उम्र के बीच के थे। पुलिस के अनुसार हमलावर हथियारों से लैस होकर दो बाइक पर आए थे। यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोलीबारी की वजह क्या थी।
अल जजीरा के पत्रकार अनस अल-शरीफ की गाजा में मौत
अल जजीरा के पत्रकार अनस अल-शरीफ की गाजा शहर में मौत हो गई है। इस बात की पुष्टि खुद अल जजीरा और इस्राइली सेना ने की है। गाजा के शिफा अस्पताल के निदेशक के हवाले से अल जजीरा ने बताया कि अनस और उनके साथ के कुछ अन्य पत्रकार अपने तंबू में थे, तभी वे मारे गए। रविवार देर रात इस्राइली सेना ने दावा किया कि अनस ने पत्रकार होने का नाटक किया था। सेना ने आरोप लगाया कि वह हमास के साथ था। पत्रकारों की सुरक्षा समिति ने पिछले महीने कहा था कि वह अनस की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित है। समिति ने कहा कि वह इस्राइली सेना के बदनामी अभियान के निशाने पर था।
ब्रिटिश लड़ाकू विमान की दो माह में दूसरी बार आपात लैंडिंग
ब्रिटिश रॉयल वायुसेना के एक फाइटर जेट की रविवार को जापान के कागोशिमा हवाई अड्डे पर तकनीकी खराबी के कारण आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। घटना सुबह करीब 11:30 बजे हुई, जब पायलट ने लैंडिंग की अनुमति मांगी। ब्रिटिश एफ-35 जेट की यह दूसरी आपातकालीन लैंडिंग है। जून में एक अन्य एफ-35 हाइड्रोलिक सिस्टम खराबी के कारण केरल के तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर उतरा था और वहां एक महीने से अधिक समय तक खड़ा रहा था।
ट्रंप रूट नहीं बनने देगा ईरान
ईरान ने अजरबैजान और आर्मेनिया के बीच अमेरिका की मध्यस्थता वाले शांति समझौते के तहत काकेशस में नियोजित परिवहन गलियारे को रोकने का एलान किया है।
ईरान ने इस पहल को आर्मेनिया की क्षेत्रीय अखंडता को कमजोर करने के उद्देश्य से एक राजनीतिक विश्वासघात बताया है। अमेरिका की तरफ से विकसित किए जाने वाले इस गलियारे का नाम ट्रंप रूट फॉर इंटरनेशनल पीस एंड प्रॉस्पैरिटी होगा। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई के एक शीर्ष सलाहकार अली अकबर वेलयाती ने शनिवार को कहा कि तेहरान रूस के साथ या उसके बिना गलियारे को रोकेगा। ईरान का आर्मेनिया के साथ एक रणनीतिक गठबंधन है। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, वेलयाती ने क्षेत्र में अमेरिकी साजिश के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा, यह मार्ग ट्रंप के भाड़े के सैनिकों के लिए प्रवेश द्वार नहीं बनेगा। यह उनका कब्रिस्तान बन जाएगा। यह गलियारा अर्मेनियाई कानून के तहत संचालित होगा और ईरान की सीमा के करीब से गुजरेगा, जिससे तेहरान की चिंताएं बढ़ गई हैं।
अमेरिका ने रोकी अफगान विदेश मंत्री की पाकिस्तान यात्रा
तालिबान की चीन से बढ़ती नजदीकियों से चिंतित अमेरिका ने अफगानिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी की प्रस्तावित यात्रा पर रोक लगा दी। अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की प्रतिबंध समिति में मुत्ताकी को यात्रा प्रतिबंध से छूट देने से इन्कार कर दिया। डॉन के अनुसार, मुत्तकी काबुल व इस्लामाबाद के बीच संबंधों को बेहतर बनाने के हालिया प्रयासों के तहत चार अगस्त को पाकिस्तान आने वाले थे। यह मुलाकात पाकिस्तानी उपप्रधानमंत्री व विदेश मंत्री इशाक डार की काबुल यात्रा के बाद होने वाली थी। इस मेल-मिलाप की मध्यस्थता चीन ने की थी। माना जाता है कि अमेरिका का यह फैसला तालिबान सरकार की चीन के साथ बढ़ती नजदीकियों को लेकर चिंताओं से प्रभावित था।
वरिष्ठ चीनी राजनयिक लियू हिरासत में
सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के विदेश संबंध विभाग के प्रमुख वरिष्ठ चीनी राजनयिक लियू जियानचाओ को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने मामले से परिचित लोगों के हवाले से बताया कि 61 वर्षीय वरिष्ठ राजनयिक को जुलाई के अंत में विदेश यात्रा से बीजिंग लौटने के बाद पूछताछ के लिए ले जाया गया था। हालांकि, अभी तक उनकी हिरासत की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के अंतरराष्ट्रीय विभाग के मंत्री लियू को भावी विदेश मंत्री माना जा रहा था।
नेत्रहीन यात्रियों को छोड़कर विमान ने भरी उड़ान, अब एयरलाइंस ने मांगी माफी
एक एयरलाइंस के विमान अपने दो नेत्रहीन यात्रियों को लिए बिना ही रवाना हो गए। घटना के बाद जब एयरलाइंस की आलोचना हुई तो अब एयरलाइंस ने माफी मांगी है। घटना अमेरिका की है, जहां की साउथवेस्ट एयरलाइंस ने टिकटों की री-बुकिंग के दौरान हुई गलतफहमी के चलते अपने दो नेत्रहीन यात्रियों को एयरपोर्ट पर ही छोड़ दिया। विमान न्यू ओर्लींस से ओरलैंडो जा रहा था। बाद में दोनों यात्री अन्य विमान में सवार होकर ओरलैंडो पहुंचे। एयरलाइंस ने अपनी गलती के लिए दोनों से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी है।
जर्मनी ने ट्रंप-पुतिन शिखर वार्ता से पहले बुलाई ऑनलाइन बैठक
जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की, नाटो महासचिव और कई यूरोपीय नेताओं को इस सप्ताह के अंत में होने वाली ट्रंप-पुतिन शिखर वार्ता से पहले बुधवार को एक ऑनलाइन बैठक के लिए आमंत्रित किया है।
जर्मन चांसलर ने सोमवार को एक बयान में कहा कि यह बातचीत यूक्रेन की मौजूदा स्थिति पर केंद्रित होगी, खासकर अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच होने वाली बैठक के संदर्भ में। बयान में कहा गया है कि बातचीत का उद्देश्य रूस पर दबाव बनाने के लिए आगे की कार्रवाई के विकल्पों पर विचार करना और संभावित शांति वार्ता की तैयारियों के साथ-साथ क्षेत्रीय दावों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना है। अब तक यूरोपीय देशों और यूक्रेन को शुक्रवार को अलास्का में होने वाली शिखर वार्ता के लिए आमंत्रित नहीं किया गया है।
श्रीलंका के बंदरगाह शहर त्रिंकोमाली पर आईएनएस राणा का स्वागत
भारतीय नौसेना पोत (आईएनएस) राणा चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर 300 चालक दल के सदस्यों के साथ सोमवार को श्रीलंका के उत्तर-पूर्वी बंदरगाह शहर त्रिंकोमाली पहुंचा। श्रीलंकाई नौसेना ने आईएनएस राणा का स्वागत किया।
यह 147 मीटर लंबा विध्वंसक पोत है। श्रीलंकाई नौसेना ने कहा कि इसकी कमान कैप्टन केपी श्रीसन के हाथों में है। श्रीलंका में प्रवास के दौरान जहाज के चालक दल श्रीलंकाई नौसेना की ओर से आयोजित कई प्रशिक्षण कार्यक्रमों और खेल आयोजनों में भाग लेंगे। इसका उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के बीच सहयोग को मजबूत करना और सद्भावना को बढ़ाना है। इस यात्रा में देशभर के दर्शनीय स्थलों की यात्रा भी शामिल है। जहाज 14 अगस्त को त्रिंकोमाली से रवाना होगा।
अमेरिका: स्टील प्लांट में विस्फोट, दर्जनों घायल
अमेरिका के पिट्सबर्ग के पास स्थित एक यूएस स्टील प्लांट में सोमवार को विस्फोट हुआ। इस हादसे में दर्जनों लोग घायल हो गए हैं और कुछ लोग मलबे के नीचे दबे हुए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है और मौके पर आपातकालीन सेवाएं पहुंच चुकी हैं। एलेगेनी काउंटी की संचार निदेशक एबिगेल गार्डनर ने बताया कि क्लेयरटन कोक वर्क्स में अब तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है।
एलेगेनी काउंटी की आपातकालीन सेवा ने कहा कि प्लांट में आग सुबह 10:51 बजे लगी। अब तक पांच लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। हालांकि एजेंसी ने इन लोगों की हालत के बारे में कोई और जानकारी नहीं दी है।