दुबई में दीपावली जश्न के दौरान एक 18 वर्षीय भारतीय छात्र की कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई है। गल्फ न्यूज ने बुधवार को बताया कि मिडलसेक्स विश्वविद्यालय दुबई में बीबीए मार्केटिंग का छात्र वैष्णव कृष्णकुमार मंगलवार को दुबई अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सिटी में जश्न के दौरान गिर गया था। अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार ने बताया कि वैष्णव को दिल की कोई ज्ञात समस्या नहीं थी। दुबई पुलिस का फॉरेंसिक विभाग मामले में आगे की जांच कर रहा है। मृतक छात्र के चाचा नीतीश ने खलीज टाइम्स को बताया कि परिवार अंतिम संस्कार के लिए शव को केरल ले जाना चाहता है। गौरतलब है कि, वैष्णव कृष्णकुमार को यूएई का गोल्डन वीजा मिला था। वैष्णव का परिवार 20 साल से अधिक समय से दुबई में रह रहा है। वैष्णव की मौत पर उनके विश्वविद्यालय और जीईएमएस आवर ओन इंडियन स्कूल ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
सूडान में लगातार तीसरे दिन हमला
सूडान की राजधानी खार्तूम पर गुरुवार को लगातार तीसरे दिन पैरामिलिट्री फोर्स रैपिड सपोर्ट फोर्सेस ने ड्रोन से हमला किया। यह हमला उस समय हुआ जब दो साल बाद पहली बार एक पैसेंजर फ्लाइट खार्तूम एयरपोर्ट पर उतरी थी। सेना ने बताया कि सभी ड्रोन को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया गया, जिससे कोई नुकसान नहीं हुआ। 2023 में सूडानी सेना और रैपिड फोर्सेस के बीच भड़की जंग अब तक 40 हजार से ज्यादा लोगों की जान ले चुकी है। संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियों ने सूडान में तत्काल युद्धविराम और मानवीय सहायता की अपील की है। डारफुर और कोरडोफन इलाकों में भूखमरी और हिंसा चरम पर है, जबकि एल-फाशेर शहर एक साल से घेराबंदी में फंसा है। यूनिसेफ ने कहा कि वहां की स्थिति मानव गरिमा के खिलाफ है।
10 दिन बाद बहाल हुई पाकिस्तान-अफगान ट्रांजिट ट्रेड
पाकिस्तान ने 10 दिन के निलंबन के बाद अफगान ट्रांजिट ट्रेड को फिर से शुरू कर दिया है। यह कदम दोनों देशों के बीच संघर्षविराम समझौते के बाद उठाया गया। पाकिस्तान के चमन बॉर्डर से चरणबद्ध तरीके से करीब 300 फंसे वाहनों को क्लियर किया जा रहा है। पहले चरण में 9, दूसरे में 74 और तीसरे में 217 वाहनों की जांच और स्कैनिंग होगी। यह व्यवस्था पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लागू की गई है। अधिकारियों के अनुसार, व्यापार के फिर से शुरू होने से कारोबारियों और ट्रांसपोर्टरों को बड़ी राहत मिलेगी। बॉर्डर बंद होने से दोनों देशों की आर्थिक गतिविधियां ठप हो गई थीं। चमन बॉर्डर पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सबसे अहम व्यापार मार्ग है। अब उम्मीद है कि व्यापारिक संबंधों में सुधार होगा और सीमा पार आर्थिक गतिविधियां पटरी पर लौटेंगी।
लंदन में रूस के लिए जासूसी के शक में तीन गिरफ्तार
ब्रिटिश काउंटरटेररिज्म पुलिस ने गुरुवार को लंदन में तीन पुरुषों को रूस के लिए जासूसी करने के शक में गिरफ्तार किया। 44, 45 और 48 वर्षीय इन आरोपियों को नेशनल सिक्योरिटी एक्ट के तहत हिरासत में लिया गया। पुलिस ने कई लंदन प्रॉपर्टीज पर तलाशी भी ली। अधिकारियों का कहना है कि रूस ब्रिटेन में जासूसी, साइबर हमले और अन्य खतरनाक गतिविधियों को बढ़ा रहा है। मर्फी ने कहा कि ये गिरफ्तारी विदेशी खुफिया गतिविधियों को रोकने के प्रयास का हिस्सा हैं। एम-15 प्रमुख केन ने बताया कि रूस लगातार विघटन और नुकसान फैलाने का प्रयास कर रहा है।
चीन का नया आर्थिक एजेंडा, विज्ञान-तकनीक में आत्मनिर्भरता पर जोर
चीन की कम्युनिस्ट पार्टी ने गुरुवार को घोषणा की कि देश अब विज्ञान और प्रौद्योगिकी में आत्मनिर्भरता को तेजी से बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करेगा। पार्टी की चार दिवसीय बैठक के बाद जारी बयान में कहा गया कि वैश्विक परिस्थितियों में “गहरी और जटिल चुनौतियां” और “अनिश्चितता” बढ़ रही है। इसी के चलते चीन ने अपने अगले पांच वर्षीय आर्थिक योजना में टेक्नोलॉजी और नवाचार को केंद्रीय स्थान दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला अमेरिका और पश्चिमी देशों की तकनीकी पाबंदियों के जवाब में लिया गया है। चीन कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सेमीकंडक्टर और स्पेस टेक्नोलॉजी में घरेलू उत्पादन बढ़ाने की दिशा में काम करेगा। पार्टी ने कहा कि आत्मनिर्भरता केवल आर्थिक मजबूती नहीं बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ी है।
यूके में पाकिस्तान मूल के किशोर को आजीवन कारावास
ब्रिटेन के शेफील्ड में एक 15 वर्षीय छात्र मोहम्मद उमर खान को अपने ही स्कूल में एक सहपाठी की हत्या करने के आरोप में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। न्यायाधीश नाओमी एलेनबोगेन की कोर्ट से पारित आदेश के मुताबिक 15 साल के किशोर खान को 16 साल जेल की सजा होगी। खान ने 3 फरवरी को ऑल सेंट्स कैथोलिक हाई स्कूल में 15 वर्षीय हार्वी विलगूस को शिकार के चाकू से घोंपकर मार डाला था। पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों के बीच एक सप्ताह पहले झगड़ा हुआ था। घटना के दिन खान ने स्कूल में चाकू लाकर हमला किया। पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार किया। अदालत ने अपने फैसले में कहा, खान को हथियारों में लंबे समय से रुचि थी और उसने यह सोचकर चाकू रखा था कि इससे वह खुद को सुरक्षित रख पाएगा या उसे 'स्टेटस' मिलेगा। बचाव पक्ष के वकीलों ने अपनी दलीलों में कहा, खान को स्कूल में वर्षों तक बुली किया गया और डर के माहौल ने उसे नियंत्रण खोने पर मजबूर कर दिया। हार्वी की बहन ने अदालत में कहा कि वह बेहद दयालु और हंसमुख था, और उसका खोना उनके परिवार के लिए असहनीय है। सभी दलीलों को सुनने के बाद जज ने कहा कि इस अपराध के कारण कई जिंदगियां तबाह हुई हैं। हार्वी, उसके परिवार, दोस्तों और खुद खान के परिवार का जीवन भी बर्बाद हुआ है। अब उसे कम से कम 16 साल जेल में रहना होगा।
जेल में बंद दो पत्रकारों को ईयू का शीर्ष मानवाधिकार पुरस्कार
यूरोपीय संसद की अध्यक्ष रोबर्टा मेट्सोला ने बुधवार को बेलारूस व जॉर्जिया की जेल में बंद दो पत्रकारों को यूरोपीय संघ का शीर्ष मानवाधिकार सम्मान सखारोव पुरस्कार दिए जाने का एलान किया। मेट्सोला ने फ्रांस के स्ट्रासबर्ग स्थित संसद में कहा, पोलिश अखबार के संवाददाता आंद्रेज पोकजोबुत व जॉर्जिया की वरिष्ठ पत्रकार अमाघ्लोबेली वर्तमान में केवल अपना काम करने और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के झूठे आरोपों में जेल में हैं।
जेडी वेंस ने इस्राइल की संसद में वेस्ट बैंक पर कब्जे की वोटिंग को बताया अपमान
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने बृहस्पतिवार को इस्राइल की संसद में वेस्ट बैंक पर कब्जे के लिए हुई वोटिंग की आलोचना की और इसे एक अपमान बताया। वेंस ने तेल अवीव अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर प्रस्थान करने से पहले कहा कि अगर यह वोटिंग एक राजनीतिक स्टंट था, तो यह एक बहुत बेवकूफी भरा राजनीतिक स्टंट है। वेंस ने कहा कि इस कदम को मैं व्यक्तिगत रूप से अपमान मानता हूं। उन्होंने कहा कि ट्रंप प्रशासन की नीति यह है कि वेस्ट बैंक पर इस्राइल का कब्जा नहीं होगा।
शेख सालेह बिन फौजान सऊदी अरब के नए ग्रैंड मुफ्ती नियुक्त
सऊदी अरब ने बुधवार देर रात 90 साल के शेख सालेह बिन फौजान अल-फौजान को देश का नया ग्रैंड मुफ्ती (शीर्ष धार्मिक विद्वान) नियुक्त किया है। सऊदी प्रेस एजेंसी ने रिपोर्ट दी कि यह फैसला किंग सलमान ने अपने बेटे क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की सिफारिश पर लिया है। शेख सालेह सुन्नी मुसलमानों के दुनिया के शीर्ष इस्लामिक मौलवियों में से एक हैं। वह रेडियो शो नूर अला अल-दर्ब के जरिये श्रद्धालुओं से बात करते हैं और कई किताबों के लेखक हैं। मानवाधिकारों की निगरानी करने वाली संस्था ह्यूमन राइट्स वॉच ने 2017 में उनकी एक टिप्पणी का जिक्र किया था, जिसमें उन्होंने शिया मुसलमानों को शैतान का भाई कहा था। उन्होंने 2003 में कहा था कि गुलामी, जिहाद का हिस्सा है, और जब तक इस्लाम है, जिहाद रहेगा। उन्होंने पोकेमॉन गो गेम पर भी प्रतिबंध लगाया था।
सिंगापुर में दिवाली के दौरान प्रतिबंधित आतिशबाज़ी, भारतीय मूल युवक गिरफ्तार
सिंगापुर में दिवाली के अवसर पर प्रतिबंधित आतिशबाज़ी करने वाले 39 वर्षीय भारतीय मूल के दिलीप कुमार निर्मल कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, उन्होंने कार्लिसल रोड के खुले मैदान में आतिशबाज़ी की, जो 2021 के गन्स, एक्सप्लोसिव्स एंड वेपन्स कंट्रोल एक्ट के तहत अवैध है। मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर उनका वीडियो वायरल हुआ। पुलिस ने बताया कि दिलीप वीडियो लिंक के माध्यम से गुरुवार को कोर्ट में पेश हुए और 20 नवंबर को अगली सुनवाई होगी। कानून के अनुसार, प्रतिबंधित विस्फोटक का उपयोग करने पर पांच साल तक जेल और 1 लाख सिंगापुर डॉलर तक जुर्माना हो सकता है। मामले की जांच जारी है और यह सख्ती से कानून लागू करने के प्रयास का हिस्सा है।
ब्रिटेन में मुस्लिम समुदाय की सुरक्षा के लिए मस्जिदों के फंड में 10 मिलियन पाउंड की बढ़ोतरी
लंदन में प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने ब्रिटेन की मस्जिदों और मुस्लिम धर्मिक केंद्रों के लिए सुरक्षा फंड में 10 मिलियन पाउंड की बढ़ोतरी की घोषणा की। यह सुरक्षा फंड सीसीटीवी, अलार्म सिस्टम, फेंसिंग और सुरक्षा कर्मियों के लिए इस्तेमाल होगा। सुरक्षा फंड बढ़ाने का मकसद हाल के वर्षों में मुस्लिम समुदाय पर बढ़ते हमलों और नफरत अपराधों से सुरक्षा सुनिश्चित करना है। गृह मंत्री शबाना महमूद ने कहा कि धार्मिक संस्थाओं पर हिंसा और डर फैलाना पूरे समाज पर हमला है।
ट्रंप के दौरे से पहले जापान बढ़ाएगा अपनी रक्षा तैयारियां
जापान के नए विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोटेगी ने घोषणा की कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टोक्यो दौरे के दौरान जापान अपनी सैन्य तैयारियों को और बढ़ाएगा। इसका मकसद क्षेत्र में बढ़ते तनाव और बदलती युद्ध परिस्थितियों के साथ तालमेल बनाना है। मोटेगी ने कहा कि जापान-अमेरिका गठबंधन को मजबूत करना जरूरी है। जापान 2027 तक अपने रक्षा बजट को जीडीपी के दो प्रतिशत तक बढ़ाने की योजना पर काम कर रहा है। यह वृद्धि ड्रोन और साइबर हमलों जैसी नई चुनौतियों के लिए आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि रक्षा की गुणवत्ता और क्षमता पर जोर देना अधिक महत्वपूर्ण है, न कि सिर्फ बजट का आकार।
पाकिस्तान में युवक को मां और तीन बहनों की हत्या पर मौत की सजा
पाकिस्तान के कबीरवाला में एक 21 वर्षीय युवक को अपनी मां और तीन बहनों की हत्या के जुर्म में मौत की सजा सुनाई गई है। अदालत के मुताबिक, मुहम्मद अब्बास ने पिछले साल जून में पारिवारिक इज्जत के नाम पर ये हत्याएं की थीं। उसने पहले खेत में काम कर रही तीन बहनों को गोली मारी और फिर घर लौटकर अपनी मां की हत्या कर दी। अदालत ने चारों हत्याओं के लिए उसे फांसी की सजा सुनाई। जांच में सामने आया कि अब्बास को अपनी मां और बहनों के चरित्र पर शक था। मानवाधिकार आयोग के अनुसार, पाकिस्तान में हर साल हजारों महिलाएं ऑनर किलिंग की शिकार होती हैं, लेकिन अधिकांश मामले सामाजिक दबाव के कारण दर्ज ही नहीं हो पाते।
यूक्रेन के परमाणु संयंत्र की बाहरी बिजली बहाल
यूक्रेन के जापोरिज्जिया परमाणु संयंत्र की बाहरी बिजली एक महीने बाद बहाल कर दी गई है। रूसी कब्जे वाले इस संयंत्र की 750 किलोवोल्ट ड्निप्रोव्स्का ट्रांसमिशन लाइन की मरम्मत पूरी हो गई है, जबकि 330 किलोवोल्ट की बैकअप लाइन पर काम जारी है। यह जानकारी यूक्रेन की ऊर्जा मंत्री स्वितलाना ग्रिनचुक ने दी। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने बताया कि मरम्मत कार्य एक स्थानीय युद्धविराम के तहत किया गया यह रूस और यूक्रेन के बीच दुर्लभ सहयोग का उदाहरण है। एजेंसी के प्रमुख राफेल ग्रोसी ने इसे परमाणु सुरक्षा के लिए अहम कदम बताया। ग्रोसी ने कहा कि 2022 में रूस के आक्रमण के बाद से यूक्रेनी इंजीनियरों ने 42 बार बिजली लाइनों की मरम्मत की है। इस दौरान संयंत्र को 10 बार डीजल जनरेटर पर निर्भर रहना पड़ा। जापोरिज्जिया संयंत्र भले ही फिलहाल बंद हो, लेकिन छह रिएक्टरों को ठंडा रखने के लिए स्थिर बिजली जरूरी है। ग्रोसी ने चेताया कि जब तक युद्ध जारी है, परमाणु सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना रहेगा।
आंध्र प्रदेश के आठ मछुआरे बांग्लादेश नौसेना की हिरासत में
आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के आठ मछुआरे बांग्लादेश नौसेना द्वारा हिरासत में लिए गए हैं। उनका नाव कथित तौर पर पड़ोसी देश के क्षेत्रीय जल में प्रवेश कर गया था। राज्य सरकार ने तुरंत विदेश मंत्रालय से संपर्क कर मछुआरों की सुरक्षित रिहाई के प्रयास शुरू किए।
मछुआरों की रिहाई के लिए ढाका में भारतीय उच्चायोग की विशेष कानूनी टीम मदद कर रही है। बांग्लादेश में उनके खिलाफ चार्जशीट भी दायर की गई है। केंद्रीय और राज्य मंत्री मामले की निगरानी कर रहे हैं। नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बातचीत कर तेज रिहाई के निर्देश मांगे।
आंध्र प्रदेश के एनआरआई सशक्तिकरण मंत्री कोंडापल्ली श्रीनिवास परिवारों से संपर्क बनाए रखने के लिए सैटेलाइट संचार की सुविधा पर विचार कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने विजाग में मछुआरों के परिवारों को पूरी स्थिति से अवगत कराया। राज्य और केंद्र सरकार सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए मछुआरों की जल्द से जल्द सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत हैं।
पॉल कपूर बने अमेरिकी विदेश विभाग के सहायक सचिव
अमेरिका में बुधवार को पॉल कपूर को अमेरिकी विदेश विभाग के दक्षिण और मध्य एशिया मामलों के सहायक सचिव के रूप में शपथ दिलाई गई। इस विभाग का काम अफगानिस्तान, भारत, पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश और अन्य 13 देशों में अमेरिकी विदेश नीति और द्विपक्षीय संबंधों को संचालित करना है।
पूर्व में कपूर ने नेवल पोस्टग्रेजुएट स्कूल में राष्ट्रीय सुरक्षा विभाग में प्रोफेसर और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के हूवर इंस्टीट्यूशन में विजिटिंग फेलो के रूप में काम किया। 2020-21 में वे राज्य विभाग की नीति नियोजन टीम के सदस्य रहे, जहां उन्होंने दक्षिण और मध्य एशिया के साथ-साथ इंडो-पैसिफिक रणनीति और अमेरिका-भारत संबंधों पर काम किया।
कपूर ने कई किताबें लिखी हैं, जिनमें ‘Jihad as Grand Strategy’ और ‘Dangerous Deterrent’ शामिल हैं। उनके शोध और लेख प्रमुख अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स में प्रकाशित हो चुके हैं। नए पद पर, वे अमेरिकी रक्षा विभाग के साथ सलाहकार और परियोजना प्रबंधन के कार्यों में भी योगदान देंगे।
घाना में मानव तस्करी और साइबर अपराध गिरोह का पर्दाफाश
घाना पुलिस ने राजधानी अकरा में कार्रवाई करते हुए 57 नाइजीरियाई युवाओं को बचाया, जिन्हें मानव तस्करी और ऑनलाइन ठगी के लिए मजबूर किया गया था। पांच संदिग्ध गिरफ्तार किए गए हैं, जो इस साइबर अपराध और तस्करी गिरोह का संचालन कर रहे थे।
पुलिस ने उपनगर में छापा मारकर 77 लैपटॉप, 38 मोबाइल फोन, दो वाहन और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए। आरोपियों ने युवाओं को घाना में नौकरी और अवसर का झांसा देकर उन्हें ठगी में शामिल कराया। सभी पीड़ितों को सुरक्षित रखा गया है, जबकि उनकी वापसी की प्रक्रिया चल रही है।
घाना में पश्चिम अफ्रीकी नागरिकों को ऑनलाइन ठगी और वेश्यावृत्ति में शामिल करने की घटनाएं आम हैं। इंटरपोल ने 14 अफ्रीकी देशों में 260 संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। इन स्कैम में 1,400 से अधिक लोग फंस गए और लगभग 2.8 मिलियन अमेरिकी डॉलर का नुकसान हुआ।