फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World: अमेरिका में गोलीबारी में दो की मौत, दो घायल; PIA ने पांच साल बाद ब्रिटेन के लिए शुरू की उड़ान

Sat, 25 Oct 2025 03:55 AM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
भारत की टाटा टेक्नोलॉजीज अमेरिका में अब स्थानीय नागरिकों की ज्यादा भर्ती करेगी। कंपनी के शीर्ष अधिकारी ने यह बात कही है यह कदम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रवासन पर व्यापक प्रतिबंधों के जवाब में उठाया जा रहा है। अमेरिका एच-1बी वीजा के लिए कंपनियों से भारी शुल्क वसूलने की योजना बना रहा है, जिसका उपयोग अमेजन डॉट कॉम और मेटा प्लेटफॉर्म्स जैसी तकनीकी कंपनियों द्वारा कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए किया जाता है। ट्रंप प्रशासन ने कहा है कि यह कदम अमेरिकियों को विदेशी मजदूरी की प्रतिस्पर्धा से बचाने का प्रयास है। टाटा के वैश्विक स्तर पर 12,000 से अधिक कर्मचारी: सरकारी आंकड़ों के अनुसार, भारत ने पिछले साल एच-1बी वीजा लाभार्थियों का लगभग तीन-चौथाई हिस्सा प्राप्त किया था। टाटा टेक्नोलॉजीज, जो कम से कम दो दर्जन देशों में ऑटोमोबाइल, एयरोस्पेस और भारी मशीनरी निर्माताओं को इंजीनियरिंग और तकनीकी सेवाएं प्रदान करती है, के वैश्विक स्तर पर 12,000 से अधिक कर्मचारी हैं।
विज्ञापन


नॉर्थ कैरोलिना : पार्टी के दैरान फायरिंग मेंदो की मौत, कई गंभीर रूप से घायल
अमेरिका के दक्षिण-पूर्वी राज्य नॉर्थ कैरोलिना में वीकेंड (सप्ताहांत) पर आयोजित एक बड़ी पार्टी के दौरान हुई फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
रोबसन काउंटी के शेरिफ बर्निस विल्किंस ने बताया कि यह घटना मैक्सटन शहर के ग्रामीण इलाके में हुई, जो रैले से करीब 150 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में और साउथ कैरोलिना की सीमा के पास स्थित है। शेरिफ कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि कुल 13 लोगों को गोली लगी है। विल्किंस ने बताया कि घटना के चश्मदीदों या जानकारी रखने वाले लोगों से जांच में सहयोग की अपील की है। मृतकों और घायलों की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
विज्ञापन


पीआईए ने पांच साल बाद ब्रिटेन के लिए फिर शुरू कीं उड़ानें
पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) ने शनिवार को ब्रिटेन के लिए अपनी उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू कर दीं। पांच साल पहले फर्जी पायलट लाइसेंस घोटाला सामने आया था, जिसके कारण इस सरकारी एयरलाइन पर प्रतिबंध लगाया गया था। पीआईए ने एक बयान में कहा, इस्लामाबाद से मैनचेस्टर जाने वाली पहली उड़ान, जो जुलाई 2020 के बाद से पहली बार शुरू हुई है, 284 यात्रियों को लेकर रवाना हुई। इस मौके पर रक्षा मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ मौजूद थे। 

31 अक्तूबर तक अब्रेगो गार्सिया को लाइबेरिया निर्वासित करेगा US
अमेरिकी सरकार ने किल्मार अब्रेगो गार्सिया को पश्चिमी अफ्रीकी देश- लाइबेरिया निर्वासित करने की योजना बनाई है। निर्वासन 31 अक्तूबर से पहले भी हो सकता है। बता दें कि अल सल्वाडोर के इस नागरिक को पहले गलती से उसी देश में निर्वासित कर दिया गया था। इस घटना के बाद ट्रंप प्रशासन की आव्रजन नीतियों के विरोध में लहर उठी थी। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उसे जून में वापस लाया गया। अब उसे अल सल्वाडोर नहीं भेजा जा सकता, इसलिए ट्रंप प्रशासन का ICE (इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट) विभाग उसे कई अफ्रीकी देशों में भेजने का प्रयास कर रहा है। पहले गार्सिया को युगांडा, इस्वातिनी और घाना भेजने का प्रयास किया गया, लेकिन इन देशों ने इनकार कर दिया। अब गृह सुरक्षा विभाग का कहना है कि लाइबेरिया एक लोकतांत्रिक और मानवाधिकार का सम्मान करने वाला देश है। इसलिए गार्सिया को वहां भेजा जा सकता है। हालांकि, गार्सिया के वकील साइमन सैंडोवाल-मोशेनबर्ग ने इसे 'क्रूर और असांविधानिक' बताया है। उन्होंने कहा कि मध्य अमेरिकी देश कोस्टा रिका भी गार्सिया को शरणार्थी के रूप में स्वीकार करने को तैयार है। गार्सिया के परिवार में अमेरिकी पत्नी और बच्चा हैं। वह वर्षों से मैरीलैंड में रह रहा था। इसलिए इस पर विचार होना चाहिए। 

कोलंबिया के राष्ट्रपति-परिवार पर US की सख्ती
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने शुक्रवार को कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेत्रो, उनकी पत्नी वेरोनिका अलकोसेर गार्सिया, बेटे निकोलस पेत्रो और गृह मंत्री आर्मांडो बेनेडेट्टी पर प्रतिबंध लगाए हैं।इन लोगों पर वैश्विक मादक पदार्थ व्यापार में संलिप्तता के आरोप लगे हैं। अमेरिका की इस कार्रवाई के बाद कोलंबिया से तनाव गहरा गया है। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने कहा कि पेत्रो ने 'ड्रग कार्टेल्स को पनपने से रोकने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की। बता दें कि ट्रंप इस मामले में चेतावनी दे चुके हैं कि अमेरिका अपनी सुरक्षा के लिए 'कड़े कदम' उठाएगा। हाल ही में अमेरिका ने दक्षिण अमेरिका के तटों पर कथित तौर पर मादक पदार्थ सप्लाई करने वाली कई नौकाओं पर हमले किए हैं। अमेरिका ने सख्ती बढ़ाते हुए अब एक विमानवाहक पोत भी तैनात करने का एलान किया है। 

थाईलैंड की क्वीन का निधन
थाईलैंड की क्वीन मदर सिरीकित का 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे ग्रामीण गरीबों की मदद, पारंपरिक शिल्प संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा में सक्रिय थीं। शुक्रवार को जारी बयान के मुताबिक बीते 17 अक्तूबर को रक्त संक्रमण की खबर सामने आई थी। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई। उनके पति राजा भूमिबोल अदुल्यादेज का 2016 में निधन हो चुका था। उनके बेटे, राजा महा वजिरालोंगकोर्न सहित परिवार के सदस्य उन्हें अस्पताल में देखने गए थे। सिरीकित को जनता में काफी आदर मिला और उनका जन्मदिन मातृ दिवस के रूप में मनाया जाता था। वे देश के राजनीतिक उथल-पुथल में भी असरदार रही थीं और कई सामाजिक व पर्यावरणीय कार्यों में सक्रिय रहीं।

ट्रंप प्रशासन के एच-1बी वीजा शुल्क के खिलाफ मुकदमा
अमेरिका की सरकार ने कहा है कि वह नए एच-1बी वीजा आवेदनों पर लगाए गए एक लाख डॉलर के शुल्क को रोकने के उद्देश्य से दाखिल मुकदमों का मुकाबला करेगी। उसने कहा कि बहुत लंबे समय से प्रणाली धोखाधड़ी से भरी हुई है। अमेरिकी कर्मियों को प्राथमिकता देने के लिए इसमें आमूलचूल परिवर्तन किया जाना चाहिए। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं से कहा, प्रशासन इन मुकदमों का अदालत में मुकाबला करेगा। 

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में 18 निर्माण श्रमिकों का अपहरण
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के खुजदार जिले में एक निर्माण कंपनी की साइट से अज्ञात बंदूकधारियों ने 18 श्रमिकों का अपहरण कर लिया। हथियारबंद लोगों ने मजदूरों को बंदूक की नोक पर ले जाने से पहले कई वाहनों को आग के हवाले भी किया। यह पांच दिनों में दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले दश्त मस्तुंग जिले में एक सुरक्षा चौकी के निर्माण के दौरान सात श्रमिकों का अपहरण कर लिया गया था, जिनका पता अभी तक नहीं चला है। बलूचिस्तान में अलगाववादी समूह अक्सर दूसरे प्रांतों के श्रमिकों को निशाना बनाते हैं। पुलिस ने अपहरण के मकसद की जांच शुरू की है। खैबर पख्तूनख्वा व बलूचिस्तान उग्रवाद से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।

चिल्ड्रन बुकर पुरस्कार का आगाज, विजेता को मिलेंगे 59 लाख रुपये
बुकर प्राइज फाउंडेशन ने शुक्रवार को काल्पनिक कहानियों के लिए एक नया चिल्ड्रन बुकर पुरस्कार शुरू करने का एलान किया। इसके विजेता का चयन बाल व वयस्क निर्णायकों की तरफ से संयुक्त रूप से किया जाएगा। बुकर प्राइज फाउंडेशन ने कहा कि नए पुरस्कार के पहले संस्करण के नामांकन की शुरुआत 2026 में होगी और 2027 से यह प्रतिवर्ष प्रदान किया जाएगा। इसके तहत विजेता को 50 हजार पाउंड यानी करीब 59 लाख रुपये दिए जाएंगे। यह पुरस्कार 8-12 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए सर्वश्रेष्ठ समकालीन कथा साहित्य के क्षेत्र में ऐसी रचना को दिया जाएगा, जो अंग्रेजी में लिखी गई या अनुदित हो तथा ब्रिटेन या आयरलैंड में प्रकाशित हुई हो। 

एपेक शिखर सम्मेलन में होगी जिनपिंग व ट्रंप की मुलाकात
चीनी राष्ट्रपति शी चिनपिंग एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए दक्षिण कोरिया जाएंगे। सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनकी दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापारिक तनाव को कम करने के लिए महत्वपूर्ण वार्ता होने की उम्मीद है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने बताया कि दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ली जे-म्यांग के निमंत्रण पर चिनफिंग ग्योंगजू में एपेक आर्थिक नेताओं की 32वीं बैठक में भाग लेंगे। वह 30 अक्तूबर से एक नवंबर तक राजकीय यात्रा पर रहेंगे। इससे पहले व्हाइट हाउस ने घोषणा की थी कि ट्रंप 30 अक्तूबर को दक्षिण कोरिया में शी से मुलाकात करेंगे। यह बैठक अमेरिकी राष्ट्रपति की मलेशिया, जापान व दक्षिण कोरिया की तीन एशियाई देशों की यात्रा के अंत में होगी।

भारतीय-अमेरिकी सरकारीकर्मी दूसरी नौकरी के आरोप में गिरफ्तार
अमेरिकी अधिकारियों ने एक भारतीय-अमेरिकी सरकारी कर्मचारी को दूसरी फुल टाइम नौकरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह राज्य कर्मचारी के रूप में वेतन लेते समय दूसरा फुल-टाइम काम कर रहा था। न्यूयॉर्क के लेथम निवासी मेहुल गोस्वामी (39) को पिछले सप्ताह गिरफ्तार किया गया। शेरिफ ऑफिस के जरिये जारी विज्ञप्ति के अनुसार, गोस्वामी पर न्यूयॉर्क राज्य सूचना प्रौद्योगिकी सेवा कार्यालय के लिए रिमोट रूप से काम करते समय माल्टा में दूसरा काम करने का आरोप है।
विज्ञापन

अलास्का एयरलाइंस की 229 उड़ानें तकनीकी खराबी से रद्द
अलास्का एयरलाइंस ने बताया है कि तकनीकी खराबी के कारण कई घंटों तक ग्राउंड होने के बाद बृहस्पतिवार को उड़ानों का परिचालन फिर से शुरू हो गया है। एयरलाइन ने बताया कि इस खराबी के कारण 229 फ्लाइटें रद्द कर दी गईं। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए और अधिक विलंब होने हो सकता है। इस तकनीकी खराबी से बुधवार को घंटों तक अलास्का एयर और होराइजन एयर की उड़ानें प्रभावित रहीं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें