अमेरिका ने अफगान विदेश मंत्री की पाकिस्तान यात्रा रोकी: रिपोर्ट
अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी की पाकिस्तान की प्रस्तावित यात्रा पर अमेरिका ने रोक लगा दी है। डॉन की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की यात्रा प्रतिबंध छूट को मंज़ूरी देने से इनकार कर दिया है। खबरों के मुताबिक मुत्ताक़ी काबुल और इस्लामाबाद के बीच संबंधों को सुधारने के मकसद से चार अगस्त को ही आने वाले थे, लेकिन अमेरिका ने इस पर रोक लगा दी। राजनयिक सूत्रों का हवाला देते हुए एक रिपोर्ट में कहा गया है कि अफगान विदेश मंत्री अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों का सामना कर रहे हैं, ऐसे में वे संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंध समिति से विशेष छूट के बिना विदेश यात्रा नहीं कर सकते। अमेरिका ने छूट देने से इनकार करने का फैसला आखिरी वक्त में लिया, जिससे मुत्ताकी को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी। डॉन की खबर के मुताबिक माना जा रहा है कि अमेरिका का यह फैसला तालिबान सरकार की चीन के साथ बढ़ती नजदीकियों से उपजी चिंताओं से प्रेरित है।
लॉस एंजेलिस में स्टोर से 7000 डॉलर की लाबुबू गुड़िया चोरी
अमेरिका में लॉस एंजेलिस के एक स्टोर से नकाबपोश चोरों के एक समूह ने लगभग 7,000 डॉलर की लाबुबू गुड़िया चोरी कर लीं। लॉस एंजेलिस काउंटी शेरिफ विभाग ने बताया कि यह घटना बुधवार सुबह लॉस एंजेलिस से लगभग 29 किलोमीटर पूर्व में स्थित ला पुएंते शहर के एक स्टोर में हुई। विभाग ने कहा कि संदिग्धों ने इस घटना में एक चोरी की हुई टोयोटा टैकोमा का इस्तेमाल किया था, जिसे कुछ ही देर बाद बरामद कर लिया गया। एजेंसी ने कहा कि वह मामले की जांच कर रही है और उसके पास अतिरिक्त जानकारी नहीं है। हांगकांग में जन्मे कलाकार कासिंग लुंग द्वारा बनाया गया यह खिलौना लाबुबू, इन दांतेदार राक्षसों के पहली बार सामने आने के एक दशक बाद एक लोकप्रिय संग्रहणीय वस्तु बन गया है।
कोलंबियाई सीनेटर की हालत रक्तस्राव के बाद फिर से गंभीर
बोगोटा में एक चुनावी रैली के दौरान जून में गोली लगने से घायल हुए कोलंबियाई सीनेटर मिगुएल उरीबे टर्बे की हालत फिर से बिगड़ गई है। वह अब भी अस्पताल में भर्ती हैं। उनके तंत्रिका तंत्र में रक्तस्राव हुआ है। उनका इलाज कर रहे फंडासिओन सांता फे क्लिनिक ने कहा कि उरीबे टर्बे को बचाने के लिए तुरंत ऑपरेशन करना पड़ा। उनकी हालत सुधारने के लिए उन्हें बेहोशी की हालत में रखा गया है। गौरतलब है कि उरीबे टर्बे को 7 जून को एक पार्क में चुनावी भाषण देते समय तीन बार गोली मारी गई थी। उनके सिर में दो बार गोली लगी। तब से, वह गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती हैं और उनकी हालत में थोड़ा सुधार हुआ है।
जयशंकर ने अर्मेनियाई विदेश मंत्री को दी बधाई, आर्मेनिया-अजरबैजान शांति संधि को उपलब्धि बताया
भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को वाशिंगटन में हुई आर्मेनिया-अजरबैजान शांति संधि को भारत द्वारा समर्थित संवाद और कूटनीति के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। जयशंकर ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने अपने अर्मेनियाई समकक्ष अरारत मिर्जोयान से बात की और उन्हें इस प्रगति के लिए बधाई दी। शुक्रवार को व्हाइट हाउस शांति शिखर सम्मेलन में, आर्मेनिया और अजरबैजान के नेताओं ने दशकों से चले आ रहे संघर्ष को समाप्त करने के उद्देश्य से एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।
जापान बोला- परमाणु हथियार खत्म करेंगे
जापान के नागासाकी में अमेरिका की तरफ से किए गए परमाणु बम हमले की 80वीं बरसी पर स्मृति कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जख्मों, भेदभाव और विकिरण से होने वाली बीमारियों की पीड़ा सहने के बावजूद हमले से बचे लोगों ने परमाणु हथियारों को खत्म करने के साझा लक्ष्य के लिए सार्वजनिक रूप से अपनी प्रतिबद्धता जताई। नागासाकी में हमले से बचे लोगों के पक्ष में खड़े एक संगठन की सदस्य 83 वर्षीय तेरुको योकोयामा ने कहा कि उन्हें उन लोगों की कमी महसूस होती है, जिनके साथ उन्होंने काम किया और यही भावना उन्हें बचे पीड़ितों के जीवन का दस्तावेजीकरण करने की मजबूत इच्छा देती है। हमले में बचे लोगों की संख्या अब सिर्फ 99,130 रह गई है जो कुल पीड़ितों के लगभग एक चौथाई हैं। इनकी औसत उम्र 86 साल से अधिक हो चुकी है। अमेरिका ने 9 अगस्त, 1945 को नागासाकी पर परमाणु बम गिराया था। इसमें करीब 70 हजार लोग मारे गए थे।
PAK के रक्षा मंत्री ख्वाजा फिर बोले- एक भी पाकिस्तानी विमान नहीं मार गिराया गया
पाकिस्तान के रक्षामंत्री ने ख्वाजा आसिफ ने शनिवार को फिर दोहराया कि पाकिस्तान का एक भी सैन्य विमान ऑपरेशन सिंदूर में नहीं मार गिराया गया। उन्होंने भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह के छह पाकिस्तानी विमान गिराने के दावों को खारिज कर दिया। आसिफ ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, तीन महीने तक ऐसा कोई दावा नहीं किया गया- जबकि पाकिस्तान ने तत्काल बाद अंतर्राष्ट्रीय मीडिया को विस्तृत तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तानी विमानों के नष्ट होने के बारे में भारतीय वायु सेना प्रमुख के देर से दिए गए दावे जितने अविश्वसनीय हैं उतने ही गलत समय पर दिए गए हैं। आसिफ ने दावा किया कि नियंत्रण रेखा पर भारतीय सशस्त्र बलों को भी बराबर नुकसान हुआ। उन्होंने आगे कहा, अगर सच्चाई पर संदेह है तो दोनों पक्षों को अपने विमानों के भंडार स्वतंत्र सत्यापन के लिए खोलने चाहिए। हमें संदेह है कि इससे वह सच्चाई सामने आ जाएगी जिसे भारत छिपाना चाहता है
चीन में भारी बारिश, आपातकालीन स्थिति स्तर IV का एलान
भारी बारिश के बाद चीन के कई प्रांतों में बाढ़ जैसी स्थिति है। हालात गंभीर होने का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि देश के बाढ़ नियंत्रण और सूखा राहत मुख्यालय ने कई प्रांतों में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए आपातकालीन प्रतिक्रिया स्तर IV का एलान किया है। बाढ़ की रोकथाम में स्थानीय अधिकारियों की सहायता के लिए अनहुई और हुबेई में राहत और बचाव दल भेजे गए हैं। देश के जल संसाधन मंत्रालय ने भी हेनान, हुबेई, चोंगकिंग, सिचुआन और शानक्सी में बाढ़-नियंत्रण आपातकालीन प्रतिक्रिया शुरू कर दी है। ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, देश में 9 से 11 अगस्त के बीच कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में सिचुआन, चोंगकिंग, दक्षिणी और मध्य अनहुई, दक्षिणी और मध्य हेनान, पूर्वी हुबेई, दक्षिणी गांसु और दक्षिणी शानक्सी शामिल हैं। अत्यधिक बारिश के कारण यांग्त्ज़ी और उसकी सहायक नदियों में जल स्तर बढ़ सकता है। मिंजियांग, तुओजियांग और जियालिंग नदियां भी उफान पर हैं। ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, सरकार ने राहत अभियान के लिए 54 होटलों का अधिग्रहण किया है। बाढ़ से विस्थापित लगभग 10,000 लोगों के रहने के लिए 14 केंद्रीकृत आश्रय स्थल तैयार किए गए हैं। इनमें स्कूल और ग्राम प्रशासनिक केंद्र भी शामिल हैं।
इराकी PM ने पुलिस के साथ हिंसक झड़प के बाद अर्धसैनिक कमांडरों को हटाया
इराक के प्रधानमंत्री ने पिछले महीने एक सरकारी प्रतिष्ठान में पुलिस के साथ हुई हिंसक झड़प के बाद अर्धसैनिक बल के वरिष्ठ कमांडरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मंजूरी दी है। झड़प में तीन लोगों की मौत हो गई थी। 27 जुलाई को बगदाद के कारख जिले में कृषि निदेशालय पर बंदूकधारियों ने हमला किया था। इस दौरान संघीय पुलिस के साथ उनकी झड़प हुई थी। यह छापेमारी निदेशालय के पूर्व प्रमुख को पद से हटाकर नए प्रमुख की नियुक्ति के बाद की गई। प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी के प्रवक्ता सबा अल-नुमान ने शनिवार को एक बयान में कहा कि सरकार द्वारा कराई गई जांच में पाया गया कि भ्रष्टाचार के मामलों में शामिल पूर्व निदेशक ने हमले के लिए कताइब हिजबुल्लाह मिलिशिया के सदस्यों को बुलाया था। अल-सुदानी, जो सशस्त्र बलों के कमांडर-इन-चीफ भी हैं, ने हमले की जांच के लिए एक समिति के गठन का आदेश दिया।
लेबनानी सेना के एक हथियार डिपो में हुए धमाके में छह लोगों की मौत हो गई है। लेबनानी सेना ने शनिवार को बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। घटना दक्षिणी लेबनान के वादी जिबकान इलाके की है। धमाके की वजह का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है और इसकी जांच की जा रही है। लेबनानी सेना, संयुक्त राष्ट्र शांति सेना के साथ मिलकर दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्ला के ठिकानों को खत्म करने में जुटी है। हालांकि हिजबुल्ला द्वारा इसका विरोध किया जा रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साउथ कैरोलिना सीट से 2026 में सीनेटर पद के लिए लिंडसे ग्राहम का समर्थन किया है। लिंडसे ग्राहम अगर 2026 में चुने जाते हैं तो यह उनका पांचवा कार्यकाल होगा। वह साल 2002 में पहली बार सीनेटर बने थे।